मोहम्मद नवाज मुश्किल में घिरे, ड्रग्स टेस्ट में फेल होने पर शुरू हुई जांच; इंग्लैंड वाली डील टूटी
Mohammad Nawaz Under PCB Investigation: मोहम्मद नवाज ड्रग्स टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ऑलराउंडर की जांच कर रहा है।

पाकिस्तान के स्टार ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज मुश्किल में घिर गए हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने ड्रग्स टेस्ट में फेल होने पर नवाज की जांच शुरू कर दी है। उनकी इंग्लैंड वाली डील टूट गई है। 32 वर्षीय ऑलराउंडर का टेस्ट टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान किया गया था, जो पॉजिटिव निकला। टी20 वर्ल्ड कप फरवरी-मार्च में भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में हुआ था। पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने अपने सभी मैच श्रीलंकाई सरमजीं पर खेले। पाकिस्तान सुपर-8 राउंड से बाहर हुआ था।
नवाज की सरे में शामिल होने की डील टूटी
ईएसपीएनक्रिकइन्फो ने अपनी रिपोर्ट में खुलासा किया कि नवाज ड्रग्स टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए। ऐसे में पीसीबी उनकी जांच कर रहा है। इस वजह से नवाज की इंग्लैंड में टी20 ब्लास् टूर्नामेंट के लिए सरे में शामिल होने की डील टूट गई है। नवाज ने पाकिस्तान के लिए 6 टेस्ट, 44 वनडे और 98 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। पीसीबी के प्रवक्ता ने बुधवार को बताया, "इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को इस मामले के बारे में सूचित किया है। पीसीबी ने जांच शुरू की दी है। इसका रिजल्ट आज आईसीसी को बताया जाएगा।" नवाज ने टी20 वर्ल्ड कप में सात मैच खेले थे।
टी20 ब्लास्ट के लिए मिल गया था एनओसी
नवाज सरे के संग डील के लिए तैयार थे। वह 26 मई से 18 जुलाई तक चलने वाले इस टूर्नामेंट के दौरान उपलब्ध रहने वाले थे। पीसीबी ने दो हफ्ते पहले बताया था कि नवाज को टी20 ब्लास्ट के लिए नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (एनओसी) दे दी गई है। सरे ने इस हफ्ते पाकिस्तानी ऑलराउंडर के साथ डील करने की घोषणा करने का प्लान बनाया था। सरे ने इस मुद्दे पर कोई भी कमेंट करने से इनकार कर दिया। पीसीबी ने अभी तक पॉजिटिव टेस्ट के बारे में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है और जांच की टाइमलाइन स्पष्ट नहीं है। अगर नतीजे सही पाए जाते हैं तो नवाज पर बोर्ड के एंटी-डोपिंग नियमों के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई हो सकती है। हालांकि किसी भी सजा का सही तरीका जांच के नतीजे पर निर्भर करेगा।
नवाज का मामला पाकिस्तान क्रिकेट के इतिहास के एक विवादित पल की भी याद दिलाता है। साल 1993 में चार मशहूर खिलाड़ियों – वसीम अकरम, वकार यूनिस, आकिब जावेद और मुश्ताक अहमद को दौरे के दौरान मारिजुआना रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। विवाद के बावजूद नवाजफिलहाल पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में लिए खेल रहे हैं। वह मुल्तान सुल्तांस का प्रतनिधिव्त कर रहे हैं। हाल ही में वह कराची में रावलपिंडी के खिलाफ खेले थे, जिसमें मुल्तान को छह विकेट से जीत मिली।





साइन इन