anurag sharma congress candidate from himachal pradesh हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा जाएंगे अनुराग शर्मा, कांग्रेस ने बनाया उम्मीदवार, Himachal-pradesh Hindi News - Hindustan
More

हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा जाएंगे अनुराग शर्मा, कांग्रेस ने बनाया उम्मीदवार

कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश से अनुराग शर्मा को राज्यसभा भेजने का ऐलान किया है। इसके साथ ही कांग्रेस ने 5 और नामों का ऐलान किया है।

Thu, 5 March 2026 09:42 AMMohammad Azam लाइव हिन्दुस्तान, शिमला
share
हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा जाएंगे अनुराग शर्मा, कांग्रेस ने बनाया उम्मीदवार

हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार के नाम से पर्दा उठा दिया है। पार्टी ने कांगड़ा जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनुराग शर्मा को राज्यसभा के लिए उम्मीदवार घोषित किया है। इस फैसले ने राजनीतिक हलकों में सभी को चौंका दिया है, क्योंकि अनुराग शर्मा का नाम दूर-दूर तक चर्चा में नहीं था और संभावित उम्मीदवारों की सूची में उन्हें प्रमुख दावेदार नहीं माना जा रहा था। वह कांगड़ा जिला के बैजनाथ के रहने वाले हैं।

अनुराग शर्मा आज शिमला के विधानसभा परिसर में अपना नामांकन दाखिल करेंगे। संयोग से आज उनका जन्मदिन भी है, ऐसे में इसे उनके लिए खास दिन माना जा रहा है। कांग्रेस के इस फैसले को स्थानीय चेहरे पर दांव लगाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।

सुक्खू ने दिया था संकेत

इससे पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने संकेत दिए थे कि इस बार कांग्रेस बाहरी राज्य से उम्मीदवार नहीं उतारेगी और हिमाचल से ही चेहरा सामने लाया जाएगा। उन्होंने होली कार्यक्रम के दौरान कहा था कि पार्टी पूरी सतर्कता के साथ कदम बढ़ा रही है और किसी को भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का मौका नहीं दिया जाएगा। उनके इस बयान को पिछले राज्यसभा चुनाव के अनुभवों से जोड़कर देखा जा रहा था।

2024 में कांग्रेस विधायकों ने कर दिया था खेल

दरअसल, 2024 के राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस ने अभिषेक मनु सिंघवी को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन क्रॉस वोटिंग के कारण भाजपा के हर्ष महाजन जीत गए थे। उसी घटनाक्रम के बाद से कांग्रेस पर स्थानीय चेहरे को आगे करने का दबाव माना जा रहा था। अनुराग शर्मा के चयन को इसी रणनीति का हिस्सा समझा जा रहा है।

चर्चा में थे ये नाम

राजनीतिक गलियारों में पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित कई वरिष्ठ नेताओं के नाम चर्चा में थे, लेकिन पार्टी ने अंततः अपेक्षाकृत कम चर्चित संगठनात्मक चेहरे पर भरोसा जताया है। इससे कांग्रेस संगठन को मजबूत संदेश देने की कोशिश भी मानी जा रही है। उधर, नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने बयान दिया था कि भाजपा इस बार “शरारत करने के मूड में नहीं” है। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि सत्तारूढ़ दल को पहले अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और देखना होगा कि वह किसे मैदान में उतारती है।

निर्वाचन कार्यक्रम के मुताबिक हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान 16 मार्च को होगा और उसी दिन नतीजे भी घोषित किए जाएंगे। ऐसे में अब सभी की नजरें नामांकन प्रक्रिया और आगे के राजनीतिक समीकरणों पर टिक गई हैं।

रिपोर्ट : यूके शर्मा

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हिमाचल प्रदेश के मौसम पर बड़ा अपडेट, 3 जिलों में होगी बर्फबारी, माइनस में पारा
ये भी पढ़ें:हिमाचल के लोगों को सुप्रीम कोर्ट से राहत, इन पेड़ों की कटाई पर अब नहीं कोई रोक
ये भी पढ़ें:सूरजकुंड झूला हादसा मामला, राइड ऑपरेटर के खिलाफ FIR;हिमाचल का रहने वाला है आरोपी

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।