Ravi Shastri stand unveiled at Wankhede Stadium Mumbai Diana Edulji Eknath Solkar and Dilip Sardesai honoured too वानखेड़े स्टेडियम में रवि शास्त्री स्टैंड का अनावरण, इडुल्जी, सोलकर और सरदेसाई भी सम्मानित, Cricket Hindi News - Hindustan

वानखेड़े स्टेडियम में रवि शास्त्री स्टैंड का अनावरण, इडुल्जी, सोलकर और सरदेसाई भी सम्मानित

 रवि शास्त्री के नाम पर वानखेड़े स्टेडियम में एक स्टैंड का अनावरण किया गया। इस मौके पर मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) ने डायना इडुल्जी, एकनाथ सोलकर और दिलीप सरदेसाई जैसे अपने अन्य दिग्गज खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया।

Thu, 9 April 2026 09:54 PMVikash Gaur Bhasha, मुंबई
share
वानखेड़े स्टेडियम में रवि शास्त्री स्टैंड का अनावरण, इडुल्जी, सोलकर और सरदेसाई भी सम्मानित

भारत के पूर्व ऑलराउंडर और टीम इंडिया के कोच रहे रवि शास्त्री के नाम पर वानखेड़े स्टेडियम में गुरुवार को एक स्टैंड का अनावरण किया गया। इस मौके पर मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) ने डायना इडुल्जी, एकनाथ सोलकर और दिलीप सरदेसाई जैसे अपने अन्य दिग्गज खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया। 'शास्त्री स्टैंड' का अनावरण एक समारोह में किया गया जिसमें सुनील गावस्कर और भारत के मौजूदा टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव सहित कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद थीं।

वानखेड़े स्टेडियम के गेट का नाम भारत की पूर्व कप्तान इडुल्जी, भारत के पूर्व ऑलराउंडर सोलकर और सरदेसाई के नाम पर रखा गया। सरदेसाई ने 30 टेस्ट और 179 प्रथम श्रेणी मैच खेले थे। भारत के पूर्व मुख्य कोच शास्त्री वानखेड़े में अपने भाषण के दौरान काफी भावुक नजर आए। शास्त्री ने कहा, ''मेरी पत्नी यहां है, मेरी बेटी यहां है, उसने मुझे कभी खेलते हुए नहीं देखा... मेरी बहन वहां है, मेरा भतीजा वहां है, हर कोई मौजूद है। मुझे खुशी है, बस एक ही बात का दुख है - मेरे पिता। वह मेरे हीरो थे लेकिन आज वह यहां मौजूद नहीं हैं।''

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:KKR की प्लेइंग 11 में हुई नरेन की वापसी, मगर चक्रवर्ती क्यों हैं अभी भी बाहर?

उन्होंने कहा, ''उस जमाने में वह हर मैच गरवारे पवेलियन छोर से देखते थे। अब वह ऊपर (स्वर्ग में) हैं, और उन्हें इस बात पर गर्व होगा कि यह सब हुआ है।'' क्रिकेटर से कमेंटेटर बने शास्त्री ने अपने अनोखे अंदाज में कहा, ''इस वानखेड़े स्टेडियम में मेरा एक शॉट है जो मुझे सबसे अधिक पसंद है। 15 साल के करियर में अनगिनत छक्के लगाए होंगे लेकिन वह शॉट ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ था। मैंने ब्रूस रीड की गेंद पर 'रवि शास्त्री स्टैंड' के ऊपर छक्का जड़ा था। वह मेरा सबसे पसंदीदा शॉट है।''

भारत में महिला क्रिकेट की अगुआ इडुल्जी भी इस मौके पर भावनाओं से अभिभूत हो गईं। भारतीय क्रिकेट बोर्ड की प्रशासक रह चुकीं इडुल्जी ने कहा, ''यह मेरे और सभी महिला क्रिकेटरों के लिए बहुत बड़ा सम्मान है। यह मेरे लिए एक सपना सच होने जैसा है। यह मेरे जीवन का एक ऐतिहासिक दिन है। मैं अपने जीवन में इस दिन को कभी नहीं भूलूंगी।'' इडुल्जी ने 20 टेस्ट और 34 वनडे मैच खेले। इस अवसर पर एकनाथ सोलकर और दिलीप सरदेसाई के परिवार वाले भी मौजूद थे। ये दोनों महान खिलाड़ी अब इस दुनिया में नहीं हैं। मरणोपरांत उनको ये सम्मान मिला है।

Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap in IPL 2026 और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule आज के बड़े मुकाबले PBKS vs MI Live Score और पल-पल के Live Cricket Score अपडेट्स के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी क्रिकेट अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।