हम खुशकिस्मत हैं कि हमारे पास वॉशी है; जीत के बाद शुभमन गिल ने की सुंदर की दिल खोलकर तारीफ
गुजरात टाइटन्स के कप्तान शुभमन गिल ने पंजाब किंग्स के खिलाफ जीत के बाद ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि वे खुशकिस्मत हैं कि उनके पास वॉशी जैसे खिलाड़ी हैं। वॉशिंगटन सुंदर ने लक्ष्य का पीछा करते हुए मुश्किल परिस्थितियों में नाबाद 40 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।

आईपीएल 2026 में रविवार को गुजरात टाइटन्स ने पॉइंट्स टेबल में टॉप पर चल रही पंजाब किंग्स को 4 विकेट से हरा दिया। इस शानदार जीत के बाद जीटी के कप्तान शुभमन गिल ने टीम के ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि वे खुशकिस्मत हैं कि उनके पास वॉशी जैसा खिलाड़ी है। वॉशिंगटन सुंदर ने जीत के लिए 165 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 23 गेंद में 40 रनों की नाबाद और मैच विजेता पारी खेली थी।
गुजरात टाइटन्स की ये लगातार तीसरी जीत थी। मैच के बाद शुभमन गिल ने कहा, ‘ये ऐसी पिच नहीं थी जहां हम 15-16 ओवर में चेज करेंगे। इसलिए हमने सोचा कि एक या दो ओवर पहले जीत का लक्ष्य रखते हैं। यही बात हुई थी। अगर कोई जम जाता है तो वह देर तक टिकने की कोशिश करे क्योंकि पहली ही गेंद से मारना आसान नहीं होता।’
गिल ने वॉशिंगटन सुंदर की फिनिशर वाली भूमिका की तारीफ करते हुए कहा, 'लेंथ बॉल्स उस तरह से नहीं आ रही थीं, जिस तरह अन्य विकेट्स पर आती हैं। इसलिए वह बल्लेबाज जो सेट हो चुका हो उसके लिए यह महत्वपूर्ण था...खुशकिस्मती से हमारे पास वॉशी थे और उन्होंने हमारे लिए मैच को फिनिश किया।'
गुजरात टाइटन्स ने पंजाब किंग्स को हराने से पहले आरसीबी और चेन्नई सुपर किंग्स को भी शिकस्त दी थी। लगातार तीसरी जीत के बाद भी पॉइंट्स टेबल में अभी टीम पांचवें नंबर पर बनी हुई है और प्लेऑफ में पहुंचने के उसके आसार अच्छे हैं। गुजरात टाइटन्स ने आईपीएल 2026 में अभी तक 10 मैच खेले हैं, जिनमें से उसे 6 में जीत मिली है। उनका अगला मुकाबला अब शनिवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ है।
रविवार को हुए मैच की बात करें तो पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 163 रन बनाए। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं हुई और 2 रन पर ही उसके 2 विकेट गिर गए थे। 47 के टीम स्कोर पर कप्तान श्रेयस अय्यर भी पांचवें विकेट के तौर पर वापस जा चुके थे। भला हो सूर्यांश शेडगे की 57, मार्कस स्टोइनिस की 40 और मार्को जेनसेन की 20 रन की पारियों की जो पंजाब किंग्स 150 का आंकड़ा पार कर पाई। जेसन होल्डर ने 24 रन देकर 4 विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात टाइटन्स की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। 16 रन के टीम स्कोर पर कप्तान शुभमन गिल के तौर पर गुजरात को पहला झटका लगा। लेकिन उसके बाद साई सुदर्शन और जोश बटलर के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई। बटलर 26 रन बनाकर आउट हुए। साई सुदर्शन ने 57 रनों की पारी खेली। वॉशिंगटन सुंदर ने नॉट आउट रहते हुए 23 गेंदों में 40 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 5 चौके और 1 छक्का जड़ा। गुजरात टाइटन्स के जेस होल्डर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन