पाकिस्तान के मुंह पर एक और तमाचा, टी20 वर्ल्ड कप हारने के बाद बांग्लादेश ने वनडे में चटाई धूल
BAN vs PAK 3rd ODI Highlights: बांग्लादेश ने तीसरे वनडे में पाकिस्तान को 11 रनों से हराकर तीन मैच की वनडे सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया। इसी के साथ बांग्लादेश ने 11 साल बाद पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज जीती।

BAN vs PAK 3rd ODI Highlights: मेहदी हसन मिराज की अगुवाई वाली बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को तीसरे वनडे में 11 रनों से धूल चटाकर तीन मैच की वनडे सीरीज को 2-1 से अपने नाम कर लिया है। टी20 वर्ल्ड कप हारने के तुरंत बाद पाकिस्तान को वनडे में भी शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है। बांग्लादेश 11 साल बाद पाकिस्तान को वनडे सीरीज में धूल चटाने में कामयाब रहा है। तीसरे वनडे में मेजबान टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 290 रन बोर्ड पर लगाए थे, इस स्कोर का पीछा करते हुए पाकिस्तान की पूरी टीम 279 रनों पर ही ढेर हो गई। बांग्लादेश की जीत के हीरो तंजीद हसन तमीम रहे, जिन्होंने तीसरे वनडे में शानदार शतक जड़ा।
बांग्लादेश ने रखा 291 का टारगेट
सीरीज डिसाइडर में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर बांग्लादेश को पहले बैटिंग करने को कहा। सलामी बल्लेबाज तंजीद हसन तमीम ने अपने वनडे करियर का पहला शतक जड़ते हुए 107 रनों की शानदार पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 6 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के लगाए। उनके अलावा लिटन दास ने 41 तो तौहीद हृदय ने 48 रन बनाए। बांग्लादेश ने निर्धारित 50 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 290 रन बनाए। पाकिस्तान के लिए हारिस रऊफ ने सबसे अधिक 3 विकेट चटकाए।
बल्लेबाजी में फिर फेल हुआ पाकिस्तान
पहले वनडे में 114 रनों पर ढेर होने वाला पाकिस्तान, तीसरे वनडे में भी बल्लेबाजी में कमजोर दिखा। 291 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए उन्होंने महज 17 के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिए थे, वहीं 82 के स्कोर पर तो आधी टीम पवेलियन में थी। वो तो 6ठे नंबर पर आए सलमान आगा ने शतक जड़ पाकिस्तान की लाज बचाई, नहीं तो पाकिस्तान की पूरी टीम 150 रनों के अंदर भी सिमट सकती थी। सलमान आगा ने 106 रनों की शानदार पारी खेली, मगर वह 48वें ओवर में आउट हो गए जब टीम का स्कोर 261 रन था। उनके अलावा कप्तान शाहीन अफरीदी ने 37 रन बनाए, मगर वह टीम को जिता नहीं पाए। बांग्लादेश के लिए तस्कीन अहमद ने चार तो मुस्तफिजुर रहमान ने 3 विकेट चटकाए।





साइन इन