तो विराट कोहली RCB नहीं दिल्ली कैपिटल्स से करते शुरुआत! वीरेंदर सहवाग ने अब बताया क्यों फंसा था पेच
आईपीएल की जब 2008 में शुरुआत हुई तब युवा विराट कोहली को दिल्ली कैपिटल्स (तब दिल्ली डेयरडेविल्स) अपने साथ जोड़ना चाहती थी। लेकिन ऐसा पेच फंसा कि उसने नीलामी में कोहली पर दांव नहीं लगाया और आरसीबी ने 12 लाख रुपये में उन्हें खरीद लिया।

इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल की जब 2008 में शुरुआत हुई तो फ्रेंचाइजियों ने आम तौर पर अपने गृह राज्य या शहर के खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी थी। मिसाल के तौर पर सचिन तेंदुलकर- मुंबई इंडियंस, राहुल द्रविड़- आरसीबी, वीरेंदर सहवाग- दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स)। तब दिल्ली के विराट कोहली युवा और उभरते हुए स्टार थे। दिल्ली कैपिटल्स (डेयर डेविल्स) कोहली को अपने साथ तो जोड़ना चाहती थी लेकिन ऐसा हो नहीं पाया। अब वीरेंदर सहवाग ने खुलासा किया है कि आखिर कोहली को दिल्ली से जोड़ने में पेच कहां फंसा। दिल्ली कैपिटल्स ने उनकी जगह पर प्रदीप सांगवान पर दांव क्यों खेला?
जियोहॉटस्टार पर जियोस्टार एक्सपर्ट सहवाग ने खुलासा किया कि दिल्ली कैपिटल्स का टॉप ऑर्डर बैटिंग लाइन-अप पूरी तरह से भरा हुआ था। उसके पास कई बल्लेबाज थे लेकिन गेंदबाजी में विकल्प कम पड़ रहे थे।
सहवाग ने कहा, 'मुझे याद है कि 2008 में आईपीएल के पहले सीजन में दिल्ली डेयरडेविल्स की हमारी टीम में शिखर धवन भी थे और तिलकरत्ने दिलशान भी। दोनों ओपनर थे लेकिन हम उन्हें नंबर 3 और नंबर 5 पर खेला रहे थे क्योंकि मैं और गौतम (गंभीर) पारी की शुरुआत करते थे। मनोज तिवारी चौथे नंबर पर उतरते थे। इसलिए टीम में हमारे पास कई सारे टॉप-ऑर्डर बैटर थे और उन सबको बैटिंग ऑर्डर में फिट करना मुश्किल था।'
सहवाग ने आगे बताया, ‘उस वक्त विराट कोहली भी नंबर 3 या 4 पर बल्लेबाजी करते थे। इसलिए हमारे पास उन्हें लाने के लिए जगह ही नहीं थी। हमें गेंदबाज कम पड़ रहे थे, इसलिए हमने कोहली के बजाय प्रदीप सांगवान को लेने का फैसला किया।’
युवा विराट कोहली को तब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने नीलामी में 12 लाख रुपये में खरीदा था। एक बार कोहली आरसीबी से जुड़े तो उसी के होकर रह गए। वह और आरसीबी जैसे एक-दूसरे के पर्याय बन गए। तब से लेकर अब तक विराट कोहली हर सीजन में आरसीबी का ही हिस्सा रहे हैं और वह आईपीएल इतिहास के सबसे सफल बल्लेबाज हैं।
किंग कोहली अब तक आईपीएल में 272 मैच खेल चुके हैं जिनमें 65 अर्धशतकों और 8 शतकों के साथ 8889 रन बना चुके हैं। उनका औसत 39.86 का है और स्ट्राइक रेट 133.40 का है। आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा रन, सबसे ज्यादा शतक, सबसे ज्यादा फिफ्टी प्लस स्कोर, सबसे ज्यादा चौके का रिकॉर्ड किंग कोहली के ही नाम है।
आईपीएल 2026 में भी विराट कोहली का बल्ला खूब गरज रहा है। वह अब तक 5 मैचों में 57 के औसत और 158.33 के जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ 228 रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 2 अर्धशतक लगाए हैं। फिलहाल वह सीजन के टॉप रनस्कोरर हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन