टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतकर भी नहीं भरा सूर्यकुमार यादव का मन, बताया टीम इंडिया का अगला ‘गोल’
सूर्यकुमार यादव ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने के बाद टीम इंडिया का अगला गोल ‘गोल्ड’ जीतना बताया है। भारत ने न्यूजीलैंड को फाइनल में हराकर बैक-टू-बैक दूसरी टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीती है।

बतौर कप्तान टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर भी सूर्यकुमार यादव का मन नहीं भरा है। उन्होंने न्यूजीलैंड को रौंदने के बाद टीम इंडिया का अगला गोल ‘गोल्ड’ बताया है। बता दें, न्यूजीलैंड के खिलाफ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए इस खिताबी मैच को भारत ने 96 रनों के बड़े अंतर से जीता है। टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया ने अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और ईशान किशन के अर्धशतकों की मदद से 255 रन बोर्ड पर लगाए थे, इसके जवाब में पूरी न्यूजीलैंड की टीम 159 रनों पर सिमट गई। भारत ने यह बैक टू बैक दूसरा टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता है।
IND vs NZ फाइनल के बाद सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “जाहिर है, पिछले एक महीने में यह एक शानदार सफर रहा है, हालांकि यह उस तरह से शुरू नहीं हुआ जैसा हम चाहते थे, लेकिन फिर यह खेल का हिस्सा है। आज तक के पूरे सफर में। यह बहुत खास रहा है और एक टीम के तौर पर हमने जो हासिल किया है, मुझे लगता है कि यह आपके सामने है, इसलिए मैं उससे बहुत खुश हूं और जैसा कि आपने सही कहा, निश्चित रूप से अगला गोल ओलंपिक्स है, और उस साल T20 वर्ल्ड कप भी। भूलना मत।”
भारतीय कप्तान ने जोर देकर कहा कि 2024 T20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद टीम के नजरिए में बड़ा बदलाव आया, जब टीम ने ज्यादा अग्रेसिव और मॉडर्न स्टाइल का क्रिकेट अपनाया, जिससे बड़े टूर्नामेंट में नतीजे मिलते रहे।
उन्होंने कहा, "2024 के बाद सब कुछ बदल गया। हमने 2024 में एक अलग तरह का क्रिकेट खेला, और वहां से, हम समझ गए कि इस टीम को कैसे आगे बढ़ना है, कैसे खेलना है। और तब से यह एक शानदार सफर रहा है।"
सूर्यकुमार ने बताया कि टीम का विकास ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में सफलता के साथ शुरू हुआ और घरेलू मैदान पर T20 वर्ल्ड कप में उनके शानदार प्रदर्शन के साथ जारी रहा।
उन्होंने कहा, "हमने 2025 में ICC चैंपियंस ट्रॉफी जीती, बिल्कुल अलग तरह का क्रिकेट खेला, और अब, 2026 में, हम यहीं घरेलू दर्शकों के सामने कुछ खास करना चाहते थे। इसलिए हम 27 - 28 - 29 तक ऐसा करना जारी रखना चाहते हैं और कभी रुकना नहीं चाहते।"





साइन इन