अपने ही गद्दार, हुड्डा बोले-राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वालों के नाम हाईकमान को बताए
कांग्रेस ने फिलहाल क्रॉस वोटिंग करने वाले नामों का खुलासा नहीं किया है, लेकिन यह जरूर कहा है कि उन्हें पता है कि किन विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है। उनके खिलाफ जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।

हरियाणा के राज्यसभा चुनाव में बेशक करमवीर बौद्ध के रूप में कांग्रेस अपना वजूद बचाने में कामयाब रही लेकिन चुनाव से पहले एकजुटता का दावा करने वाली कांग्रेस के पांच विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की और चार वोट अमान्य पाए गए। कांग्रेस ने फिलहाल क्रॉस वोटिंग करने वाले नामों का खुलासा नहीं किया है, लेकिन यह जरूर कहा है कि उन्हें पता है कि किन विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है। उनके खिलाफ जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। हुड्डा का कहना है कि हाई कमान को उनके नाम बता दिए गए हैं। 2-3 दिन में सभी नाम सार्वजनिक हो जाएंगे।
हुड्डा ने कहाकि शिष्टाचार के चलते मैं नाम नहीं लेना चाहता लेकिन जब एक्शन होगा तब सबको पता लग जाएगा। इस बीच हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रामकिशन गुर्जर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। रामकिशन विधायक शैली चौधरी के पति हैं। शैली चौधरी के क्रॉस वोटिंग करने की चर्चा है। रामकिशन गुर्जर ने कहाकि शैली चौधरी ने क्रॉस वोट नहीं किया बल्कि उनको बदनाम करने की नीयत से उनका नाम उछाला जा रहा है। इसलिए विरोधस्वरूप मैं पार्टी पद से इस्तीफा देता हूं।
कुलदीप वत्स ने नहीं की क्रॉस वोटिंग, सोशल मीडिया पर अफवाह
भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि संख्या के अनुसार राज्यसभा चुनाव में दो सीटों के लिए 1-1 सीट बीजेपी और कांग्रेस को मिलनी तय थी। लेकिन बीजेपी ने अपने एक पदाधिकारी को निर्दलीय मैदान में उतार दिया। हमने जब सदन में मुद्दा उठाया तो बीजेपी ने हंगामा कर दिया। कुलदीप वत्स का नाम सोशल मीडिया पर चल रहा है कि उन्होंने क्रॉस वोट किया लेकिन मैंने खुद कुलदीप वत्स का वोट देखा था। कुलदीप वत्स ने कांग्रेस उम्मीदवार को वोट दिया था। वहीं, बादली से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स ने कहाकि मेरा दिल, दिमाग और आत्मा दुखी है। कांग्रेस में भ्रष्ट लोगों की कदर है। कांग्रेस में रहने पर वत्स ने कहा कि वक्त बताएगा।
विधानसभा में राज्यसभा चुनाव पर हंगामा
हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के 12वें दिन भी राज्यसभा चुनाव पर खूब हंगामा हुआ। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहाकि सरकार के मंत्री डांस करने लग जाते हैं, यह क्या तरीका है? इस पर कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहाकि आप रिकॉर्डिंग निकलवा लो, अगर मैंने डांस किया हो तो मैं हाउस में सॉरी बुलवाऊंगा, फिर छोड़ूंगा नहीं। स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने आठ कांग्रेस विधायकों को नेम दिया, जिसके बाद कांग्रेस विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया।
(रिपोर्ट: मोनी देवी)
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन