Rajya Sabha Election Haryana Counting held Mallikarjun Kharge written letter to Election Commission RS चुनाव में हरियाणा में फिर हंगामा, रोकी गई गिनती; भड़के खरगे ने चुनाव आयोग को लिखी चिट्ठी, Haryana Hindi News - Hindustan
More

RS चुनाव में हरियाणा में फिर हंगामा, रोकी गई गिनती; भड़के खरगे ने चुनाव आयोग को लिखी चिट्ठी

राज्यसभा की दो सीटों के लिए 88 विधायकों ने मतदान किया है। इनेलो के दो विधायकों ने मतदान नहीं किया। कांग्रेस ने भी एक भाजपा विधायक अनिल विज की वोट सीक्रेसी लीक होने के आरोप लगाते हुए आपत्ति जताई और चुनाव अधिकारियों को शिकायत दी है।

Mon, 16 March 2026 09:41 PMPramod Praveen लाइव हिन्दुस्तान, चंडीगढ़
share
RS चुनाव में हरियाणा में फिर हंगामा, रोकी गई गिनती; भड़के खरगे ने चुनाव आयोग को लिखी चिट्ठी

हरियाणा में राज्यसभा की दो सीटों के लिए हुआ चुनाव फिर हंगामे की भेंट चढ़ता दिख रहा है। भाजपा और कांग्रेस की आपत्तियों के बाद गिनती रोक दी गई है। इस बीच, कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इस चुनाव में हस्तक्षेप और गोपनीयता उल्लंघन का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग को चिट्ठी लिखी है। वैसे तो दो सीटों के लिए शाम पांच बजे मतदान खत्म हो गया था लेकिन भाजपा ने कांग्रेस के दो वोटों पर आपत्ति जताई है। दूसरी तरफ, कांग्रेस ने भी मंत्री अनिल विज की ओर से डाले गए वोट पर आपत्ति जताई। इसके बाद हंगामा शुरू हो गया और गिनती रोक दी गई।

कांग्रेस विधायक परमवीर सिंह, कांग्रेस के भरत बेनीवाल और भाजपा के मंत्री अनिल विज के वोट पर ऑब्जेक्शन लगी। दोनों पक्षों की आपत्तियों के कारण वोटों की गिनती की प्रक्रिया एक घंटे से भी ज्यादा समय से रुकी हुई है। उन्होंने आयोग से इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने की मांग की है। खरगे ने अपने पत्र में कहा कि कांग्रेस उम्मीदवार करमवीर सिंह बौद्ध की ओर से चुनाव आयोग, रिटर्निंग अधिकारी और मुख्य निर्वाचन अधिकारी को एक शिकायत भेजी गई है। इसमें चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता को प्रभावित करने की कोशिश का आरोप लगाया गया है। चुनाव की शुचिता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। पार्टी के वैध मतदाताओं या डाले गए वोटों को अयोग्य ठहराने की किसी भी कोशिश को रोकना जरूरी है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:LIVE: राज्यसभा चुनाव में बिहार में NDA का लहराया परचम, सभी पांचों उम्मीदवार जीते
ये भी पढ़ें:वो 4 माननीय, जिनको नहीं मना पाए तेजस्वी; RJD के अरबपति MP एडी सिंह की पारी खत्म!

चुनाव आयोग से समय की मांग

खरगे ने चुनाव आयोग से आग्रह किया है कि मामले की गंभीरता और समय की संवेदनशीलता को देखते हुए जल्द बैठक का समय दिया जाए। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नेता डॉ. अभिषेक मनु सिंघवी के नेतृत्व में पार्टी का प्रतिनिधिमंडल चुनाव परिणाम घोषित होने से पहले चुनाव आयोग से मुलाकात करना चाहता है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हरियाणा में कौन जीतेगा राज्यसभा का रण! 2 विधायकों ने दिया गच्चा; 88 वोट ही पड़े

2 सीटों के लिए 88 विधायकों ने किया मतदान

राज्यसभा की दो सीटों के लिए 88 विधायकों ने मतदान किया है। इनेलो के दो विधायकों ने मतदान नहीं किया। कांग्रेस ने भी एक भाजपा विधायक अनिल विज की वोट सीक्रेसी लीक होने के आरोप लगाते हुए आपत्ति जताई और चुनाव अधिकारियों को शिकायत दी है। इसके अलावा चुनाव के दौरान एक और मत पर आपत्ति हुई है। कांग्रेस के परमवीर के वोट पर भाजपा प्रत्याशी संजय भाटिया के अधिकृत रिप्रेजेंटेटिव गौरव गौतम ने सीक्रेसी लीक होने की आपत्ति जताई। भिवानी के बीजेपी विधायक घनश्याम सराफ का वोट भाजपा नेता वीरेंद्र गर्ग ने डाला क्योंकि घनश्याम सराफ बीमार हैं। राज्यसभा चुनाव में नियम है कि किसी उम्मीदवार की सहमति से उनका नामित सहयोगी वोट डाल सकता है। सीएम नायब सिंह सैनी ने अपना वोट डाला। मंत्री अनिल विज पैरों में फ्रैक्चर के कारण व्हीलचेयर पर वोट डालने पहुंचे थे। कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट सांसद दीपेन्द्र सिंह हुड्डा और सतपाल ब्रह्मचारी के साथ विधानसभा पहुंची थीं।

इनेलो विधायकों ने नहीं किया मतदान

कुल तीन उम्मीदवार भाजपा से संजय भाटिया, कांग्रेस से कर्मवीर बौद्ध और भाजपा समर्थित निर्दलीय सतीश नांदल मैदान में हैं। भाटिया की जीत तय मानी जा रही है। मुख्य मुकाबला बौद्ध और नांदल में है। कांग्रेस के एकमुश्त 37 वोट बौद्ध को मिले तो उनका जीतना भी पक्का है। हालांकि क्रॉस वोटिंग होने पर उनकी राह मुश्किल हो सकती है।

रिपोर्ट: मोनी देवी

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।