SBI यूजर्स सावधान! बैंक में नहीं किया Aadhaar अपडेट तो बंद हो सकता YONO App, आपकी जेब खाली करने की नई ट्रिक
SBI YONO ऐप ब्लॉक होने के नाम पर WhatsApp पर वायरल हो रहा मैसेज पूरी तरह फर्जी है। PIB Fact Check और SBI ने ग्राहकों को चेतावनी दी है कि ऐसे लिंक या फाइल पर भरोसा न करें, वरना बैंकिंग डेटा चोरी हो सकता है। जानें क्या है सच्चाई और कैसे रहें सुरक्षित।

अगर आप SBI बैंक के यूजर हैं तो इस खबर को ध्यान दें पढ़ लें, क्योंकि सोशल मीडिया और WhatsApp पर एक मैसेज तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें दावा किया जा रहा है कि अगर ग्राहक तुरंत अपना Aadhaar अपडेट नहीं करते, तो उनका SBI YONO ऐप ब्लॉक कर दिया जाएगा। इस मैसेज ने लाखों YONO यूजर्स को परेशान कर दिया है। कई लोग डर के कारण इस फाइल को डाउनलोड करने की सोच रहे हैं। लेकिन सच्चाई कुछ और है। PIB Fact Check ने साफ कहा है कि यह मैसेज पूरी तरह फेक और धोखाधड़ी का हिस्सा है। इसका मकसद सिर्फ यूजर्स का बैंकिंग डेटा चुराना है।
वायरल मैसेज में किया जा रहा ये दावा
फर्जी मैसेज में लिखा है कि “आपका Aadhaar अपडेट नहीं है, इसलिए आज रात से आपका YONO अकाउंट ब्लॉक कर दिया जाएगा।” नीचे एक APK फाइल दी जाती है, जिसे इंस्टॉल करने के लिए कहा जाता है। स्कैमर्स चाहते हैं कि यूजर इस फाइल को अपने फोन में इंस्टॉल करें। जैसे ही यह ऐप इंस्टॉल होती है, फोन में मालवेयर या स्पाईवेयर एक्टिव हो सकता है। इसके बाद आपके OTP, UPI PIN, बैंक पासवर्ड और कार्ड डिटेल्स तक खतरे में आ सकते हैं।
PIB Fact Check का बयान
PIB Fact Check ने इस मैसेज को पूरी तरह फर्जी बताया है। इसमें साफ कहा गया है कि SBI कभी भी WhatsApp, SMS या Email के जरिए किसी भी तरह की APK फाइल भेजकर Aadhaar अपडेट करने को नहीं कहता। SBI ने भी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर ग्राहकों को आगाह किया है कि ऐसे किसी भी लिंक, फाइल या मैसेज पर भरोसा न करें।

Aadhaar अपडेट करने का सही तरीका
अगर आपको अपना Aadhaar अपडेट करना है (जैसे नाम, पता, मोबाइल नंबर या बायोमेट्रिक डिटेल), तो ये सिर्फ आधिकारिक तरीकों से ही करें:
तरीका 1: UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट से आप घर बैठे UIDAI की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर कुछ डिटेल (जैसे एड्रेस) ऑनलाइन अपडेट कर सकते हैं। इसके लिए आपका मोबाइल नंबर Aadhaar से लिंक होना जरूरी है। OTP के जरिए वेरिफिकेशन होता है।
तरीका 2: अगर मोबाइल नंबर, फोटो या बायोमेट्रिक अपडेट करना है तो आपको नजदीकी अधिकृत Aadhaar सेवा केंद्र जाना होगा। वहां आधार नंबर और जरूरी दस्तावेज दिखाने के बाद अपडेट किया जाता है।
SBI में KYC अपडेट करने का सही तरीका
अगर बैंक KYC अपडेट करने को कहता है, तो ये सुरक्षित तरीके अपनाएं:
तरीका 1: SBI ब्रांच में जाकर: सबसे सुरक्षित तरीका है अपनी होम ब्रांच या नजदीकी SBI शाखा में जाकर KYC फॉर्म भरना और जरूरी दस्तावेज जमा करना।
तरीका 2: SBI की आधिकारिक वेबसाइट से: SBI की ऑफिशियल वेबसाइट पर लॉगिन करके KYC से जुड़ी जानकारी अपडेट की जा सकती है (जहां यह सुविधा उपलब्ध हो)।
तरीका 3: YONO ऐप के सुरक्षित सेक्शन से: अगर बैंक ने ऐप में KYC अपडेट का विकल्प दिया है, तो आप सीधे YONO ऐप के अंदर लॉगिन करके ही प्रक्रिया पूरी करें।
यह स्कैम बहुत खतरनाक है बचना जरूरी
ऐसे फेक APK ऐप्स में मालवेयर छिपा होता है। एक बार इंस्टॉल करने के बाद यह आपके फोन का पूरा कंट्रोल स्कैमर्स को दे सकता है। स्कैमर्स आपकी बैंकिंग डिटेल, UPI PIN, OTP, डेबिट/क्रेडिट कार्ड जानकारी, Contacts और Gallery सब कुछ एक्सेस कर सकते हैं। इसके बाद आपका बैंक अकाउंट, UPI और वॉलेट ऐप्स तक खतरे में पड़ सकते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन