जब कुक ने ChatGPT से लिखी 'मिस्टर इंडिया 2' की कहानी, शेखर कपूर भी पढ़कर दंग थे कि आखिर...
Mr India 2: शेखर कपूर ने बताया कि वो कई राइटर्स की कहानियां पढ़ रहे थे जो उन्होंने मिस्टर इंडिया 2 के लिए लिखी थीं, लेकिन फिर एक कहानी पर आकर उनका दिमाग अटक गया। यह कहानी उनके कुक ने लिखी थी।

आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस ने कुछ ही महीनों के वक्त में मानो दुनिया ही बदलकर रख दी है। लगभग हर काम में चैट जीपीटी का अपना महत्व सामने आ रहा है, लेकिन यह बॉलीवुड पर कितना प्रभावी होने वाला है और सिनेमा जगत को कैसे बदलकर रख देगा, इस बात का अंदाजा फिल्ममेकर शेखर कपूर को तब लगा जब उनके ही कुक ने उन्हें 'मिस्टर इंडिया 2' की ऐसी कहानी सुनाई कि उन्हें यकीन ही नहीं हुआ। बाद में उन्हें पता चला कि असल में उसने यह कहानी AI टूल चैट जीपीटी का इस्तेमाल करके लिखी थी।
जब शेखर को उनके कुक ने दी कहानी
एक इवेंट में बातचीत के दौरान शेखर कपूर ने बताया, “तो सभी बड़े-बड़े लेखक मुझे 'मिस्टर इंडिया 2' के लिए कहानियां दे रहे थे और मैं उन्हें पढ़ा करता था। और फिर एक दिन मेरा कुक, उसका नाम नीलेश है, वो बोला- मैंने भी लिखी है कहानी मिस्टर इंडिया 2 के लिए और फिर क्या हुआ मैं आपको बताता हूं। मैंने वो कहानी पढ़ी और आप यकीन मानिए ये अभी तक मेरी पढ़ी बेस्ट कहानी थी। मैंने एक्साइटेड होकर पूछा- नीलेश यह कहां से आई? यह कहानी तूने कैसे लिखी?”
कुक का जवाब सुन दंग रह गए शेखर
इस पर शेखर कपूर के कुक नीलेश ने जो जवाब दिया उसे सुनकर फिल्ममेकर कपूर दंग रह गए। उनके कुक नीलेश ने बताया, "सर वो आपके कंप्यूटर में आप करते हो ना, चैट जीपीटी। तो वहां से चैट जीपीटी ने मुझे यह कहानी दी।" बता दें कि आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस का फिल्ममेकिंग में इस्तेमाल ऑलरेडी शुरू हो चुका है। वेब सीरीज से लेकर फिल्मों तक की स्क्रिप्टिंग और वीडियो मेकिंग के लिए इसका इस्तेमाल किया जा रहा है, लेकिन अब देखना यह है कि वक्त के साथ यह कितना एडवांस होता है।
क्या थी मिस्टर इंडिया 1 की कहानी?
बात फिल्म मिस्टर इंडिया की करें तो साल 1987 में रिलीज हुई इस फिल्म में अनिल कपूर ने लीड रोल प्ले किया था। इसके डायरेक्टर शेखर कपूर थे और प्रोडक्शन की जिम्मेदारी बोनी कपूर और सुरिंदर कपूर ने संभाली थी। फिल्म की कहानी अरुण वर्मा नाम के एक शख्स की कहानी थी जो कुछ अनाथ बच्चों की देखभाल करता है। उसके घर में एक जर्नलिस्ट किराये पर रहने आती है और कहानी में ट्विस्ट तब आता है जब अरुण को अपने पिता का ईजाद किया एक ऐसा गैजेट मिलता है जिसे पहनकर वो गायब हो सकता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन