टिम डेविड ने कर डाली छक्कों की बारिश, एक बार तो गेंद चली गई स्टेडियम के बाहर; RCB ने बनाए 250
टिम डेविड ने सीएसके के खिलाफ छक्कों की बारिश कर डाली। एक बार तो गेंद स्टेडियम के बाहर ही चली गई। RCB ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 250 रनों का टोटल बनाया है। आरसीबी के बल्लेबाजों ने कमाल की पारियां खेलीं।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु यानी आरसीबी आज खतरनाक मूड में नजर आई। चेन्नई सुपर किंग्स यानी सीएसके के खिलाफ उनका मुकाबला था। आईपीएल 2026 का ये 11वां लीग मैच है और इस मैच में सीएसके के गेंदबाजों की आरसीबी के बल्लेबाजों ने बैंड बजा दी। जो आया, वह चौके-छक्के मारता ही चला गया। टिम डेविड ने तो आज अलग ही रूप धारण कर लिया और 25 गेंदों में 70 रन ठोक डाले। इस पारी में 8 छक्के उन्होंने लगाए और एक छक्का तो स्टेडियम के पार ही चला गया। आरसीबी ने 250 रनों का टोटल बना दिया। सीएसके को हार की लय तोड़ने के लिए 251 रन बनाने होंगे।
इस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी। आरसीबी के लिए फिल साल्ट और विराट कोहली बल्लेबाजी करने उतरी। शुरुआत बहुत अच्छी नहीं थी। सीएसके के लिए शिवम दुबे ने एक कैच भी छोड़ा। हालांकि, विराट कोहली बड़ी पारी नहीं खेल पाए। स्कोर 4.3 ओवर में 37/1 हो गया था, लेकिन इसके बाद फिल साल्ट आउट हुए, लेकिन उन्होंने 30 गेंदों में 46 रन बनाए। विराट कोहली 18 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हुए। देवदत्त पडिक्कल ने 29 गेंदों में 50 रन बनाए।
वहीं, कप्तान रजत पाटीदार 19 गेंदों में 48 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि टिम डेविड ने 25 गेंदों में 3 चौके और 8 छक्कों की मदद से 70 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। उनका स्ट्राइक रेट 280 का था। एक छक्का तो टिम डेविड ने ऐसा लगाया कि गेंद ही स्टेडियम के बाहर चली गई। 19वें ओवर की आखिरी गेंद जैमी ओवर्टन ने शॉर्ट डाली और उसे डीप स्क्वायर लेग के ऊपर से स्टेडियम के बाहर ही टिम डेविड ने भेज दिया।
आरसीबी ने 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 250 रन बनाए। आईपीएल के इतिहास में आरसीबी का ये तीसरा 250 या इससे ज्यादा का स्कोर है। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ आरसीबी का ये सबसे बड़ा टोटल है। हैरानी की बात ये है कि आरसीबी ने इसी मैदान पर तीनों बार 250 या इससे ज्यादा का स्कोर बनाया है। 30 रन जैमी ओवर्टन के ओवर में टिम डेविड ने अकेले बटोरे थे, जिसमें चार छक्के, एक चौका और एक डबल शामिल था। कप्तान पाटीदार भले ही अर्धशतक से चूक गए, लेकिन टीम के एफर्ट को देखकर वे खुश होंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन