केरल स्टोरी 2 पर क्यों मचा बवाल; 25 साल की चेतावनी और क्या है मेकर्स का कहना, समझें फसाद
द केरल स्टोरी 2 का ट्रेलर रिलीज होते ही बवाल शुरू हो गया। अब विपुल शाह ने इस फसाद पर अपनी बात रखी है। अगर आपने ट्रेलर मिस कर दिया तो यहां समझें पूरा मामला।

द केरल स्टोरी 2 के कॉन्टेंट पर बवाल मचा हुआ है। फिल्म का ट्रेलर 17 फरवरी को दिखाया गया। इसके बाद ही सोशल मीडिया पर डिबेट छिड़ गई है। लोग इसे प्रोपागैंडा फिल्म बता रहे हैं। कुछ लोग और धर्मगुरु इसे एक खास समुदाय विरोधी बताकर आपत्ति जता रहे हैं। वहीं ट्रेलर के कमेंट सेक्शन में केरल के लोगों के कमेंट्स हैं कि उनके राज्य को गलत तरीके से दिखाया गया है। ऐसा क्या है इस फिल्म के ट्रेलर में जो इतना बवाल मचा हुआ है। इस पर प्रोड्यूसर विपुल शाह का क्या कहना है, चलिए जानते हैं।
विवाद पर क्या बोले विपुल अमृतलाल शाह
इस फिल्म का विरोध होने पर प्रोड्यूसर विपुल अमृत शाह ने न्यूज 18 से बातचीत में कहा, देखिए जब आप किसी क्रिमिनल को एक्सपोज करते हैं, मैं तो इनको टेररिस्ट कहता हूं जो लड़कियों की जिंदगी के साथ ऐसा खिलवाड़ करते हैं। अगर आप उनको एक्सपोज करेंगे तो वह थोड़े ही कहेंगे कि हां मैं ऐसा करता हूं। उनको तो कहना ही पड़ेगा कि यह झूठ है। अगर लोगों को लगता कि ये फिल्म झूठ है तो पहली फिल्म भी इतने लोग नहीं देखते। पार्ट 2 का ट्रेलर आया तो इसीलिए चर्चा हो रही है कि आप अनकम्फर्टेबल करने वाले सच को बहुत बोल्ड तरीके से सामने ला रहे हैं। यह फिल्म बनाने का उद्देश्य यह था कि हम ज्यादा से ज्यादा लोग ये जानकारी रखें। अपने बच्चों को ये फिल्म दिखानी चाहिए। हमारी यह बहुत बड़ी कोशिश रही है। विपुल ने बताया कि सेंसर बोर्ड ने यू/ए 16 का सर्टिफिकेट दिया है, यह अच्छी बात है।
क्या दिखाया गया द केरल स्टोरी 2 के ट्रेलर में
द केरल स्टोरी 2 का ट्रेलर करीब 3 मिनट 7 सेकंड का है। इसकी शुरुआत में ही एक वाक्य दिखता है:कई सच्ची घटनाओं से प्रेरित। इसके बाद वॉइस ओवर सुनाई देता है, इंशाअल्लाह अगले 25 साल में पूरा भारत इस्लामिक स्टेट होगा और पूरे भारत में शरिया लागू होता है। इसके बाद राजस्थान की कहानी दिखाई जाती है। यहां एक 16 साल की लड़की के मुस्लिम लड़के से निकाह का केस दिखाया जाता है। उसके मां-बाप बोलते हैं कि ये ब्याह इल्लिगल है, वह 16 साल की है। वकील बोलता है कि पेपर्स के हिसाब से वह 18 साल की है। लड़की के पेरेंट्स लड़के की कॉलर पकड़कर बेटी से बोलते हैं कि ये उसकी जिंदगी बर्बाद कर देगा। लड़की रोकर बोलती है, आप नहीं समझ रहे हैं पापा, म्हारो रशीद ऐसो नहीं है।
ट्रेलर में आगे दिखता है मध्य प्रदेश
इसके बाद मध्य प्रदेश का केस दिखाया जाता है। यहां भी हिंदू लड़की मोहम्मद फैजान से निकाह करती है। यहां भी पेरेंट्स के समझाने पर लड़की बोलती है, हमाओ फैजान ऐसो नहीं है। यहां मुस्लिम लड़का लड़की को हिंदी बनकर पटाता है। इसके बाद केरल का केस दिखाया जाता है। यहां लड़की लड़के से कहती है, मैं कन्वर्ट नहीं होऊंगी। लड़का बोलता है, मैं इन सब चीजों पर यकीन नहीं करता। यहां भी लड़की घरवालों को समझाती है, मेरा सलीम ऐसा नहीं है।
ट्रेलर के लास्ट में दिखा ये मैसेज
इसके बाद मौलाना दिखाए जाते हैं जो बोलते हैं, हमारा काम है, हिंदू लड़कियों को अपना बनाना। इसके बाद दिखाया जाता है कि शादी के बाद ये लड़के बदल जाते हैं और मारपीट शुरू होती है। इसके बाद लड़कियों के पेरेंट्स लोगों से सपोर्ट मांगते हैं। कुछ सीन काफी ब्रूटल दिखाए गए हैं जैसे हिंदू लड़की को जबरन बीफ खिलाना। फिर एक मुस्लिम लड़के की उसकी मां से बातचीत दिखाई जाती है कि अभी तीन लड़कियां और लानी है। अबकी ऊंची जाति की लड़की लाएंगे, ब्राह्मण की लड़की के 12 लाख मिलते हैं। इसके बाद उस परिवार में लड़की का शारीरिक शोषण भी दिखाया जाता है। ट्रेलर खत्म होते ही स्क्रीन पर मैसेज दिखता है, इससे पहले कि अगला टारगेट आपकी बेटी हो...
क्या है फसाद की जड़
द केरल स्टोरी केवल केरल पर केंद्रित थी लेकिन सीक्वल राजस्थान और मध्य प्रदेश की कहानियों को भी शामिल करता है। यहां लव जिहाद और जबरन धर्मांतरण को छिटपुट घटनाओं के बजाय एक राष्ट्रीय साजिश के रूप में चित्रित करता है, लोग इस पर आपत्ति जता रहे हैं।
25 साल की चेतावनी
फिल्म के ट्रेलर की शुरुआत में एक विवादास्पद दावा है, इसमें बोला गया है, अगले 25 सालों में भारत एक इस्लामिक राष्ट्र होगा जहां शरिया कानून लागू होगा। आलोचकों का तर्क है कि यह भड़काऊ है, जबकि समर्थकों का कहना है कि यह एक जरूरी चेतावनी है।
फिल्म के विवादित सीन
द केरल स्टोरी 2 में कुछ शॉकिंग सीन हैं, जैसे शादी के बाद हिंदू लड़की को बीफ खाने के लिए मजबूर किया जाता है। एक महिला का रेप करवाया जाता है। आलोचकों का मानना है कि ये दृश्य सनसनी फैलाने वाले हैं जबकि निर्माताओं का दावा है कि यह सात महीने के शोध और अदालती दस्तावेजों पर आधारित है।

फिल्म पर रिएक्शन और रिलीज डेट
फिल्म 27 फरवरी को थिएटर्स में रिलीज हो रही है। ट्रेलर पर काफी रिएक्शंस दिख रहे हैं। रेडिट पर कई पोस्ट दिख रहे हैं। एक पोस्ट पर कुछ लोगों ने अपने आसपास ऐसे धोखों की कहानी लिखी है। केरल के लोगों ने इस पर आपत्ति जताई है। एक ने लिखा है, किस पॉइंट से ये केरल लग रहा है। लोग केरल की छवि बिगाड़ रहे हैं। एक और ने लिखा है, नॉर्थ के लोग केरल से इतने अभिभूत क्यों रहते हैं। एक लड़की का कमेंट है, ट्रेलर देखकर ही सीख मिल गई कि ये सब बहुत दिल तोड़ने वाला है, मैं फिल्म ही नहीं देखूंगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन