'मुझे भारत से धोखा मिला, वापस ईरान जाना है', मंदाना के बयान पर भड़के लोग, सुनिए क्या कहा
ईरान में जन्मीं बॉलीवुड एक्ट्रेस मंदाना करीमी ने एक इंटरव्यू में भारत के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए कहा है कि उन्हें अपने घर वापस जाना है। एक्ट्रेस ने कहा कि वह खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही हैं।

ईरान में जन्मीं बॉलीवुड एक्ट्रेस मंदाना करीमी ने भारत छोड़ने का ऐलान कर दिया है। मंदाना ने एक इंटरव्यू में कहा कि उन्हें लगता है कि भारत ने उन्हें धोखा दिया है। मंदाना करीमी ने कहा कि वह उस पल का इंतजार कर रही हैं जब वह हमेशा के लिए वापस ईरान लौट जाएंगी। एक्ट्रेस का यह बयान ऐसे समय में आया है जब ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की अमेरिका और इजरायल के हमले में जान चली गई। खामेनेई की मौत के बाद मिडिल ईस्ट में जंग जैसे हालात बने हुए हैं।
'नया शासन आते ही वापस चली जाऊंगी'
मंदाना करीमी ने इंस्टैंट बॉलीवुड के साथ बातचीत में कहा कि उनके बैग पैक हो चुके हैं और वह भारत छोड़ने की तैयारी में हैं। मंदाना ने कहा, ‘ईरान ने अयातुल्ला अली खामेनेई की जगह किसी और को लाने का फैसला किया है, जिससे मैसेज साफ है कि अब इस सत्ता को जाना ही होगा। मैं एक आजाद ईरान का सपना देख रही हूं, जहां महिलाएं जो चाहें वो पहन सकें, अपनी मर्जी की यूनिवर्सिटी में पढ़ सकें और जहां हम दुनिया के लिए खतरा न हों। जिस पल यह ऐलान होगा कि शासन बदल गया है, मैं उसी वक्त ईरान चली जाऊंगी।’
'मुझे लगता है भारत ने मुझे धोखा दिया है'
भारत के साथ अपने रिश्तों पर बात करते हुए मंदाना भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि वह बहुत कम उम्र में भारत आई थीं और इस देश ने उन्हें मॉडलिंग, एक्टिंग और बहुत सारा प्यार दिया, लेकिन अब उन्हें लगता है कि यहां उनकी कोई आवाज नहीं है। मंदाना ने आरोप लगाया, ‘पिछले 2 महीनों में मैंने मुंबई में बहुत अकेलापन महसूस किया है। मैं ईरान के सपोर्ट में विरोध प्रदर्शनों में गई और खुलकर बात की, जिसकी वजह से मैंने अपने कई तथाकथित दोस्तों को खो दिया। मुझे लगता है कि भारत ने मुझे एक तरह से धोखा दिया है। अब वो वक्त आ गया है कि मैं आगे बढ़ूं।’
भारत के साथ 'ब्रेकअप' का बनाया मन
मंदाना करीमी का कहना है कि भारत छोड़ने का फैसला उनके लिए बहुत मुश्किल है क्योंकि यहां उनके कई दोस्त और यादें जुड़ी हैं, लेकिन अब उन्हें घर की याद सता रही है। उन्होंने कहा कि इंडिया ने उन्हें वो सब दिया जो उसे देना था, लेकिन अब वो अपने मुल्क वापस जाकर एक आजाद नागरिक की तरह जीना चाहती हैं। मंदाना के इस बयान ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है। एक्ट्रेस के भारत से धोखा खाने वाले बयान पर लोग रिएक्ट कर रहे हैं और अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। कमेंट सेक्शन में जहां कुछ लोग एक्ट्रेस की बातों से इत्तेफाक रखते नजर आए, तो वहीं ऐसे लोगों की भी कोई कमी नहीं है, जो उनसे नाराज दिखे।
कमेंट सेक्शन में भड़के भारतीय यूजर्स
एक्ट्रेस के इस बयान पर लोगों का पारा चढ़ता नजर आया। एक फॉलोअर ने लिखा- पहली फुरसत में निकल। दूसरे ने लिखा- इसने ऑपरेशन सिंदूर के वक्त पाकिस्तान को सपोर्ट किया था। एक शख्स ने लिखा- कल की जाती आज चली जाओ। हमें भारत में ऐसे लोग नहीं चाहिए जो भारत के साथ खड़े नहीं हो सकते। एक्ट्रेस के एक फॉलोअर ने लिखा- तुम यह सब सिर्फ भारत में बोल पा रही हो। दूसरे ने लिखा- भगवान करे तुम्हें वहां यहां से ज्यादा आजादी नसीब हो जाए। बाकी जो कुछ कह रही हो वो तुम्हारे भारतीय फैंस जरूर याद रखेंगे। इसी तरह के ढेरों कमेंट लोगों ने एक्ट्रेस की पोस्ट पर किए हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन