मैं संजीव गोयनका को बैन कर देता और ओनरशिप छीन लेता; ऋषभ पंत से तकरार के बाद ललित मोदी
माइकल वॉन के पोस्ट पर ललित मोदी ने लिखा कि अगर वह अभी भी आईपीएल के चेयरमैन और कमिश्नर होता तो वह संजीव गोयनका को तुरंत बैन कर देते और उनसे ओनरशिप भी छीन लेते। उन्होंने बताया कि इसको लेकर एक क्लॉज भी है।

लखनऊ सुपर जाएंट्स के मालिक संजीव गोयनका एक बार फिर सवालों के घेरे में हैं। दिल्ली कैपिटल्स के हाथों आईपीएल 2026 का पहला मैच हारने के बाद संजीव गोयनका को कप्तान ऋषभ पंत और सपोर्ट स्टाफ से मैदान में बात करता देखा गया। फैंस ने तुरंत इसे केएल राहुल से जोड़कर देखा। गोयनका ने राहुल के साथ भी आईपीएल 2024 के दौरान ऐसा बर्ताव किया था, जिसके बाद भारतीय खिलाड़ी ने फ्रेंचाइजी छोड़ दी थी। अब ऋषभ पंत के साथ ऐसा होता देख फैंस और क्रिकेट पंडित खुश नहीं है। ललित मोदी ने तो संजीव गोयनका को आईपीएल से बैन और ओनरशिप छीनने की बात कह दी है।
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने इस मुद्द पर X पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘टूर्नामेंट में 1 गेम ही हुआ है.. इसकी कोई जरूरत नहीं है’
वॉन के इस पोस्ट पर ललित मोदी ने लिखा कि अगर वह अभी भी आईपीएल के चेयरमैन और कमिश्नर होता तो वह संजीव गोयनका को तुरंत बैन कर देते और उनसे ओनरशिप भी छीन लेते। उन्होंने बताया कि इसको लेकर एक क्लॉज भी है।
ललित मोदी ने X पर लिखा, ‘मैंने तुमसे कहा था कि यह आदमी संजीव गोयनका जो लखनऊ सुपर जाएंट्स का मालिक है, एकदम लूजर और सबसे बड़ा जोकर है - मैं उसके बर्ताव से सच में शर्मिंदा हूं। मैंने IPL फैंस और प्लेयर्स दोनों के लिए बनाया था। ऐसा हर साल हर बार नहीं होना चाहिए। अगर मैं अभी भी चेयरमैन और कमिश्नर होता तो मैं उसे तुरंत बैन कर देता और टीम की ओनरशिप हमेशा के लिए छीन लेता। वह एकदम घमंडी जोकर है। फ्रेंचाइजी एग्रीमेंट में इसी बात के लिए एक क्लॉज है। BCCI इसे लागू करे - ईमानदारी सबसे ऊपर रखें - सत्ता में बैठे लोगों की चापलूसी करना उसे बचने का तरीका नहीं है। फैंस और प्लेयर्स दोनों को याद रहेगा।’
हालांकि इस मामले को बढ़ता देख लखनऊ सुपर जाएंट्स ने अपने X अकाउंट पर इस बातचीत का वीडियो पोस्ट किया था। वीडियो में चीजें बिल्कुल उलट नजर आ रही है। संजीव गोयनका, ऋषभ पंत और सपोर्ट स्टाफ के साथ हंसते हुए बातें कर रहे हैं। LSG ने इस वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा, ‘'हर वह चीज जो आप देखते हैं वह पूरी कहानी नहीं होती। यहां हार के बाद की असली और 'अनफिल्टर्ड' वाइब्स हैं, जहां कैमरे कट नहीं होते।’





साइन इन