IPL 2026 में अब तक सर्वाधिक छक्के जड़ने वाले टॉप-5 बैटर, रजत पाटीदार की बादशाहत, अय्यर नंबर तीन पर पहुंचे
आईपीएल 2026 में अब तक खेले गए 24 मुकाबलों की अपडेट के अनुसार सर्वाधिक छक्के जड़ने का रिकॉर्ड आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार के नाम है। श्रेयस अय्यर इस सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। टॉप-5 में कौन -कौन हैं, जानिए।

आईपीएल 2026 के अब तक 24 मुकाबले खेले जा चुके हैं और इस टूर्नामेंट का रोमांच अब धीरे-धीरे बढ़ रहा है। जारी सीजन में अब तक दो शतक लग चुके हैं और छक्कों और रनों की बारिश भी देखने को लगातार मिल रही है। इस सीजन औसत से अधिक रन बनते देखे गए हैं यानी ज्यादातर मैच हाई-स्कोरिंग रहे हैं। आईपीएल 2026 में अब तक कई खिलाड़ी ने अपनी पहचान बनाई है, जबकि कई खिलाड़ियों ने खुद की साख को दोबारा स्थापित किया है। इस सीजन अब तक सर्वाधिक छक्के लगाने वाले टॉप-5 बल्लेबाज कौन-कौन हैं, आइए आज हम आपको इसके बारे में जानकारी देते हैं।
आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार का जलवा
आईपीएल 2026 में अब तक खेले गए 24 मुकाबलों की अपडेट के अनुसार सर्वाधिक छक्के जड़ने का रिकॉर्ड आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार के नाम है। उन्होंने अब तक कुल 5 मुकाबले खेले हैं, जिनमें शानदार ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए छक्कों की झड़ी लगा दी है। पाटीदार ने अब तक इस टूर्नामेंट 5 पारियों में 21 छक्के जड़े हैं, जो किसी भी बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सर्वाधिक हैं। रजत पाटीदार अब तक खेले गए सभी मुकाबलों में अच्छी लय में दिखे हैं और टीम के लिए अहम और मैच जिताऊ रन बनाए हैं। इस सीजन उन्होंने 5 मैचों की 5 पारियों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 222 रन बनाए हैं और ऑरेंज कैप की लिस्ट में भी बने हुए हैं।
वैभव सूर्यवंशी और श्रेयस अय्यर टॉप-3 में
आईपीएल 2026 में अब तक खेले गए मुकाबलों के अनुसार सर्वाधिक छक्के जड़ने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर वैभव सूर्यवंशी का नाम है। 15 वर्षीय इस वंडर बॉय ने आईपीएल 2026 में जिस तरह का तांडव मचाया है उसे देख कई दिग्गज हैरान रह गए हैं। उन्होंने अब तक इस आईपीएल सीजन में 5 मैच खेले हैं, जिसकी सभी 5 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 200 रन बनाए हैं और इस दौरान 18 छक्के जड़े हैं जो टूर्नामेंट में इस सीजन किसी भी बल्लेबाज द्वारा जड़े गए दूसरे सर्वाधिक छक्के हैं। सर्वाधिक छक्के जड़ने वाले बल्लेबाजों की सूची में अब पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर तीसरे स्थान पर आ गए हैं। उन्होंने अब तक खेले गए सभी 5 मुकाबलों की चार पारियों में बल्लेबाजी करते हुए कुल 203 रन बनाए हैं और इस दौरान 14 छक्के जड़े हैं।
ये बल्लेबाज भी टॉप-5 में शामिल
आईपीएल 2026 में सर्वाधिक छक्के जड़ने वाले बल्लेबाजों की सूची में चौथे स्थान पर टिम डेविड और अभिषेक शर्मा संयुक्त रूप से हैं। डेविड ने अब तक सभी पांच मैचों में बल्लेबाजी की है जिसमें 13 छक्के लगाए हैं, जबकि अभिषेक शर्मा ने इतनी ही पारियों में 13 ही छक्के लगाए हैं। हालांकि, अभिषेक शर्मा ने डेविड की तुलना में कम रन बनाए हैं। इस सूची में ईशान किशन और रयान रिकल्टन संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर हैं। इन दोनों बल्लेबाजों ने 5 मैच की 5 पारियों में 12-12 छक्के जड़े हैं।
आईपीएल 2026 में अब तक सर्वाधिक छक्के जड़ने वाले टॉप-5 बैटर
रजत पाटीदार- 5 पारियों में 21 छक्के
वैभव सूर्यवंशी- 5 पारियों में 18 छक्के
श्रेयस अय्यर- 4 पारियों में 14 छक्के
टिम डेविड और अभिषेक शर्मा- 5-5 पारियों में 13-13 छक्के
ईशान किशन और रयान रिकल्टन- 5-5 पारियों में 12-12 छक्के
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन