T20 World Cup 2026 Most Runs and Most Wickets: ये पाकिस्तानी रहा नंबर-1, ईशान किशन और वरुण चक्रवर्ती टॉप-5 में
T20 World Cup 2026 Most Runs and Most Wickets: ग्रुप स्टेज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज पाकिस्तान के साहिबजादा फरहार रहे, वहीं ईशान किशन टॉप-5 में हैं। वरुण चक्रवर्ती ने गेंदबाजी में कमाल किया।

T20 World Cup 2026 Most Runs and Most Wickets: ऑस्ट्रेलिया वर्सेस ओमान टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 40वें मुकाबले के साथ ग्रुप स्टेज का अंत हो गया है। आखिरी मुकाबले में कंगारुओं ने ओमान को 9 विकेट से धोया। सुपर-8 के लिए क्वालीफाई करने वाली सभी 8 टीमों का नाम पहले ही साफ हो चुका है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 का अगला राउंड 22 फरवरी से शुरू होना है। ऐसे में आईए एक नजर टी20 वर्ल्ड कप 2026 ग्रुप स्टेज में सबसे ज्यादा रन और सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट पर डालते हैं-
पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान नंबर-1
पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ग्रुप स्टेज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। 4 मैचों में एक शतक और एक अर्धशतक के साथ इस विस्फोटक बल्लेबाज ने सबसे अधिक 220 रन बनाए। उनके अलावा कोई बल्लेबाज ग्रुप स्टेज में 200 रन का आंकड़ा नहीं छू सका। दूसरे नंबर पर श्रीलंका के पाथुम निसंका रहे, जिन्होंने 4 मैचों में 66.33 की औसत और 156.69 के स्ट्राइक रेट के साथ 199 रन बनाए। निसंका भी अभी तक 1 शतक और 1 अर्धशतक जड़ चुके हैं।
टॉप-5 बल्लेबाजों की इस लिस्ट में एकमात्र भारतीय ईशान किशन है। ग्रुप स्टेज खत्म होते-होते ईशान 5वें पायदान पर खिसक गए हैं। 4 मैचों में 2 अर्धशतकों के साथ ईशान किशन के बल्ले से टी20 वर्ल्ड कप 2026 ग्रुप स्टेज में 176 रन निकले, पाकिस्तान के खिलाफ ‘महामुकाबले’ में उन्होंने 77 रनों की धुआंधार पारी खेल प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीता था।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 ग्रुप स्टेज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाज
साहिबजादा फरहान- 220
पाथुम निसंका- 199
कुसल मेंडिस- 182
एडन मारक्रम- 178
ईशान किशन- 176
USA के गेंदबाज शैडली वैन शाल्कविक ने काटा गदर
टी20 वर्ल्ड कप 2026 ग्रुप स्टेज से ही भले ही USA की टीम बाहर हो गई हो, मगर उनके गेंदबाज शैडली वैन शाल्कविक ने मात्र 4 मैचों में ही गदर काट दिया। वह ग्रुप स्टेज में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाज रहे। शैडली वैन शाल्कविक ने 4 मैचों में सबसे अधिक 13 विकेट लिए, उनके अलावा कोई गेंदबाज 10 विकेट का आंकड़ा तक नहीं छू पाया। दूसरे पायदान पर भारत के वरुण चक्रवर्ती रहे, जिन्होंने इतने ही मैचों में 9 विकेट चटकाए। शैडली वैन शाल्कविक ने इस दौरान 2 बार 4-विकेट हॉल लिए। टी20 वर्ल्ड कप 2026 ग्रुप स्टेज में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले टॉप-5 गेंदबाजों की इस लिस्ट में जिम्बाब्वे, स्कॉटलैंड और अफगानिस्तान का भी एक-एक खिलाड़ी मौजूद है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 ग्रुप स्टेज में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले टॉप-5 गेंदबाज
शैडली वैन शाल्कविक- 13
वरुण चक्रवर्ती- 9
ब्लेसिंग मुजरबानी- 9
माइकल लीस्क- 9
अजमतुल्लाह उमरजई- 9





साइन इन