संजू सैमसन ने रच दिया इतिहास, 29 कोशिशों के बाद वो कर दिखाया जिसका सभी को इंतजार था
संजू सैमसन ने इतिहास रच दिया है। 29 कोशिशों के बाद संजू ने वो कर दिखाया है, जिसका सभी को इंतजार था, क्योंकि वे अभी तक टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट और आईपीएल में मैच फिनिश नहीं कर पाए थे।

संजू सैमसन वैसे तो टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में तीन शतक जड़ चुके हैं। आईपीएल में भी उनके नाम 3 शतक है, लेकिन टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 के मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली गई नाबाद 97 रनों की पारी उनके करियर की सबसे बड़ी पारी कही जाएगी। इसके पीछे का कारण ये है कि ये मुकाबला वर्चुअल क्वार्टर फाइनल की तरह था, जिसमें सेमीफाइनल का टिकट दांव पर था। सैमसन की इसी 50 गेंदों में खेली गई 97 रनों की पारी के दम पर टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को हराया और सेमीफाइनल में जगह बनाई।
आपको जानकर हैरानी होगी कि टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में और आईपीएल में ओपनिंग करते हुए संजू सैमसन ने अभी तक मैच फिनिश नहीं किया था, लेकिन 28 बार फेल होने के बाद 29वें प्रयास में मैच को फिनिश किया और नाबाद लौटे। आईपीएल और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 29वीं पारी में ओपनिंग करते हुए वह मैच को फिनिश करने में सफल हुए। इसका सभी को इंतजार था, क्योंकि वे शुरुआत तो कई बार दिला चुके थे, लेकिन पहली बार आखिरी गेंद तक मैच को फिनिश करके ही लौटे।
इतना ही नहीं, संजू सैमसन ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अभी तक रन चेज में अर्धशतक तक नहीं जड़ा था, लेकिन रविवार 1 मार्च 2026 को यह पाप भी उन्होंने एक कमाल की 97 रनों की पारी से धुल दिया। भले ही वह शतक से चूक गए, लेकिन टीम के लिए शतक से भी ज्यादा यादगार पारी खेलकर टीम को सेमीफाइनल में पहुंचाया, जहां उनका मुकाबला इंग्लैंड की टीम से मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 5 मार्च को होगा। पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड की टीम की टक्कर होगी।
196 रनों की रिकॉर्ड रन चेज में संजू सैमसन ने अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत की थी। वे जल्दी आउट हो गए थे, लेकिन सैमसन 50 गेंदों में 12 चौके और 4 छक्कों की मदद से 97 रनों की पारी खेलने में सफल हुए। 194 का उनका स्ट्राइक रेट इस पारी में था। टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास की ये भारत की सबसे बड़ी सफल रन चेज रही।





साइन इन