क्रिस गेल का रिकॉर्ड चकनाचूर होने से बचा, रजत पाटीदार ने वानखेड़े में मचाया तहलका
कप्तान रजत पाटीदार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले संयुक्त रूप से दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने क्रिस गेल के रिकॉर्ड की बराबरी की। गेल ने 17 गेंद में फिफ्टी लगाई थी।
मुंबई इंडियंस ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 20वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बैटिंग करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को विराट कोहली और फिल सॉल्ट ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 65 गेंद में 120 रन की साझेदारी हुई। फिल सॉल्ट के आउट होने के बाद मैदान पर उतरे कप्तान रजत पाटीदार ने ताबड़तोड़ पारी खेली और एक समय आईपीएल में सबसे तेज अर्धशतक लगाने के रिकॉर्ड को तोड़ने के करीब पहुंच गए थे। हालांकि वह ऐसा नहीं कर सके।
शेफर्ड के नाम सबसे तेज फिफ्टी
रजत पाटीदार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले संयुक्त रूप से दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। रजत पाटीदार ने 17 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। इसके साथ ही उन्होंने क्रिस गेल के रिकॉर्ड की बराबरी की। गेल ने बेंगलुरु में 2013 में ये कारनामा किया था। रोमारियो शेफर्ड के नाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए सबसे तेज अर्धशतक बनाने का रिकॉर्ड है। रोमारियो ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 2025 में 14 गेंदों में 50 रन पूरे किए थे। रजत पाटीदार 20 गेंद में 50 रन बनाकर मिचेल सैंटनर का शिकार बने।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पूर्व कप्तान फाफ डुप्लेसी ने 18 गेंदों में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 2024 में अर्धशतक लगाया था। रॉबिन उथप्पा ने पंजाब के खिलाफ 2010 में 19 गेंदों में 50 रन जड़े थे। वहीं रजत पाटीदार ने हैदराबाद के खिलाफ 2024 में 19 गेंद में अर्धशतक लगाया था।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने रविवार को फिल सॉल्ट (78 रन), कप्तान रजत पाटीदार (53 रन) और विराट कोहली (50 रन) के अर्धशतकों से इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के टी20 मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ चार विकेट पर 240 रन का स्कोर खड़ा किया। सॉल्ट और कोहली ने पहले विकेट के लिए 65 गेंद में 120 रन की भागीदारी निभाई। सॉल्ट ने 36 गेंद का सामना करते हुए छह छक्के और इतने ही चौके जमाए।
बेंगलुरु के कप्तान पाटीदार (20 गेंद में चार चौके, पांच छक्के) ने आते ही छक्कों और चौकों की झड़ी लगाकर आईपीएल में अपना सबसे तेज अर्धशतक जड़ा जिसके लिए उन्होंने 17 गेंद खेलीं जिसमें चार चौके और पांच छक्के जड़े थे। मुंबई इंडियंस के लिए ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर, मिचेल सैंटनर, हार्दिक पंड्या और ट्रेंट बोल्ट को एक एक विकेट मिला।





साइन इन