भारतीय कंपनी लाई अपना AI चैट ऐप Indus, सीधे ChatGPT को दे सकता है टक्कर
Sarvam ने भारत में अपना AI चैट ऐप Indus लॉन्च किया है, जो ChatGPT और Gemini को टक्कर देता है। यह ऐप भारतीय भाषाओं, वॉइस कमांड और डॉक्यूमेंट एनालिसिस जैसे फीचर्स के साथ आया है।

देसी AI कंपनी Sarvam ने भारत के AI सेक्टर में एक बड़ा कदम उठाते हुए अपना नया AI चैटबॉट ऐप Indus लॉन्च कर दिया है। यह ऐप अब सीधे तौर पर ChatGPT और Gemini जैसे ग्लोबल AI प्लेटफॉर्म्स को चुनौती देता नजर आ रहा है। खास बात यह है कि Indus को पूरी तरह भारत में डिवेलप किया गया है और इसे भारतीय यूजर्स की जरूरतों के हिसाब से तैयार किया गया है।
Indus, Sarvam का AI असिस्टेंट है, जिसे कंपनी ने ‘हर भारतीय भाषा’ में बातचीत करने की क्षमता और दावे के साथ पेश किया है। यूजर एक ही चैट के दौरान अंग्रेजी से हिंदी या अन्य भारतीय भाषाओं में स्विच कर सकते हैं। यह फीचर भारत जैसे अलग-अलग भाषाओं वाले देश के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। ऐप में वॉइस कमांड सपोर्ट भी दिया गया है, जिससे यूजर बोलकर सवाल पूछ सकते हैं और AI उनको जवाब दे सकता है।
जल्द मिल सकती है AI एजेंट्स की सुविधा
कंपनी का दावा है कि Indus केवल एक सामान्य चैटबॉट नहीं है। ऐप लिस्टिंग के मुताबिक, इसमें AI एजेंट्स की सुविधा भी मिल सकती है, जिससे यूजर अपने कुछ काम आसानी से ऑटोमेट कर पाएंगे। इसके अलावा, ऐप के भीतर ही डॉक्यूमेंट लिखने और एडिट करने का ऑप्शन भी दिया गया है। यूजर इमेज, PDF और अन्य फाइल्स भी अपलोड कर सकते हैं, जिनका एनालिसिस कर AI संबंधित सवालों के जवाब देगा। यह फीचर स्टूडेंट्स, प्रोफेशनल्स और रिसर्चर्स के लिए बेहद काम का साबित हो सकता है।
हालांकि कंपनी ने यह साफ नहीं किया है कि Indus किस मॉडल पर आधारित है, लेकिन हाल ही में Sarvam ने India AI Impact Summit 2026 के दौरान दो बड़े लार्ज लैंग्वेज मॉडल Sarvam-30B और Sarvam-105B पेश किए थे। संभावना है कि Indus इन्हीं फाउंडेशनल मॉडल्स पर काम कर रहा हो।
ऐसे डाउनलोड कर सकते हैं नया ऐप
Indus ऐप फिलहाल Apple App Store और Google Play Store पर उपलब्ध है। यूजर इसे डाउनलोड कर सकते हैं लेकिन अकाउंट बनाने के लिए फोन नंबर वेरिफिकेशन जरूरी है। फिलहाल ऐप में वेटलिस्ट सिस्टम लागू है, हालांकि जिनके पास इनवाइट कोड है वे सीधे एक्सेस पा सकते हैं।
बता दें, भारत में AI टेक्नोलॉजी की रेस तेज हो चुकी है और Sarvam का यह कदम दिखाता है कि भारतीय स्टार्टअप्स भी अब ग्लोबल AI कंपनियों के साथ कॉम्पिटीशन करने के लिए तैयार हैं। अगर Indus अपने मल्टीलिंगुअल और लोकल-फोकस्ड फीचर्स को अच्छे से लागू करता है तो यह भारत के AI इकोसिस्टम में बड़ा बदलाव ला सकता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन