T20I रैंकिंग में भारी उठापटक, ईशान किशन की टॉप-10 में एंट्री; पाकिस्तानी फिर से बना नंबर-1
Latest ICC T20I Player Rankings: ईशान किशन टी20 रैंकिंग में टॉप-10 में पहुंच गए हैं। उन्होंने 17 स्थानों की छलांग लगाई है। सईम अयूब ने फिर से बादशाहत कर ली है।

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बुधवार को पुरुष टी20 खिलाड़ियों की ताजा रैंकिंग जारी की है, जिसमें भारी उठापटक देखने को मिली। शानदार फॉर्म में चल रहे भारत के विकेटकीपर ईशान किशन ने टॉप-10 बल्लेबाजों की सूची में एंट्री कर ली है। वह 17 स्थानों की छलांग लगाकर आठवें नंबर पर पहुंच घए हैं। ईशान के खाते में फिलहाल 732 रेटिंग अंक हैं। उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ 77 और नामीबिया के सामने 61 रनों की तूफानी पारी खेली। भारत के युवा ओपनर अभिषेक शर्मा (891) को दो बार शून्य पर आउट होने के बावजूद शीर्ष पर काबिज हैं। हालांकि, अभिषेक को 17 अंकों का घाटा झेलना पड़ा। भारत के कप्तान सूर्यकमार यादव (747) छठे और तिलक वर्मा (751) चौथे स्थान पर हैं।
पथुम निसांका तीसरे पायदान पर आए
श्रीलंका के पथुम निसांका (786 अंक) कैंडी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार सेंचुरी के बाद तीन पायदान चढ़कर तीसरे नंबर पर आ गए हैं। इंग्लैंड के फिल साल्ट (808) दूसरे नंबर पर बरकरार हैं। टी20 वर्ल्ड कप में अच्छी पारियों की वजह से साउथ अफ्रीका के रयान रिकेल्टन (22 पायदान ऊपर 11वें) और कप्तान एडेन मार्करम (छह पायदान ऊपर 15वें) रैंकिंग में आगे बढ़े हैं। अमेरिका के सैतेजा मुक्कामल्ला (16 स्थान चढ़कर 21वें) और इंग्लैंड के युवा जैकब बेथेल (22 पायदान ऊपर 32वें) को भी बैटर्स रैंकिंग में बड़ा फायदा हुआ है।
पाकिस्तानी बना नंबर-1 ऑलराउंडर
पाकिस्तान के सईम अयूब और जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा के बीच नंबर-1 T20I ऑलराउंडर बनने की लड़ाई जारी है। अयूब अपडेटेड रैंकिंग में एक बार फिर टॉप पर पहुंच गए हैं। उनके 303 रेटिंग अंक हैं। अयूब ने भारत बनाम पाकिस्तान मैच में छह बनाने के अलावा तीन विकेट चटकाए थे। रजा 297 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं। हार्दिक पांड्या (282) तीसरे नंबर पर कायम हैं। नेपाल के दीपेंद्र सिंह ऐरी दो स्थान चढ़कर संयुक्त रूप बसे चौथे स्थान पर आ गए हैं। एरी के 244 अंक हैं। अफगानिस्तान के ऑलराउंडर अजमतुल्लाह उमरजई के भी 244 अंक हो गए हैं। उन्हें चार स्थान का लाभ मिला।
वरुण चक्रवर्ती की बादशाहत बरकरार
स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की टी20 गेंदबाजों की लिस्ट में बादशाहत बरकरार है। वह 796 अंकों के साथ शीर्ष पर हैं। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ तीन ओवर में 17 रन देकर दो विकेट चटकाए थे। अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान (740) एक स्थान ऊपर चढ़कर दूसरे पर आ गए हैं। टी20 वर्ल्ड कप में लगातार तीन विकेट हॉल लेने के बाद जिम्बाब्वे के पेसर ब्रैड इवांस 10 पायदान ऊपर पांचवें पर पहुंचे गए हैं। अक्षर पटेल चार स्थान चढ़कर 14वें और जसप्रीत बुमराह छह पायदान ऊपर 15वें नंबर पर आ गए हैं। आयरलैंड के स्पिनर मैथ्यू हम्फ्रीज ने 23 स्थानों की छलांग लगाकर 23वें पर आ गए हैं।





साइन इन