Suryakumar Yadav Removed as India T20I Captain Dropped from Team shreyas iyer सूर्यकुमार यादव से छिनी टी20 की कप्तानी, अब टीम इंडिया में जगह मिलना भी मुश्किल, Cricket Hindi News - Hindustan

सूर्यकुमार यादव से छिनी टी20 की कप्तानी, अब टीम इंडिया में जगह मिलना भी मुश्किल

सूर्यकुमार यादव को भारतीय टी20 टीम की कप्तानी से हटा दिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक टीम में उनकी जगह पर अब विचार नहीं किया जाएगा।

Wed, 3 June 2026 10:20 PMHimanshu Singh लाइव हिन्दुस्तान
share
सूर्यकुमार यादव से छिनी टी20 की कप्तानी, अब टीम इंडिया में जगह मिलना भी मुश्किल

सूर्यकुमार यादव को भारतीय टी20 टीम की कप्तानी से हटा दिया गया है। इसके साथ ही अब वह भारतीय टी20 टीम में बतौर बल्लेबाज भी खेलते हुए नजर नहीं आएंगे। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में ही भारत ने इस साल टी20 विश्व कप का खिताब जीता था। इसके अलावा उनके नेतृत्व में भारत ने लगातार आठ द्विपक्षीय सीरीज जीती और 2025 एशिया कप भी अपने नाम किया था। लेकिन पिछले कुछ समय से वह खराब फॉर्म से गुजर रहे थे। सूर्युकमार हाल ही में समाप्त हुए आईपीएल 2026 सीजन में भी रन बनाने के लिए संघर्ष करते हुए दिखे। उन्होंने 13 मैचों में 270 रन बनाए।

गंभीर-टीम मैनेजमेंट ने लगाई मुहर

एक वरिष्ठ बीसीसीआई अधिकारी ने द इंडियन एक्सप्रेस से कहा, ''चयन समिति, BCCI और टीम मैनेजमेंट ने कोच गौतम गंभीर से परामर्श के बाद फैसला किया है कि अब भारत को नया कप्तान चुनना चाहिए। सूर्या की कप्तानी में टीम ने टी-20 वर्ल्ड कप जरूर जीता, लेकिन उनके फॉर्म और भविष्य को ध्यान में रखते हुए, उन्हें लगा कि अब आगे बढ़ने का समय आ गया है।”

रोहित की जगह बने थे कप्तान

सूर्यकुमार यादव को जुलाई 2024 में भारतीय टी20 टीम की कमान मिली थी। उन्होंने रोहित शर्मा की जगह ली थी, जिनकी कप्तानी में भारत दूसरी बार टी20 वर्ल्ड चैंपियन बना था। उस समय वह टी20 इंटरनेशनल में दुनिया के नंबर वन बल्लेबाज थे और अपनी बल्लेबाजी से सबको प्रभावित किया था। उन्होंने कप्तानी की रेस में हार्दिक पांड्या को पीछे छोड़ा था, जोकि पिछले साल तक टीम के कार्यवाहक कप्तान की भूमिका में थे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:वैभव सूर्यवंशी स्कूल में होता तो बॉलिंग नहीं करनी पड़ती, कमिंस ने बयां किया दर्द

श्रेयस अय्यर बन सकते हैं कप्तान

भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर नए कप्तान बनने की रेस में आगे हैं। आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के दौरान भारत नए कप्तान के साथ खेलेगा। इसके अलावा तिलक वर्मा, ईशान किशन और संजू सैमसन भी कप्तानी की दौड़ में शामिल हैं।

सूर्यकुमार का बतौर बैटर अर्श से फर्स तक का सफर

सूर्यकुमार यादव टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के सबसे विस्फोटक बल्लेबाजों में से एक रहे हैं। मैदान के हर कोने में शॉट खेलने की अपनी काबिलियत के कारण उन्हें 'मिस्टर 360 डिग्री' कहा जाता है। हालांकि पिछले दो साल से उनके बल्ले से ज्यादा रन नहीं निकले और एक समय तो वह टी20 विश्व कप के लिए चुनी गई टीम में सिर्फ इसलिए शामिल किए गए क्योंकि वह कप्तान थे।

उन्होंने मार्च 2021 में डेब्यू किया था और उसके बाद से लगभग तीन साल तक दमदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 2022 और 2023 में ICC T20I प्लेयर ऑफ द ईयर अवॉर्ड भी जीता। आईसीसी की टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में लंबे समय तक नंबर वन बल्लेबाज रहे। इसके साथ ही टी20I फॉर्मेट में भारत के सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में से एक के रूप में उनका लंबा सफर समाप्त हो गया है। वह भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में शामिल हैं। सूर्यकुमार यादव ने टी20 इंटरनेशनल में 113 मैचों में 3272 रन बनाए हैं। उन्होंने 4 शतक और 25 अर्धशतक लगाए हैं। उनका हाईएस्ट स्कोर 117 रन है।

Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap in IPL 2026 और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule आज के बड़े मुकाबले PBKS vs MI Live Score और पल-पल के Live Cricket Score अपडेट्स के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी क्रिकेट अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।