U19 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बनी ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान की किस्मत भारत के हाथ
ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। बचे 3 पायदानों के लिए भारत-पाकिस्तान समेत 6 टीमों के बीच रेस जारी है। आईए समझते हैं समीकरण-

अंडर-19 वर्ल्ड कप अब अपने अंतिम पड़ाव की तरफ बढ़ रहा है। सेमीफाइनल के लिए रेस जारी है। ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटा लिया है। ऑस्ट्रेलिया सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। बचे 3 पायदानों के लिए भारत-पाकिस्तान समेत 6 टीमों के बीच जंग जारी है। सेमीफाइनल की रेस में भारत और पाकिस्तान के अलावा अभी भी अफगानिस्तान, श्रीलंका, वेस्टइंडीज और इंग्लैंड की टीमें हैं। आईए एक नजर अंडर-19 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल समीकरण पर डालते हैं-
भारत सेमीफाइनल की दहलीज पर
ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड की तरह भारत भी अभी तक मौजूदा अंडर-19 वर्ल्ड कप में एक भी मैच नहीं हारा है। सुपर-6 में टीम इंडिया ग्रुप-2 में है। टीम इंडिया 6 पॉइंट्स के साथ अपने ग्रुप के टॉप पर है। भारत का सुपर-6 का अगला और आखिरी मैच पाकिस्तान के खिलाफ है। टीम इंडिया इस मैच में जीत दर्ज कर आसानी से सेमीफाइनल में पहुंच सकती है। वहीं अगर भारत को हार का सामना करना पड़ता है तो उन्हें इंग्लैंड के मैच पर निर्भर रहना होगा। दरअसल, भारत की हार के बाद मामला नेट रन रेट पर फंस जाएगा। हालांकि टीम इंडिया (+3.337) का नेट रन रेट इंग्लैंड (+1.989) और पाकिस्तान (+1.484) से काफी बेहतर है।
पाकिस्तान की किस्मत भारत के हाथ
पाकिस्तान की किस्मत अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत के हाथ है। अगर पाकिस्तान को टीम इंडिया के खिलाफ जीत भी मिलती है तो भी उन्हें सेमीफाइनल का टिकट हासिल करने के लिए इंतजार करना होगा। दरअसल, टीम इंडिया और इंग्लैंड के पहले से ही 6-6 अंक है, वहीं पाकिस्तान अभी 4 पॉइंट्स के साथ तीसरे पायदान पर है। इंग्लैंड का आखिरी मैच न्यूजीलैंड से बाकी है। ऐसे में पाकिस्तान अभी बुरी तरह से फंसा हुआ है। उन्हें सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए ना सिर्फ भारत पर जीत दर्ज करनी होगी, बल्कि अपने नेट रन रेट में भी सुधार करना होगा।
इंग्लैंड को जीत की दरकार
इंग्लैंड का सुपर-6 का आखिरी मैच न्यूजीलैंड से है, जो टूर्नामेंट से पहले ही बाहर हो चुकी है। इंग्लैंड अगर अपना विजयी अभियान जारी रखते हुए न्यूजीलैंड पर जीत दर्ज करने में कामयाब रहती है तो वह बिना किसी दिक्कत परेशानी के सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लेगी, वहीं अगर उन्हें आखिरी मैच में हार का सामना करना पड़ता है तो मामला नेट रन रेट पर आकर फंस जाएगा। पाकिस्तान और इंग्लैंड के नेट रन रेट में ज्यादा अंतर नहीं है।
ग्रुप-1 में अफगानिस्तान, श्रीलंका और वेस्टइंडीज रेस में
ग्रुप-1 से ऑस्ट्रेलिया सेमीफाइनल का टिकट कटा चुका है, ऐसे में बची तीन टीमों में से कोई एक ही नॉकआउट में अपनी जगह बना पाएगी। अफगानिस्तान, श्रीलंका और वेस्टइंडीज के 4-4 अंक है। वेस्टइंडीज अपने सभी मैच खेल चुका है। वहीं अफगानिस्तान का अगला मैच आयरलैंड से तो श्रीलंका का साउथ अफ्रीका से है। वेस्टइंडीज के सेमीफाइनल में पहुंचने के चांसेस काफी कम है, क्योंकि उनका नेट रन रेट -0.421 का है। वहीं अफगानिस्तान और श्रीलंका को एक जीत सेमीफाइनल का टिकट दिला सकती है। अगर दोनों टीमें हारती या जीतती है तो नेट रन रेट के आधार पर कोई एक टीम अगले राउंड में पहुंचेगी।





साइन इन