IPL के इतिहास में सिर्फ 4 बार हुआ है ऐसा, जब एक पारी में 2 गेंदबाजों ने मिलकर बरपाया है कहर
IPL के 19 साल के इतिहास में सिर्फ 4 बार ही ऐसा हुआ है, जब एक पारी में 2 गेंदबाजों ने मिलकर कहर बरपाया हो। एसआरएच के लिए पहला मैच खेलने उतरे दो गेंदबाजों ने 4-4 विकेट अपने नाम किए और एक एलीट क्लब में एंट्री कर ली।

सनराइजर्स हैदराबाद के लिए आईपीएल 2026 के उनके पांचवें मैच में दो डेब्यूटेंट प्लेयर्स ने जो किया, उसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी। राजस्थान रॉयल्स ने तो सोचा भी नहीं होगा कि एसआरएच के दो नए तेज गेंदबाज उनकी हालत खराब कर देंगे। सनराइजर्स हैदराबाद के लिए प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन ने डेब्यू किया। प्रफुल हिंगे ने तो पहली गेंद पर ही वैभव सूर्यवंशी को चलता कर दिया। वहीं, बाद में साकिब ने भी कमाल की गेंदबाजी की। हिंगे और साकिब को 4-4 विकेट मिले और इसी के साथ उन्होंने एक एलीट क्लब में एंट्री कर ली, क्योंकि इससे पहले आईपीएल के इतिहास में सिर्फ 3 बार ही ऐसा हुआ था।
आईपीएल का 19वां सीजन जारी है और इस टूर्नामेंट के इतिहास में सिर्फ चौथी बार ऐसा था, जब एक ही पारी में दो गेंदबाजों ने 4-4 विकेट अपने नाम किए। प्रफुल्ल हिंगे ने 34 रन देकर राजस्थान रॉयल्स को 4 झटके दिए, जबकि साकिब हुसैन ने 24 रन देकर इतने ही बल्लेबाजों का काम तमाम किया। प्रफुल हिंगे तो पहले से सनराइजर्स हैदराबाद की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा थे, जबकि साकिब हुसैन को इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर ट्रैविस हेड की जगह उतारा गया था। इस तरह उन्हें भी आईपीएल में डेब्यू का मौका मिल गया।
प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन से पहले आईपीएल में तीन बार एक ही टीम के दो-दो खिलाड़ियों ने मैच में 4-4 विकेट लिए थे। इनमें सबसे पहले साल 2012 में ये कमाल मुंबई इंडियंस के लिए राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुनाफ पटेल और किरोन पोलार्ड ने किया था। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में ये मैच खेला गया था। 3 साल के बाद यानी 2015 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए ये कारनामा मिचेल स्टार्क और श्रीनाथ अरविंद ने किया था। दोनों ने किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) के खिलाफ बेंगलुरु में खतरनाक स्पेल डालकर 4-4 विकेट अपने नाम किए थे।
8 साल के बाद फिर से 4-4 विकेट वाला ये कारनामा आईपीएल में देखने को मिला। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मोहम्मद शमी और मोहित शर्मा ने गुजरात टाइटन्स के लिए एक ही मैच में 4-4 विकेट निकाले थे। अब प्रपुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन ने इस क्लब में एंट्री मारी है, लेकिन यहां गौर करने वाली बात ये है कि दोनों ने डेब्यू मैच में ये कमाल किया है तो यह अपने आप में एक इतिहास है, क्योंकि डेब्यू करते हुए एक ही पारी में दो गेंदबाजों ने कभी 4-4 विकेट आईपीएल के इतिहास में नहीं चटकाए हैं।
IPL की एक पारी में दो अलग-अलग 4-फर
मुनाफ पटेल और कीरोन पोलार्ड (MI) बनाम RR, मुंबई WS, 2012
मिशेल स्टार्क और श्रीनाथ अरविंद (RCB) बनाम PBKS, बेंगलुरु, 2015
मोहम्मद शमी और मोहित शर्मा (GT) बनाम SRH, अहमदाबाद, 2023
प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन (SRH) बनाम RR, हैदराबाद, 2026
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन