मुझे पहले पता था प्रभास की 'आदिपुरुष' 'फ्लॉप' होगी, रणबीर कपूर की 'रामायण' के मेकर्स को इस बात के लिए दे डाली चेतावनी
'रामायण' के पहले पार्ट का टीजर जिसका नाम रामा ग्लिम्प्स है वो कल यानी 2 अप्रैल को रिलीज किया गया है। ऐसे में अब टीजर देखने के बाद विंदू दारा सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने 'रामायण' को 'आदिपुरुष' से बेहतर बताया।

नितेश तिवारी की बिग बजट फिल्म 'रामायण' के रिलीज का दर्शकों को बड़ी ही बेसब्री से इंतजार है। इस फिल्म में रणबीर कपूर श्रीराम के रोल में नजर आएंगे। फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर कई महीनों से काफी बज बना हुआ था। 'रामायण' को लेकर लगातार सामने आ रही अपडेट्स फैंस के बीच फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट को और भी ज्यादा बढ़ा रही हैं। ऐसे में अब 'रामायण' के पहले पार्ट का टीजर जिसका नाम रामा ग्लिम्प्स है वो कल यानी 2 अप्रैल को रिलीज किया गया है। हनुमान जयंती के शुभ अवसर पर 'रामायण' के टीजर को देख फैंस काफी खुश हैं। ऐसे में अब टीजर देखने के बाद विंदू दारा सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने 'रामायण' को 'आदिपुरुष' से बेहतर बताया। आइए जानते हैं विंदू ने क्या कहा?
'आदिपुरुष' से बेहतर लग रही 'रामायण'
विंदू दारा सिंह ने हाल ही में DNA को अपना इंटरव्यू दिया। इस दौरान बात करते हुए विंदू ने कहा कि रामानंद सागर और बी. आर. चोपड़ा ने अपने टीवी सीरीज 'रामायण' और 'महाभारत' के जरिए एक ऐसा बेमिसाल पैमाना तय कर दिया है, जिसकी कोई बराबरी नहीं कर सकता। उन्होंने कहा, 'हम 'रामायण' और 'महाभारत' के 20 अलग-अलग वर्जन सुनेंगे और देखेंगे, लेकिन आखिरकार सबसे बेहतरीन वर्जन तो सागर साहब और चोपड़ा साहब का ही रहेगा।' उन्होंने रणबीर की 'रामायण' का उदाहरण देते हुए कहा कि यह फिल्म 'आदिपुरुष' से बेहतर लग रही है। बता दें कि प्रभास की 2023 में आई फिल्म 'आदिपुरुष' बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप रही थी और उस पर काफी विवाद भी हुआ था।
विंदू दारा सिंह को पहले ही पता था कि 'आदिपुरुष' फ्लॉप होगी
उन्होंने याद करते हुए कहा कि ट्रेलर देखने के बाद उन्हें पता चल गया था कि आदिपुरुष फ्लॉप होगी। अभिनेता ने कहा, 'वो तो पता नहीं क्या था। मैं ट्रेलर देख कर समझ गया था कि ये फ्लॉप होगी। क्या ही चल रहा था। आप इतना भटक नहीं सकते और हनुमान जी से ये सारे डायलॉग नहीं बोल सकते।'
विंदू दारा सिंह ने रणबीर कपूर की करी तारीफ
रणबीर कपूर की तारीफ करते हुए विंदू दारा सिंह ने कहा कि वह 'राम के रूप में बहुत सुंदर और प्यारे लग रहे हैं।' उन्होंने आगे कहा कि जब कोई अपनी आंखें बंद करता है, तो भगवान राम के रूप में अरुण गोविल और हनुमान के रूप में दारा सिंह ही याद आते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अब वे वही भूमिकाएं नहीं निभा सकते, क्योंकि दारा सिंह अब इस दुनिया में नहीं हैं और अरुण गोविल भी अब उम्रदराज हो चुके हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें पता है कि अरुण 'रामायण' में दशरथ की भूमिका निभा रहे हैं और इस भूमिका के लिए वह एकदम सही हैं। विंदू ने रणबीर की तारीफ में आगे कहा कि उनकी एक्टिंग बहुत ही शानदार होगी।
विंदू दारा सिंह ने 'रामायण' के मेकर्स को दी चेतावनी
'रामायण' में राम की पहली झलक के बारे में आगे बात करते हुए, विंदू ने कहा कि वह बहुत शानदार और बेहद सुंदर लग रहे थे। उन्होंने आगे कहा कि एक सख्त नियम है कि रामानंद सागर ने अपनी 'रामायण' के जरिए जो कुछ भी बनाया है, वह लोगों के दिलों और दिमाग में गहराई से बसा हुआ है। उन्होंने इसे ऐतिहासिक बताया। उन्होंने यह भी कहा कि अगर यह फिल्म उस स्तर की बन पाती है, तो 'रामायण' एक सुपरहिट और रिकॉर्ड तोड़ने वाली सफल फिल्म साबित होगी। यही नहीं विंदू ने मेकर्स को आगे चेतावनी देते हुए कहा, 'नई 'रामायण' बनाते समय अगर बहुत ज्यादा छूट ली गई, तो लोग इसे नकार भी सकते हैं। अगर जरा भी बदलाव किया गया- जैसे कि इस फिल्म में वह (राम) कुछ खतरनाक (असुर) जैसे दिख रहे हैं- तो अगर ज्यादा ही कुछ ऊपर-नीचे किया गया, तो लोग इसे बिल्कुल भी स्वीकार नहीं करेंगे।'
रामायण के बारे में
रामायण भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में से एक है। निर्माता नामित मल्होत्रा ने बताया है कि इन दोनों फिल्मों का कुल बजट लगभग 4,000 करोड़ रुपये है, जो इसे अब तक की सबसे महंगी भारतीय फिल्म बनाता है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। इनके साथ ही साई पल्लवी सीता, सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण का किरदार निभा रहे हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन