it would have been better to boycott pakistanis expressed their pain after the crushing defeat to India in t20 world cup इससे अच्छा तो बहिष्कार ही कर लिए होते…भारत से करारी हार के बाद पाकिस्तानियों का छलका दर्द, Cricket Hindi News - Hindustan

इससे अच्छा तो बहिष्कार ही कर लिए होते…भारत से करारी हार के बाद पाकिस्तानियों का छलका दर्द

टी20 विश्व कप में भारत के खिलाफ हार से पाकिस्तान का क्रिकेट समुदाय निराश है। सोशल मीडिया पर लोग टीम का मजाक उड़ाते हुए कह रहे हैं कि शायद पाकिस्तान सरकार को बांग्लादेश के समर्थन में बहिष्कार की अपील का पालन करना चाहिए था।

Mon, 16 Feb 2026 03:35 PMChandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
इससे अच्छा तो बहिष्कार ही कर लिए होते…भारत से करारी हार के बाद पाकिस्तानियों का छलका दर्द

पाकिस्तान की टी20 विश्व कप के मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी भारत से 61 रन की हार के बाद स्टार बल्लेबाज बाबर आजम और तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी आलोचनाओं के घेरे में आ गए हैं। देश के कई पूर्व खिलाड़ियों ने कुछ अन्य सीनियर खिलाड़ियों के साथ-साथ उन्हें भी टीम से बाहर करने की मांग की है। शाहीन पर तो उनके ससुर शाहिद अफरीदी ही भड़क गए हैं। उन्होंने कहा कि अगर उनके हाथ में होता तो वह शाहीन को दोबारा टी20 टीम में ही नहीं चुनते। सोशल मीडिया पर मीम्स और व्यंग्य की भी बारिश हो रही है, जिसमें लिखा जा रहा कि इससे अच्छा तो बॉयकॉट ही कर लेते। कम से कम इस तरह की शर्मिंदगी से बच जाते।

इस हार से पाकिस्तान का क्रिकेट समुदाय निराश है और सोशल मीडिया पर लोग टीम का मजाक उड़ाते हुए कह रहे हैं कि शायद पाकिस्तान सरकार को बांग्लादेश के समर्थन में बहिष्कार की अपील का पालन करना चाहिए था।

कई क्रिकेट प्रेमियों ने पोस्ट किया, ‘अगर हमने बहिष्कार जारी रखा होता तो बेहतर होता।’

इस तरह की पोस्ट से पाकिस्तानी अपनी निराशा का इजहार कर रहे हैं, वहीं कई भारतीय और अफगान क्रिकेट प्रेमी भी इस तरह की पोस्ट करके पाकिस्तान के मजे लेने में पीछे नहीं हैं।

पूर्व कप्तान बाबर आजम, शादाब खान और तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी जैसे अनुभवी खिलाड़ी रविवार रात कोलंबो में खेले गए एकतरफा मुकाबले में उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे। भारत के युवा सलामी बल्लेबाज ईशान किशन (40 गेंदों में 77 रन) ने पाकिस्तानी गेंदबाजी की जमकर धुनाई की। दूसरी तरफ भारत के तेज गेंदबाजों और स्पिनरों के सामने पाकिस्तान के बल्लेबाज बगलें झांकते हुए नजर आए।

दामाद शाहीन पर भड़के शाहिद अफरीदी

शाहीन अफरीदी के ससुर और पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने कहा, ‘अगर यह मेरे हाथ में होता तो मैं बाबर, शादाब और शाहीन को दोबारा टी20 टीम में नहीं चुनता। उन्हें पाकिस्तान के लिए अच्छा प्रदर्शन करने के कई मौके मिले हैं, लेकिन कल वे फिर से नाकाम रहे।’

अफरीदी ने कहा कि अब इस टी20 प्रारूप में युवा खिलाड़ियों को तैयार करने का समय आ गया है। शाहीन ने दो ओवर में 31 रन लुटाए वहीं बाबर को अक्षर पटेल ने पांच रन पर आउट किया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पाकिस्तानी दिग्गज ने की T20 से बाबर आजम, शाहीन अफरीदी और शादाब की छुट्टी की मांग

पूर्व कप्तान जावेद मियांदाद हार पर विस्तार से बोलने को तैयार नहीं थे, लेकिन उन्होंने स्वीकार किया कि पाकिस्तान की क्रिकेट टीम दबाव में आने पर चुनौती पेश करने में नाकाम रही है।

मियांदाद ने कहा, ‘भाई बड़े मैचों में ही खिलाड़ियों को अपना जज्बा दिखाना होता है। हमारे खिलाड़ी ऐसा नहीं कर पाए।’

बाबर का हमेशा समर्थन करने वाले एक अन्य पूर्व कप्तान मोहम्मद यूसुफ ने भी कहा कि इस करारी हार के बाद बाबर और शाहीन का टी20 करियर समाप्त हो जाना चाहिए।

यूसुफ ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘शाहीन, बाबर और शादाब का करियर अवसान पर है। पाकिस्तान की टी20 टीम को नए खिलाड़ियों की जरूरत है, कमजोर टीमों के खिलाफ खोखली जीत की नहीं।’

शोएब अख्तर ने उड़ाया बाबर आजम का मजाक

पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने भारतीय न्यूज चैनल एबीपी पर बाबर के सुपरस्टार दर्जे का मजाक उड़ाया।

उन्होंने कहा, ‘आपने एक ऐसे खिलाड़ी (बाबर आजम) को सुपरस्टार बना दिया है जो आपको एक भी मैच नहीं जिता सकता। पिछले 15-20 वर्षों से कोई सुधार नहीं हुआ है। स्थिति की दुखद सच्चाई यह है कि एक समय हम भारत को कड़ी चुनौती देते थे, लेकिन आज हम उन्हें हराने का सपना भी नहीं देख सकते।’

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बेखौफ ईशान किशन ने हमसे मैच छीन लिया; पाकिस्तान के कोच ने बताया कहां हुई चूक

बाबर के मुखर आलोचक रहे अहमद शहजाद ने एक्स पर लिखा, ‘बाबर एक बार फिर सस्ते में चला गया। शायद इस प्रारूप में अपनी काबिलियत साबित करने के लिए यह उसके पास आखिरी मौका था।’

पूर्व कप्तान मोइन खान ने कहा कि अब यह स्वीकार करने का वक्त आ गया है कि भारत इस समय किसी भी प्रारूप में पाकिस्तान से कहीं बेहतर टीम है।

उन्होंने कहा, ‘इस बार हमारी उम्मीदें फिर से जाग उठीं थी लेकिन एक पेशेवर क्रिकेटर के तौर पर मेरे मन में हमेशा यह आशंका बनी रहती है कि भारतीय खिलाड़ी सबसे महत्वपूर्ण मौके पर अच्छा प्रदर्शन करेंगे।’

जावेद मियांदाद का भी छलका दर्द

मियांदाद ने शाहीन शाह अफरीदी के रूप में केवल एक तेज गेंदबाज के साथ खेलने की पाकिस्तान की रणनीति पर हैरानी जताई।

उन्होंने कहा, ‘फहीम अशरफ से गेंदबाजी क्यों नहीं करवाई गई। छह स्पिनरों के साथ उतरने का क्या मतलब है।’

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हार बर्दाश्त नहीं कर पाए शोएब अख्तर, लाइव टीवी पर नकवी को बताया जाहिल और नाकाबिल

पूर्व कप्तान राशिद लतीफ ने कहा कि अमेरिका और नीदरलैंड के खिलाफ दो लीग मैचों में जीत से मैच से पहले पाकिस्तान का आत्मविश्वास बढ़ा हुआ था।

उन्होंने कहा, ‘इस बार मैच से उम्मीद लगाए जाने के पीछे ठोस कारण थे। टीम टी20 क्रिकेट की जरूरतों के अनुरूप ढलती हुई लग रही थी और कोच माइक हेसन और कप्तान सलमान अली आगा के मार्गदर्शन में सहज दिख रही थी। लेकिन हमेशा की तरह हम यह भूल गए कि भारतीय टीम वास्तव में कितनी बेहतरीन है।’

लतीफ ने कहा, ‘वह (भारत) बड़े मैचों की टीम है और हर खिलाड़ी अपनी भूमिका अच्छी तरह से समझता है। दुर्भाग्य से कल का मैच देखकर यह स्पष्ट हो गया कि हमारी सारी रणनीति गलत थी।’

(एजेंसी से इनपुट के साथ)

Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule और Live Cricket Score देखें और Live Hindustan App डाउनलोड करके सभी अपडेट सबसे पहले पाएं।