गुलशन कुमार ने समीर को इस गाने के लिए दी थी कसम, फोक सॉन्ग से बना गोविंदा के करियर का सबसे हिट गाना
टी-सीरीज के मालिक रहे गुलशन कुमार ने गीतकार समीर को कसम दे कर सुनाया था ये यूपी का फोक सॉन्ग। उसी से बना गोविंदा के करियर का सबसे हिट गाना। आज भी डांस करते हैं लोग।

1998 में गोविंदा, रवीना टंडन और कादर खान स्टारर फिल्म दूल्हे राजा आई थी। इस फिल्म की कहानी ढाबा मालिक राजा और सेठ केके सिंघानिया के बीच के विवाद पर बेस्ड थी। दुल्हे राजा उस साल की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक साबित हुई। फिल्म की कहानी और कॉमेडी ने ऑडियंस को खूब एंटरटेन किया। फिल्म के गानों ने भी अलग जगह बनाई। उस साल हिट हुए गानों की लिस्ट में एक गोविंदा और रवीना टंडन पर फिल्माया गाना ‘अंखियों से गोली मारे’ भी था। लेकिन इस गाने को बनने का एक अलग किस्सा है।
गुलशन कुमार गांव से ढूंढ कर लाए थे ये गाना
फिल्म दूल्हे राजा के गाने ‘अंखियों से गोली मारे’ को गीतकार समीर अनजान ने लिखा था। लेकिन असल में ये गाना टी-सीरीज के मालिक गुलशन कुमार ढूंढ कर लाए थे। समीर ने अपने एक इंटरव्यू में बताया था कि वो एक दिन गुलशन कुमार के घर गए थे। समीर, गुलशन कुमार को पापा जी कहकर बुलाते थे। समीर ने बताया कि जब वो उनके घर पहुंचे तो गुलशन कुमार ने उन्हें बताया कि वो छपरा, बरेली घूम कर आ रहे हैं और वहां से एक कमाल का गाना लाए हैं।
पहले दी कसम फिर सुनाया गाना
समीर ने आगे बताया कि पापा जी कान के पक्के इंसान थे। वो मुखड़े की पहली लाइन सुनकर बता दिया करते थे कि ये गाना हिट होगा या फ्लॉप। गीतकार ने आगे बताया कि पापा जी यानी गुलशन कुमार उन्हें अपने बेडरूम के कोने में लेकर गए जैसे कोई बेशकीमती चीज देनी हो। गुलशन कुमार ने पहले समीर से कसम खाने के लिए कहा कि ओव ये गाने किसी और म्यूजिक कंपनी वीनस, टिप्स को नहीं देंगे। जब समीर ने कसम खाई कि वो ये गाना सिर्फ उनकी कंपनी टी सीरीज को ही देंगे तब गुलशन कुमार ने वो गाना सुनाया। वो गीत था ‘जब से सिपाही से भईल हवालदार कि नथुनिए से गोली मारे’। ये यूपी का फोक सॉन्ग था। ये गाना सुनाने के बाद गुलशन कुमार ने इसके हिंदी वर्जन तैयार करने को कहा।
ऐसे बना ये गाना
गाने को लेकर म्यूजिक डायरेक्टर्स आनंद-मिलिंद की जोड़ी के साथ बैठक हुई।ये गाना गोविंदा पर फिल्माया जाना था उनकी उस समय की फिल्म दूल्हे राजा के लिए। समीर ने बताया कि पहले इस गाने को देसी अंदाज में ही बनाया गया। पुराने स्टाइल में। लेकिन गोविंदा की एनर्जी के आगे वो जैम नहीं रहा था। फिर म्यूजिक कंपोजर मिलिंद ने कहा कि इसे मॉडर्न वर्जन दिया जाना चाहिए। फिर बना ‘अपने दीवाने का कर दे बुरा हाल कि अंखियों से गोली मारे’। इसमें एक और किस्सा है कि म्यूजिक डायरेक्टर की जोड़ी पहले ये गाना अल्ताफ राजा से गवाना चाहती थी। लेकिन उन्होंने पैसों की मांग कर दी और ये गाना चला गया सोनू निगम और जसपिंदर नरूला के पास। ऐसे बना अंखियों से गोली मारे गाना।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन