शाहीन अफरीदी ने बताया क्यों बांग्लादेश के सामने पस्त हुई पाकिस्तानी टीम, हार गई वनडे सीरीज
पाकिस्तान की टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद अपनी पहली वनडे सीरीज में हार का सामना करना पड़ा। पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली गई, जिसे 2-1 से मेजबान बांग्लादेश ने जीता।

T20 World Cup 2026 के बाद पाकिस्तान की टीम पहली वनडे सीरीज खेलने उतरी और सीरीज में बांग्लादेश के हाथों पाकिस्तान को हार का सामना करना पड़ा। इस सीरीज में टीम के कप्तान शाहीन शाह अफरीदी थे, जिन्होंने मैच के बाद उन कारणों को बताया, जिनके चलते टीम को हार का सामना करना पड़ा। सलमान अली आगा ने शतक जरूर जड़ा, लेकिन वह शतक बेकार रहा, क्योंकि आखिरी वनडे मैच में पाकिस्तान की टीम 11 रनों से मुकाबला हार गई। कप्तान शाहीन का मानना है कि रिशाद हुसैन की स्पिन बॉलिंग ने मैच उनसे छीन लिया। इसके अलावा शुरुआत में विकेट गिरना भी पाकिस्तान की हार का कारण रहा।
शाहीन शाह अफरीदी ने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी में कहा, "मुझे लगता है कि शुरुआती विकेट हमें थोड़े महंगे पड़े, लेकिन मुझे टीम पर सच में गर्व है। वे आखिर तक लड़ते हैं और मुझे लगता है कि हमें युवाओं के लिए इसकी जरूरत है और वे आखिरी बॉल तक लड़ते हैं।" कप्तान ने सलमान अली आगा के शतक पर कहा, "हां, सलमान हमेशा एक बहुत अच्छा प्लेयर रहा है, टेस्ट और ODI में वह हमेशा मिडिल-ऑर्डर में अच्छा करता है। उसे स्पिन और फास्ट बॉलर्स को खेलना पसंद है। मुझे लगता है कि सलमान ने बहुत लंबे समय तक पाकिस्तान के लिए खेला है और बहुत अच्छी पारियां खेली हैं।"
टीम को लेकर शाहीन ने कहा, "कई युवा पहली बार यहां वनडे के लिए आए थे और उन्होंने अच्छा खेला और हम उन्हें सपोर्ट करेंगे।" शाही ने अपनी बैटिंग पर कहा, "हां, मैं कोशिश करूंगा, जैसे यह मेरा काम है, लेकिन हां, रिशाद ने सच में बहुत अच्छी बॉलिंग की। वह एक बेस्ट लेगस्पिनर है और मुझे लगता है कि बांग्लादेश टीम को बधाई। उन्होंने सच में बहुत अच्छा खेला।" युवाओं को लेकर कप्तान ने कहा कि वे जितना ज्यादा इंटरनेशनल क्रिकेट खेलेंगे, उतना ही वह तीनों विभागों में अच्छा प्रदर्शन करेंगे।





साइन इन