क्या टी20 वर्ल्ड कप की 'डक किंग' बनेगी टीम इंडिया? शर्मनाक लिस्ट में बांग्लादेश और युगांडा के नजदीक
एक टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा डक झेलने वाली टीमों की लिस्ट में भारत फिलहाल चौथे स्थान पर है। टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप के मौजूदा संस्करण में 11 डक का मुंह देख चुकी है।

डिफेंडिंग चैंपियन भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पहली हार साउथ अफ्रीका ने थमाई है। साउथ अफ्रीका ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 187/7 का स्कोर बनाने के बाद भारत को 76 रनों से शिकस्त दी। भारतीय टीम 18.5 ओवर में 111 रनों पर सिमटी। यह भारत की टी20 वर्ल्ड कप में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी हार है। भारत ने ना सिर्फ ऐतिहासिक हार का सामना किया बल्कि एक शर्मनाक लिस्ट में टॉप भी किया। भारत मौजूदा टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा डक झेलनी वाली टीम बन चुकी है। भारतीय टीम ने अभी तक 11 बार डक का मुंह देखा है। भारत ने इटली की टीम (8 बार) को पछाड़ा, जो शुरुआत चरण से बाहर हो गया।
क्या'डक किंग' बन जाएगी टीम इंडिया?
क्रिकेट मैच में जब कोई खिलाड़ी बिना रन बनाए आउट होता है तो उसे डक कहा जाता है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन भारतीय खिलाड़ी (ईशान किशन, रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह) शून्य पर आउट हुए। भारत टी20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा डक झेलने वाली टीमों की शर्मनाक लिस्ट में फिलहाल चौथे स्थान पर है। भारत, साउथ अफ्रीका मैच में तीन डक का मुंह देखने के बाद लिस्ट में बांग्लादेश और युगांडा के नजदीक पहुंच गया है। बांग्लादेश ने 2021 टी20 वर्ल्ड कप और युगांडा ने 2024 में आयोजित टूर्नामेंट में 13-13 बार डक झेला। सूची में शीर्ष पर स्कॉटलैंड है, जिसने 2021 में 16 मर्तबा डक झेला। भारत ने अगर पांच डक और झेले तो स्कॉटलैंड पीछे छूट जाएगा। भारत के अभी दो सुपर-8 मैच बाकी हैं।
एक टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा डक झेलने वाली टीमें
16 - स्कॉटलैंड (2021)
13 - युगांडा (2024)
13 - बांग्लादेश (2021)
11 - भारत (2026)
10 - अफगानिस्तान (2024)
10 - नीदरलैंड (2022)
अभिषेक शर्मा तीन बार शून्य पर लौटे
जारी टी20 वर्ल्ड कप में तीन बार डक का शिकार होने वाले सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का साउथ अफ्रीका मैच में खाता तो खुला लेकिन उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके। उन्होंने 12 गेंदों में दो चौकों और एक छक्के की मदद से 15 रन बनाए। उन्हें मार्को यान्सेसन ने पांचवे ओवर में कॉर्बिन बॉश को कैच कराया। 188 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की आधी टीम 51 रनों पर ढेर हो गई थी। तिलक वर्मा (1) दहाई अंक में नहीं पहुंचे जबकि कप्तान सूर्यकमार यादव ने 18 और वॉशिंगटन सुंदर ने 11 रनों का योगदान दिया। भारत टूर्नामेंट में अपना अगला सुपर-8 मैच जिम्बाब्वे के विरुद्ध खेलेगा, जो 26 फरवरी को चेन्नई में आयोजित होगा।





साइन इन