शिखर धवन ने वैभव सूर्यवंशी के 'इंडिया डेब्यू' की बातों पर कहा- वह अभी बच्चा है, लेकिन…
शिखर धवन ने वैभव सूर्यवंशी के 'इंडिया डेब्यू' की चर्चाओं पर कहा कि वह अभी बच्चा है, लेकिन जिस तरह से बुमराह और अर्शदीप को छक्के लगा रहा है, उसे देखना दिलचस्प है। सूर्यवंशी आईपीएल 2026 में कमाल करते जा रहे हैं।

टीम इंडिया के पूर्व ओपनर शिखर धवन ने राजस्थान रॉयल्स के तूफानी ओपनर वैभव सूर्यवंशी के इंडिया डेब्यू को लेकर बड़ा बयान दिया है। शिखर धवन ने कहा है कि भले ही उनकी उम्र 15 साल है, लेकिन जब कोई खिलाड़ी उच्च स्तर पर दमदार प्रदर्शन कर रहा है तो फिर उम्र मायने नहीं रखती है। धवन ने युवा खिलाड़ी के निडर रवैये की जमकर तारीफ की, जो टॉप-क्वालिटी गेंदबाजों के खिलाफ बेखौफ खेल रहे हैं। धवन ने यह भी बताया कि इतनी कम उम्र में इतना आत्मविश्वास बहुत कम खिलाड़ियों में देखने को मिलता है।
शिखर धवन ने PTI को दिए एक इंटरव्यू में कहा, "अगर वैभव सूर्यवंशी सीनियर लेवल पर शानदार परफॉर्म कर रहा है तो उसे गिना जाना चाहिए, उसकी उम्र को नहीं। हां, वह बच्चा है, लेकिन जिस तरह से वह बुमराह और अर्शदीप की गेंदों पर इतने बड़े छक्के मारता है, वह कमाल का है। बहुत से बड़े खिलाड़ी इतनी कम उम्र में वह नहीं कर पाए जो उसने किया है। ज़ाहिर है, उसका समय आएगा। यह आना ही है।"
आईपीएल 2025 के बाद से ही लगातार यूथ क्रिकेट में और अब आईपीएल में तूफानी बल्लेबाजी कर रहे वैभव सूर्यवंशी आईपीएल में सबसे पहले 400 रनों तक पहुंचने वाले बल्लेबाज बने हैं। उनका स्ट्राइक रेट 238.10 का है। 37 छक्के वे अब तक जड़ चुके हैं, जबकि उनके चौकों की संख्या उनके छक्कों की संख्या से कम है। ऐसे में हर कोई इस बात की वकालत कर रहा है कि वैभव सूर्यवंशी को भारत की सीनियर टीम में शामिल किया जाना चाहिए, लेकिन शिखर धवन ने माना है कि उनके लिए अभी के लिए यह चुनौती है।
धवन ने माना कि जमे-जमाए भारतीय टॉप ऑर्डर में सेंध लगाना अभी भी वैभव सूर्यवंशी के लिए एक चुनौती है। भारत ने हाल ही में 2026 T20 वर्ल्ड कप जीता है और संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा जैसे खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, ऐसे में इस युवा को मौके आसानी से नहीं मिलेंगे। वनडे क्रिकेट में कप्तान शुभमन गिल और रोहित शर्मा ओपनर हैं। टेस्ट क्रिकेट में यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल सेटल नजर आ रहे हैं। बैकअप ओपनर्स के तौर पर उन्हें टीम के साथ रखा जा सकता है, लेकिन उसके लिए भी पर्याप्त विकल्प भारत के पास हैं।
टॉप ऑर्डर अच्छा है तो कैसे बदलेंगे?
गब्बर के नाम से फेमस पूर्व ओपनर ने कहा, "देखो, अगर टॉप ऑर्डर अच्छा कर रहा है तो आप उन्हें आसानी से रिप्लेस नहीं कर सकते। जब मैं, रोहित और विराट खेल रहे थे, तो हम लगभग एक दशक तक खेले और हमें रिप्लेस करना आसान नहीं था। यह हर किसी पर निर्भर करता है कि वे इसे कैसे लेते हैं। यह आपको थोड़ा चुभ सकता है, लेकिन अगर मौका आसानी से नहीं मिलता है तो निराश नहीं होना चाहिए। वैभव को इस कम उम्र में बहुत आशीर्वाद मिला है।"
धवन ने नए बल्लेबाजों के इंटेंट पर भी बात की और कहा, "जब हमने शुरू किया तो हमारे कोच कहते थे कि जमीन के साथ शॉट मारो, लेकिन अब यह उल्टा हो रहा है। जैसे वैभव का डिफेंस अच्छा है, क्योंकि मैंने उसे अपनी बॉडी के पास डिफेंस करते देखा है। टेक्निक अच्छी होनी चाहिए, लेकिन फॉर्मेट बदलने के लिए माइंडसेट में बदलाव की जरूरत होती है, यह जानते हुए कि आपको कब पेस बढ़ानी या घटानी है। यह मैच प्रैक्टिस से आता है। आज की जेनरेशन T20 के बेसिस पर अपना गेम बना रही है। इसलिए उनके लिए चैलेंज होंगे।"





साइन इन