हरियाणा में कौन जीतेगा राज्यसभा का रण! 2 विधायकों ने दिया गच्चा; 88 वोट ही पड़े
निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल के उतरने से मुकाबला रोचक हो गया है। इसलिए कयास लग रहे थे कि क्या क्रॉस वोटिंग होने के चलते कांग्रेस के कर्मवीर सिंह बौद्ध हार सकते हैं। अब तक मिली जानकारी के अनुसार 5 बजे मतदान समाप्त हो गया है। जानकारी के मुताबिक चुनाव में 88 वोट ही पड़े हैं।

हरियाणा में राज्यसभा चुनाव के लिए वोटिंग पूरी हो गई है। अब मतों की गिनती शुरू हो गई है और कभी भी नतीजों का ऐलान हो सकता है। सूत्रों का कहना है कि इस चुनाव में कांग्रेस एक सीट जीत सकती है, जबकि भाजपा एक सीट जीतना तय माना जा रहा है। निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल के उतरने से मुकाबला रोचक हो गया है। इसलिए कयास लग रहे थे कि क्या क्रॉस वोटिंग होने के चलते कांग्रेस के कर्मवीर सिंह बौद्ध हार सकते हैं। अब तक मिली जानकारी के अनुसार 5 बजे मतदान समाप्त हो गया है। जानकारी के मुताबिक चुनाव में 88 वोट ही पड़े हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि इनेलो के दो विधायकों ने मतदान से ही दूरी बना ली।
वहीं कांग्रेस ने अपने 37 विधायकों को हिमाचल में रखा हुआ था। वोटिंग से ठीक पहले इन विधायकों को चंडीगढ़ लाया गया और उन्होंने मतदान किया। कांग्रेस ने क्रॉस वोटिंग के डर से इन लोगों को हिमाचल प्रदेश के किसी होटल में शिफ्ट किया था। माना जा रहा है कि कांग्रेस ने अपने सभी विधायकों को साध लिया और इसके चलते क्रॉस वोटिंग नहीं हो सकी। हालांकि पूरी तस्वीर नतीजा आने के बाद ही सामने आएगी। वोटिंग के दौरान दो कांग्रेस विधायकों को लेकर विवाद भी हुआ। भाजपा के मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने शिकायत की कि दो कांग्रेस विधायकों ने वोट की गोपनीयता का उल्लंघन किया है।
इनेलो के दो विधायकों ने क्यों बनाई वोटिंग से दूरी
इनेलो के दो विधायकों ने तो मतदान से ही दूरी बना ली। पार्टी नेताओं अभय सिंह चौटाला और आदित्य देवी लाल ने कहा कि हमने जनता की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए यह फैसला किया है। आदित्य ने कहा कि जनता तो कांग्रेस और भाजपा दोनों के शासन से परेशान है। बता दें कि भाजपा के राज्य में 48 विधायक हैं। कांग्रेस के 37 हैं और इनेलो के दो हैं। वहीं राज्य में निर्दलीय विधायकों की संख्या तीन है। इस चुनाव में एक कैंडिडेट को जीत के लिए 31 विधायकों के समर्थन की जरूरत है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि किसे कितने वोट मिले हैं और चुनाव में क्रॉस वोटिंग हुई है या नहीं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन