गुजरात सरकार का बड़ा कदम: एलपीजी सप्लाई में 20 फीसदी का इजाफा, बफर स्टॉक भी तैयार
गुजरात सरकार ने राज्य में ईंधन की कमी को रोकने के लिए एलपीजी आपूर्ति में 20 फीसदी की बढ़ोतरी की है। होटलों और घरों को अब पीएनजी कनेक्शन देने में प्राथमिकता दी जा रही है।

गुजरात सरकार ने एलपीजी की आपूर्ति में 20 फीसदी की बढ़ोतरी की है ताकि राज्य में गैस की कोई कमी ना होने पाए। खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग का कहना है कि सरकार के पास एलपीजी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। सप्लाई चेन सुचारू है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के निर्देश पर जिन क्षेत्रों में गैस नेटवर्क उपलब्ध है वहां होटल और रेस्तरां को प्राथमिकता के आधार पर पीएनजी कनेक्शन दिए जा रहे हैं। अस्पतालों और स्कूलों जैसे जरूरी संस्थानों को उनकी मांग के अनुसार, गैस सप्लाई दी जा रही है। सरकार ने साफ किया है कि सिलेंडरों पर कोई पाबंदी नहीं है।
एलपीजी की आपूर्ति में 20 फीसदी की बढ़ोतरी
गुजरात सरकार ने सोमवार को कहा कि उसने निर्बाध आपूर्ति के लिए एलपीजी की आपूर्ति में 20 फीसदी की बढ़ोतरी की है। यही नहीं नेटवर्क की उपलब्धता वाले क्षेत्रों में पीएनजी कनेक्शन देने में प्राथमिकता दी जा रही है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव मोना खांधार ने बताया कि गुजरात में एलपीजी का पर्याप्त भंडार है। सप्लाई लाइन सुचारू रूप से चल रही है।
घरेलू या कॉमर्शियल सिलेंडर पर कोई पाबंदी नहीं
वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गुजरात सरकार ने घरेलू या कॉमर्शियल सिलेंडर पर कोई पाबंदी नहीं लगाई है। सभी क्षेत्रों में ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। LPG की आपूर्ति में कोई बाधा ना आए इसके लिए पुलिस, तेल कंपनियां और राज्य स्तरीय टीमें लगातार तालमेल के साथ काम कर रही हैं। हमें लगातार एलपीजी मिल रही है। एजेंसियों के पास स्टॉक भी बढ़ रहा है।
पीएनजी कनेक्शन पर जोर
अतिरिक्त मुख्य सचिव मोना खांधार ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के निर्देश पर राज्य सरकार ने गुजरात भर के होटलों और रेस्तरां को जहां भी नेटवर्क मौजूद है वहां पीएनजी कनेक्शन देने की अनुमति देने का निर्णय लिया है। अधिकारी ने बताया कि नेटवर्क पर घरेलू और कॉमर्शियल दोनों तरह के उपयोग के लिए पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध हैं। ऐसी व्यवस्था की गई है ताकि इन्हें तुरंत प्राप्त किया जा सके।
पीएनजी की आपूर्ति को प्राथमिकता देने की सलाह
अधिकारी ने बताया कि पहले की तुलना में एलपीजी की आपूर्ति में लगभग 20 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। रसोई गैस सिलेंडर की पर्याप्त आपूर्ति उपलब्ध है। केंद्र सरकार ने राज्यों को उन क्षेत्रों में पीएनजी की आपूर्ति को प्राथमिकता देने की सलाह दी है जहां शहरी गैस वितरण नेटवर्क चालू हैं क्योंकि पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों जैसे क्षेत्रों को उनकी मांग के अनुसार शत-प्रतिशत आपूर्ति उपलब्ध कराई गई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन