Tamil Nadu Election: थलापति विजय बनेंगे नए MGR? जानिए नायक से राजनेता बने सितारों का राजनीतिक सफर
तमिलनाडु की राजनीति में आज एक नया इतिहास लिखा जा रहा है। तमिलगा वेट्टी कड़गम (TVK) के साथ चुनावी मैदान में उतरे थलपाति विजय ने शुरुआती रुझानों में सबको चौंका दिया है।

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों ने आज पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। शुरुआती रुझानों में सुपरस्टार थलापति विजय की पार्टी तमिलगा वेट्टी कड़गम (TVK) जिस तरह से बढ़त बना रही है उसने सबको चाैंका दिया है। बता दें, विजय से पहले भी कई सारे एक्टर्स ने राजनीति में कदम रखा है। आइए आपको बताते हैं कि उनमें से किसका राजनीतिक सफर अच्छा रहा और किसका डूब गया।
क्या हो सकते हैं विजय की जीत के कारण?
विजय ने युवाओं और पहली बार वोट देने वाले मतदाताओं के बीच बड़ी सेंधमारी की है। एक तरफ कमल हासन जैसे दिग्गज अपनी राजनीतिक पारी को उस ऊंचाई तक नहीं ले जा सके और दूसरी तरफ रजनीकांत अपना राजनीतिक सफर शुरू नहीं कर पाए। वहीं विजय का फुल-टाइम पॉलिटिक्स के लिए एक्टिंग छोड़ने का फैसला जनता को भा गया है।
साउथ के सितारों का राजनीतिक सफर
दक्षिण भारतीय राजनीति में नायकों का मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचना कोई नई बात नहीं है। विजय से पहले भी कई सारे नायक ये कारनामा कर चुके हैं, लेकिन कौन कितना सफल रहा ये शायद आप नहीं जानते होंगे। आइए हम आपको बताते हैं।
एम.जी. रामचंद्रन (MGR): तमिलनाडु की राजनीति के सबसे बड़े कल्ट फिगर थे एम.जी.रामचंद्रन। उन्होंने AIADMK बनाई थी और 10 साल तक निर्विवाद मुख्यमंत्री रहे थे।
एन.टी. रामा राव (NTR): आंध्र प्रदेश में स्वाभिमान की लहर पैदा कर पार्टी बनाने के मात्र 9 महीने के भीतर मुख्यमंत्री बने थे।
जे. जयललिता: 'अम्मा' के नाम से मशहूर जयललिता ने न केवल अपनी विरासत बचाई थी, बल्कि भारतीय राजनीति की सबसे शक्तिशाली महिला नेताओं में शुमार हुई थीं।
पवन कल्याण: हाल के वर्षों में आंध्र प्रदेश में 'किंगमेकर' की भूमिका निभाकर उन्होंने साबित किया कि अगर सही समय पर सही गठबंधन किया जाए, तो जीत पक्की है।
ये रहे असफल
सभी फिल्मी सितारे राजनीति में सफल नहीं हुए। चिरंजीवी ने अपनी पार्टी का विलय कांग्रेस में कर दिया, तो वहीं विजयकांत (कैप्टन) ने शुरुआत तो धमाकेदार की थी, लेकिन समय के साथ उनकी पार्टी DMDK कमजोर पड़ गई।
टेबल से समझिए
| एक्टर | राज्य | पार्टी | परिणाम/सफलता |
|---|---|---|---|
| एम.जी.रामचंद्रन | तमिलनाडु | AIADMK | 10 साल तक मुख्यमंत्री रहे |
| एन.टी. रामा राओ | आंध्र प्रदेश | TDP | पार्टी बनाने के 9 महीने बाद ही भारी बहुमत से सीएम बने |
| जे. जयललिता | तमिलनाडु | AIADMK | कई बार मुख्यमंत्री रहीं |
| पवन कल्याण | आंध्र प्रदेश | जाना सेना | साल 2024 के चुनावों में किंगमेकर बनकर उभरे और डिप्टी सीएम बने |
| विजयकांत | तमिलनाडु | DMDK | पहले विपक्षी नेता बने और फिर पार्टी का ग्राफ गिर गया |
| कमल हासन | तमिलनाडु | MNM | साल 2021 में खुद की सीट हार गए |
| चिरंजीवी | आंध्र प्रदेश | PRP | साल 2008 में पार्टी बनाई, साल 2011 में कांग्रेस में विलय कर दिया |
तमिलनाडु में तीसरे विकल्प का उदय?
अगर आज के रुझान अंतिम नतीजों में बदलते हैं, तो थलापति विजय न केवल एक सफल राजनेता बनकर उभरेंगे, बल्कि DMK और AIADMK के वर्चस्व को भी चुनौती देंगे। इस चुनाव के नतीजे साबित करेंगे कि तमिलनाडु की जनता आज भी अपने फिल्मी नायक को राजनेता बनाने का माद्दा रखती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन