सरफराज खान के ऐतिहासिक अर्धशतक पर मुंबई के बल्लेबाजों ने फेरा पानी, पंजाब की 1 रन से रोमांचक जीत
पंजाब ने मुंबई को उस समय दंग किया, जब विजय हजारे ट्रॉफी में उन्होंने 1 रन से हैरतअंगेज जीत दर्ज की। मुंबई के खिलाफ सरफराज खान ने ऐतिहासिक अर्धशतक गया, मगर उनकी यह पारी बेकार गई।

मुंबई वर्सेस पंजाब विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 का मुकाबला आज यानी गुरुवार, 8 जनवरी को जयपुर के जयपुरिया विद्यालय मैदान पर खेला गया था। इस मैच में पंजाब ने मुंबई को दंग करते हुए 1 रन से करीबी जीत दर्ज की। एक समय पर ऐसा लग रहा था कि मुंबई इस मैच को आसानी से जीत जाएगा, मगर पंजाब के गेंदबाजों ने अंतिम समय में मैच को पलटकर हर किसी को हैरान कर दिया। ऐसे में मुंबई के स्टार बल्लेबाज सरफराज खान का ऐतिहासिक अर्धशतक भी बेकार गया। उन्होंने पंजाब के खिलाफ 15 गेंदों पर फिफ्टी ठोकी थी, जो लिस्ट-ए में किसी भी भारतीय द्वारा ठोका गया सबसे तेज अर्धशतक है।
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी पंजाब की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दोनों सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और प्रभसिमरन सिंह सस्ते में पवेलियन लौट गए। मिडिल ऑर्डर में रमनदीप सिंह ने 72 तो अनमोलप्रीत सिंह ने 57 रनों की पारी खेली जिसके दम पर पंजाब 216 के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही। हालांकि टीम पूरे 50 ओवर क्रीज पर नहीं टिक सकी।
217 के टारगेट का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम को सधी हुई शुरुआत मिली। अंगक्रिश रघुवंशी और मुशीर खान ने पहले विकेट के लिए 8.2 ओवर में 57 रन जोड़े। इसके बाद बैटिंग करने आए सरफराज खान ने तो माहौल ही गर्म कर दिया।
सरफराज खान ने अभिषेक शर्मा के 10वें ओवर में 30 रन बटौर अपनी पारी को तूफानी शुरुआत दी। उन्होंने 15 गेंदों में फिफ्टी जड़ा। सरफराज की पारी का अंत 62 के स्कोर पर हुआ। उन्होंने 20 गेंदों पर 7 चौकों और 5 छक्कों की मदद से यह रन बनाए।
सरफराज जब आउट हुए तो मुंबई का स्कोर 14.4 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 139 रन था। श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे जैसे बल्लेबाज टीम में थे और स्कोरबोर्ड पर ज्यादा रन नहीं बचे थे। उस समय ऐसा लग रहा था कि मुंबई आसानी से यह मैच जीत जाएगी।
201 के स्कोर पर जब मुंबई को श्रेयस अय्यर के रूप में 6ठा झटका लगा तो वहां से बाजी पलट गई। मयंक मार्कंडे ने बैक टू बैक विकेट निकालकर मुंबई की पूरी टीम को 215 रनों पर ढेर कर दिया।





साइन इन