गुजरात में किसान ने बेटे की जान बचाने के लिए तेंदुए को मार डाला, वन विभाग ने दर्ज किया केस
इस हमले में किसान और उसका बेटा दोनों घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, तेंदुए को मारने के मामले में वन विभाग ने किसान के खिलाफ केस दर्ज किया है।

गुजरात के गिर सोमनाथ जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां 60 वर्षीय किसान ने अपने बेटे और खुद की जान बचाने के लिए तेंदुए को दरांती और भाले से मार डाला। इस हमले में किसान और उसका बेटा दोनों घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, तेंदुए को मारने के मामले में वन विभाग ने किसान के खिलाफ केस दर्ज किया है।
तेंदुआ ने मारा झपट्टा
यह घटना बुधवार रात की है, जब गंगड़ा गांव के बाहरी इलाके में रहने वाले किसान बाबू वाजा अपने घर के बरामदे में आराम कर रहे थे। इसी दौरान पास के खेतों से एक तेंदुआ अचानक निकल आया और बिना किसी उकसावे के उन पर हमला कर दिया। रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर एल.बी. भारवाड़ ने बताया कि तेंदुए ने पहले किसान पर झपट्टा मारा और उनका हाथ पकड़कर खींचने लगा।
बेटे को बचाने में तेंदुए की गई जान
किसान की चीख-पुकार सुनकर उनका बेटा शार्दुल उन्हें बचाने के लिए दौड़ा, लेकिन तेंदुए ने उस पर भी हमला कर दिया और उसे घायल कर दिया। बाबू वाजा ने बताया कि कुछ ही मिनटों में तेंदुए ने दोनों पर कई बार हमला किया। इस दौरान उन्होंने बरामदे में रखी दरांती और भाला उठाकर तेंदुए पर वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बेटे और किसान को भी चोटें आईं
हमले में किसान और उसके बेटे के हाथों और माथे पर गंभीर चोटें आई हैं। दोनों को उपचार के लिए ऊना कस्बे के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
किसान के खिलाफ दर्ज हुआ मामला
अधिकारियों ने बताया कि तेंदुए को मारने में इस्तेमाल किए गए हथियार भी जब्त कर लिए गए हैं। वन विभाग ने इस मामले में किसान के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर गिर क्षेत्र के आसपास मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीर समस्या को उजागर कर दिया है, जहां अक्सर जंगली जानवर आबादी वाले इलाकों में घुस आते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन