देखें T20I में टीम इंडिया के 5 सबसे बड़े स्कोर, ईशान के दम पर न्यूजीलैंड के खिलाफ रचा इतिहास
India vs New Zealand: भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवे टी20 मैच में 271/5 का विशाल स्कोर बनाया। यह सबसे छोटे फॉर्मेट में भारत का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है।

ईशान किशन के बल्ले से शनिवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवे टी20 में तूफानी शतक निकला। उन्होंने तिरुवनंतपुरम के मैदान पर 43 गेंदों में 6 चौकों और 10 छक्कों की मदद से 103 रन जुटाए। यह उनका भारत के लिए सबसे छोटे फॉर्मेट में पहला शतक है। ईशान की पारी के दम पर भारत ने पांच विकेट के नुकसान पर 271 रन जुटाए। यह भारत का टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में तीसरे सबसे बड़ा स्कोर है। वहीं, टीम इंडिया ने T20I में न्यजीलैंड के खिलाफ पहली बार 250 प्लस का स्कोर बनाकर इतिहास रचा। भारत से पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे बड़े टोटल का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाम था। ऑस्ट्रेलिया ने 2018 में ऑक्लैंड में पांच विकेट पर 245 रन बटोरे थे।
बता दें कि भारत ने टी20 इंटरनेशनल में चौथी बार 250 प्लस रन बनाने का कारनामा अंजाम दिया है। भारत का इस फॉर्मेट में सबसे बड़ा स्कोर 297/6 है। भारत ने यह कमाल 2024 में हैदराबाद में बांग्लादेश के विरुद्ध किया था। उस मैच में संजू सैमसन ने शतक जबकि कप्तान सूर्यकमार यादव ने 75 रन बनाए थे। भारत ने तब 133 रनों से जीत दर्ज की थी। भारत ने 2024 में जोहान्सबर्ग में साउथ अफ्रीका के खिलाफ एक विकेट गंवाकर 281 रन जोड़े थे। उस वक्त सैमसन और तिलक वर्मा ने शतक जामाया था और भारत 135 रनों से जीता। तिलक चोटिल होने के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में नहीं खेले। उनके टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलने की उम्मीद है, जो सात फरवरी से शुरू होने जा रहा।
T20I में टीम इंडिया के 5 सबसे बड़े स्कोर
297/6 बनाम बांग्लादेश, हैदराबाद, 2024
283/1 बनाम साउथ अफ्रीका, जोहान्सबर्ग, 2024
271/5 बनाम न्यूजीलैंड, तिरुवनंतपुरम, 2026
260/5 बनाम श्रीलंका, इंदौर, 2017
247/9 बनाम इंग्लैंड, मुंबई, 2025
टॉस जीतकर बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम को संजू सैमसन (6) ने फिर निराश किया। उनके बाद आए ईशान ने बखूबी मोर्चा संभाला। अभिषेक शर्मा (16 गेंद में 30 रन) ने शुरूआत तो अच्छी की लेकिन फिफ्टी की दहलीज तक नहीं पहुंचे। भारत का स्कोर पावरप्ले के बाद दो विकेट पर 54 रन था। इसके बाद ईशान और सूर्यकुमार ने मोर्चा संभाला। चोट के कारण चौथे टी20 से बाहर रहे ईशान ने मैदान के चारों ओर स्ट्रोक्स लगाए। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 137 रन की साझेदारी की। सूर्या ने 30 गेंद में चार चौकों और छह छक्कों की मदद से 63 रन की पारी खेली। हार्दिक पांड्या ने आखिरी ओवरों में 17 गेंद में 42 रन बनाकर भारत कों 250 के पार पहुंचाया।





साइन इन