अहमदाबाद से बड़ी राहत! संदिग्ध इबोला मरीज की रिपोर्ट आई निगेटिव; हेल्थ मिनिस्टर ने लोगों से की ये अपील
37 वर्षीय कारोबारी अमूरी लोकुला करीब पांच से सात दिन पहले कांगो से मुंबई पहुंचे थे और बाद में वडोदरा चले गए थे। इस दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी। उन्हें तेज बुखार के साथ सर्दी-खांसी की शिकायत हुई थी।

अहमदाबाद में इबोला के संदिग्ध मरीज को लेकर राहत भरी खबर है। अफ्रीकी देश कांगो से भारत आए 37 वर्षीय कारोबारी अमूरी लोकुला की इबोला टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आई है। यह जानकारी खुद गुजरात के हेल्थ मिनिस्टर प्रफुल्ल पानशेरिया ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर दी है।
कारोबारी को अहमदाबाद सिविल अस्पताल में इबोला वार्ड में भर्ती कराया गया है। आपको बता दें कि कई अफ्रीकी देशों में इबोला के प्रकोप को देखते हुए गुजरात हेल्थ डिपार्टमेंट अहमदाबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर युगांडा, कांगो और दक्षिण सूडान से आने वाले यात्रियों की गहन जांच कर रहा है, और सरकारी अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड तैयार कर लिए गए हैं।
हेल्थ मिनिस्टर ने क्या-क्या बताया?
एक्स पर मिनिस्ट प्रफुल पंशेरिया ने लिखा, ‘कांगो से आए इबोला वायरस के एक संदिग्ध मरीज की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। नागरिकों से अपील है कि वे किसी भी तरह के डर या घबराहट और अफवाहों से दूर रहें और सिर्फ हेल्थ डिपार्टमेंट द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें। गुजरात सरकार और हेल्थ डिपार्टमेंट लोगों की हेल्थ की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।’
अफ्रीकी देश से आने का पता चला तो…
आपको बता दें कि 37 वर्षीय कारोबारी अमूरी लोकुला करीब पांच से सात दिन पहले कांगो से मुंबई पहुंचे थे और बाद में वडोदरा चले गए थे। इस दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी। उन्हें तेज बुखार के साथ सर्दी-खांसी की शिकायत हुई थी। इसके बाद उन्हें वडोदरा के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। हालांकि जैसे ही अस्पताल प्रशासन को उनके हाल में अफ्रीकी देश से आने का पता चला तो बिना किसी देरी के उन्हें अहमदाबाद सिविल अस्पताल में इबोला वार्ड में भर्ती कराया गया। वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन (WHO) ने हाल ही में कांगो, युगांडा में फैल रहे इबोला को पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी घोषित किया है।
संपर्क में आए लोगों का भी आइसोलेशन
कारोबारी के संपर्क में आए तीन लोगों को भी एहतियात के तौर पर आइसलोशन में रखा गया है। ये सभी भी कारोबारी की तरह 10-11 दिनों तक आइसोलेशन में रहेंगे। बता दें कि इबोला एक बेहद ही खतरनाक बीमारी है जो कि जानवरों से इंसान में फैलती है। संक्रमण की चपेट में आने के बाद शुरुआती में हल्के बुखार, सर्दी या खांसी जैसे लक्षण दिखाई देते हैं।
महिला की भी टेस्ट रिपोर्ट निकली थी निगेटिव
इससे पहले कर्नाटक के बेंगलुरु एक महिला में भी इबोला जैसे लक्षण देखे गए थे। महिला युगांडा से आई थी। लक्षण दिखने के बाद उसे भर्ती कर इबोला टेस्ट किया गया रिपोर्ट निगेटिव आई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन