बुजुर्ग को 6 दिन रखा 'डिजिटल अरेस्ट', गिरफ्तारी की धमकी देकर ठगे 35 लाख
पुलिस के मुताबिक दबाव बनाए रखने के लिए बुजुर्ग को ठग अलग-अलग विभाग के अधिकारी बन वीडियो कॉल किया करते थे। इस दौरान उन्हें ठगों ने ये कहकर डराया कि उन्हें वेरिफिकेशन के लिए 90 दिन हिरासत में रखा जाएगा।

गुजरात के अहमदाबाद में टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI), महाराष्ट साइबर क्राइम और सीनियर पुलिस के अधिकारी बन साइबर ठगों ने एक 67 वर्षीय बुजुर्ग को 6 दिन तक 'डिजिटल अरेस्ट' पर रख 35.25 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगी के शिकार हुए बुजुर्ग कुवैत से भारत लौटे हैं और गांधीनगर के सरगासन में रहते हैं। गांधीनगर थाना क्षेत्र की साइबर पुलिस को इस मामले में बुधवार को शिकायत मिली थी।
एफआईआर के मुताबिक बुजुर्ग के पास सबसे पहले 11 अक्टूबर 2025 को कॉल आई थी जिसमें ठग ने उन्हें बताया था कि वे TRAI कर्मचारी है। ठग ने शिकायतकर्ता को ये कहकर डराया कि उनके खिलाफ कई मामलों में गंभीर आरोप पाए गए हैं। ठग ने शिकायतकर्ता से कहा कि वे आधार का गलत इस्तेमाल, अवैध जियो वाई-फाई का इस्तेमाल, चाइल्ड पोर्नोग्राफी, हिंसा से जुड़े मैसेज और अवैध जुआ जैसे अपराध में शामिल पाए गए हैं।
एसआई अधिकारी बन किए कॉल
ठग यही नहीं रुके बल्कि नकली एसआई अधिकारी बन शिकायकर्ता को व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल्स भी किए। इस दौरान ठग ने पुलिस की वर्दी भी पहनी हुई थी। वीडियो कॉल के दौरान बुजुर्ग से आधार कार्ड की कॉपी मांगी गई और बाद में उन्हें सुप्रीम कोर्ट के ऑर्डर और शिकायतकर्ता के नाम पर जारी एक इंटरनेशनल डेबिट कार्ड की तस्वीरें भेजीं।
निगरानी में रखा गया
पुलिस के मुताबिक दबाव बनाए रखने के लिए बुजुर्ग को ठग अलग-अलग विभाग के अधिकारी बन वीडियो कॉल किया करते थे। इस दौरान उन्हें ठगों ने ये कहकर डराया कि उन्हें वेरिफिकेशन के लिए 90 दिन हिरासत में रखा जाएगा और उनके सभी फाइनेंशियल एसेट्स की जांच की जाएगी। इस दौरान 11 से 16 अक्टूबर तक शिकायतकर्ता को लगातार वीडियो कॉल के जरिए निगरानी में रखा गया। यहां तक उन्हें घर से बाहर न जाने के लिए भी कहा गया।
एक नकली रसीद भी दी
पुलिस के मुताबिक 6 दिनों तक चले इस 'डिजिटल अरेस्ट' के दौरान बुजुर्ग से 35.25 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। हैरानी की बात ये है कि ठगों ने बुजुर्ग को एक नकली रसीद भी दी ताकि किसी को शक न हो और ऐसा लगे कि वह सरकारी अधिकारी ही हैं। हालांकि जब और ज्यादा पैसों की मांग की गई तो उन्होंने साइबर हेल्पलाइन पर कॉल कर शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन