RCB के हाथ लगी गुड न्यूज, IPL 2026 में चिन्नास्वामी में होंगे 5 मैच; 2 मुकाबले इस स्टेडियम में
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) आईपीएल 2026 में अपने होम ग्राउंड पर पांच मैच खेलेगी। आरसीबी ने मंगलवार को इसकी पुष्टि की। आरसीबी ने पिछले साल आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की थी।

आईपीएल 2026 से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के हाथ गुड न्यूज लगी है। बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में क्रिकेट की वापसी हो गई है। आरसीबी आगामी सीजन में सात में से 5 घरेलू मैच चिन्नास्वामी में खेलेगी। फ्रेंचाइजी ने मंगलवार को इसकी पुष्टि की। चिन्नास्वामी में भगदड़ की घटना के बाद पहली बार मैच खेले जाएंगे। इससे इन अटकलों पर भी विराम लग गया कि आरसीबी को अपने घरेलू मैच चिन्नास्वामी स्टेडियम पर खेलने का मौका मिलेगा या नहीं। वहीं, आरसीबी के दो मैचों का आयोजन रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होगा। रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी ने पिछले साल पंजाब किंग्स को 6 रनों से हराकर खिताबी सूखा समाप्त किया था।
'महीनों की कड़ी मेहनत के संभव हुआ'
बता दें कि कर्नाटक सरकार ने पिछले महीने चिन्नास्वामी स्टेडियम पर आईपीएल मैच कराने की सैद्धांतिक मंजूरी दी। साल 2025 में आरसीबी के पहली बार आईपीएल खिताब जीतने के बाद जश्न में चिन्नास्वामी स्टेडियम में भगदड़ मच गई थी, जिसमें 11 लोग मारे गए। तब से मैदान पर मैच कराने पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। कर्नाटक और जम्मू-कश्मीर के बीच रणजी ट्रॉफी का फाइनल चिन्नास्वामी के बजाए हुबली के केएससीए स्टेडियम में खेला गया था। आरसीबी ने एक विज्ञप्ति में कहा, ''महीनों की कड़ी मेहनत और सभी संबंधित पक्षों के साथ समन्वय के बाद यह संभव हो पाया है। आरसीबी कर्नाटक सरकार, कर्नाटक प्रदेश क्रिकेट संघ और कर्नाटक पुलिस की शुक्रगुजार है।''
'चिन्नास्वामी सिर्फ हमारा होम ग्राउंड नहीं है'
आरसीबी के सीईओ राजेश मेनन ने कहा, ''एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम सिर्फ हमारा होम ग्राउंड नहीं है। यह वो जगह है जहां एक टीम के तौर पर हमारी पहचान सच में जिंदा होती है। हमारे फैंस बेंगलुरु में जो एनर्जी लाते हैं, वो हमेशा हमारे खिलाड़ियों के लिए एक ड्राइविंग फोर्स रही है। यह एनर्जी खिलाड़ियों को गेम के हर चरण में प्रेरित करती है। हमारे फैंस हर समय हमारे साथ खड़े रहे और अपनी टीम को घर पर खेलते हुए देखने का मौका पाने के हकदार हैं। पूरी बातचीत और परमिशन के लिए जरूरी प्रोसेस पूरा करने के बाद हमें यह कन्फर्म करते हुए खुशी हो रही है कि आरसीबी बेंगलुरु में पांच मैच खेलेगी। हम इसे मुमकिन बनाने में सपोर्ट के लिए कर्नाटक सरकार, केएससीए और कर्नाटक पुलिस का दिल से शुक्रिया अदा करते हैं।''
केएससीए अध्यक्ष ने कुछ यूं किया रिएक्ट
एएनआई के मुताबिक, पूर्व भारतीय गेंदबाज और कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (केएससीए) के अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद ने कहा, ''रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आखिरकार कन्फर्म कर दिया है कि वे इस साल आईपीएल 2026 बेंगलुरु में खेलेंगे। यह मेरे लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। यह लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ मेरे पांच विकेट लेने से कहीं ज्याा बड़ी बात है। यह मैनेजिंग कमेटी का पूरी टीम एफर्ट है। हमने तीन महीने से भी कम समय में इसे हासिल किया है।"





साइन इन