टी20 विश्व कप सुपर-8 में कौन होंगे भारत के सबसे बड़े हथियार, संजय बांगर ने गिनाए तीन नाम
संजय बांगर ने कहा है कि भारतीय टीम का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन आना अभी बाकी है। उनका मानना है कि जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन सुपर-8 में अहम भूमिका निभाएंगे।
भारतीय टीम टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 चरण में जगह बना चुकी है। टीम का पहला मुकाबला रविवार को दक्षिण अफ्रीका से होगा, जोकि टूर्नामेंट में बेहतरीन फॉर्म में हैं। भारत के पूर्व क्रिकेटर संजय बांगर का मानना है ग्रुप स्टेज में भारतीय टीम भले ही उम्मीद के मुताबिक खेल नहीं दिखा सकी है लेकिन उनका सबसे अच्छा प्रदर्शन अभी बाकी है। भारतीय टीम ने ग्रुप स्टेज में अपने सभी मुकाबले जीते हैं। टीम ने अमेरिका, नामीबिया, पाकिस्तान और नीदरलैंड के खिलाफ जीत हासिल की है।
संजय बांगलर ने जियो स्टार के शो में कहा, ''अच्छी बात यह है कि उनका सबसे अच्छा प्रदर्शन अभी बाकी है। एक और सकारात्मक पहलू यह है कि सभी खिलाड़ियों को प्लेइंग इलेवन में खेलने का मौका मिल चुका है, जो टूर्नामेंट के बाद के चरणों में किसी चोट की स्थिति में बहुत फायदेमंद साबित होगा। सभी खिलाड़ी मैच-रेडी हैं। अगर वह एक विभाग में सुधार करना चाहेंगे तो वो कैचिंग होगा। क्योंकि हमने पाकिस्तान और नीदरलैंड के खिलाफ कैच ड्रॉप होते देखा है।
पूर्व क्रिकेटर संजय बांगर का मानना है कि सुपर-8 में भारत के लिए तीन खिलाड़ी काफी महत्वपूर्ण होने वाला हैं। उन्होंने कहा, ''यहां से तीन खिलाड़ी टी20 विश्व कप में भारत के लिए काफी अहम भूमिका निभाने वाले हैं और ये सभी फॉर्म में हैं। मुझे लगता है अभिषेक के खराब फॉर्म को देखते हुए ईशान किशन की जिम्मेदारी बढ़ गई है। ईशान किशन पर दमदार शुरुआत दिलाने की जिम्मेदारी होगी। इसलिए वह पहले खिलाड़ी हैं। दूसरे खिलाड़ी सूर्यकुमार यादव हैं, उन्होंने लगातार मैचों में स्थिति के अनुसार रन बनाए हैं। तीसरे खिलाड़ी जसप्रीत बुमराह हैं, क्योंकि सब इस भारतीय टीम में स्पिन की मजबूती के बारे में बात कर रहे हैं लेकिन मुझे लगता है बुमराह बड़े मैचों में अहम होंगे।''





साइन इन