Shubman Gill expresses his pain two days after IPL 2026 Final GT Captain Says defeat taught me One thing IPL फाइनल के दो दिन बाद शुभमन गिल का छलका दर्द, GT कप्तान ने कहा- हार ने मुझे ये बात सिखाई, Ipl Hindi News - Hindustan

IPL फाइनल के दो दिन बाद शुभमन गिल का छलका दर्द, GT कप्तान ने कहा- हार ने मुझे ये बात सिखाई

शुभमन गिल की अगुवाई वाली गुजरात टाटइंस (GT) को आईपीएल 2026 फाइनल में पांच विकेट से हार झेलनी पड़ी थी। जीटी घरेलू मैदान पर 155 रन डिफेंड करने में नाकाम रही।

Tue, 2 June 2026 11:01 PMMd.Akram लाइव हिन्दुस्तान
share
IPL फाइनल के दो दिन बाद शुभमन गिल का छलका दर्द, GT कप्तान ने कहा- हार ने मुझे ये बात सिखाई

गुजरात टाइटंस (जीटी) के कप्तान शुभमन गिल का आईपीएल 2026 फाइनल के दो दिन बाद दर्द छलका है। उन्होंने हार से मिली सीख का जिक्र किया है। जीटी को रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने पांच विकेट से शिकस्त दी। शुभमन ब्रिगेड ने 155/8 का स्कोर खड़ा किया। जवाब में आरसीबी ने 18 ओवर ओवर में 161 रन बनाकर विजयी परचम फहराया। स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने (42 गेंदों में नाबाद 75) शानदार अर्धशतकीय पारी खेली और आरसीबी को लगातार दूसरी ट्रॉफी जिताई। गिल ने 19वें सीजन में अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन खिताबी मुकाबले में महज 10 रन ही बना सके।

'हार ने मुझे ये बात सिखाई'

गिल ने मंगलवार को इंस्टाग्राम पर लिखा, ''हम काफी करीब आ गए थे लेकिन जीत की लाइन पार नहीं कर पाए। इसने गहरा दुख दिया और बहुत निराशा हुई। लेकिन यह खेल जिसे हम सभी प्यार करते हैं, हमें जिंदगी के बारे में बहुत कुछ सिखाता है। इसने मुझे एक बात सिखाई है कि जब तक हम वापसी करते रहें और हार न मानें तो हारने में कोई हार नहीं है।'' उन्होंने साथ ही सीजन में उतार-चढ़ाव वाले समय में टीम के साथ खड़े रहने के लिए फैंस का शुक्रिया अदा किया। गिल ने कहा, ''मैं आप सभी का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं जो अच्छे और बुरे समय में हमारे साथ खड़े रहे। आपकी एनर्जी ने हमें आखिर तक पहुंचाया।''

शुभमन गिल इंस्टाग्राम पोस्ट
IPL 2026 News in Hindi - आईपीएल 2026 न्यूज़,आईपीएल समाचार
read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हम इतने रन बनाते तो जीत जाते फाइनल.., शुभमन गिल ने किस पर फोड़ा हार का ठीकरा?
ये भी पढ़ें:VIDEO: शुभमन का दिल टूटने पर विराट का जोश हाई! पाटीदार ने पकड़ा गजब कैच

गिल इस लिस्ट में दूसरे नंबर रहे

गिल ने आईपीएल में कप्तानी के साथ-साथ बल्ले से भी प्रभावित किया। कप्तान ने 16 मैचों में 45.75 के औसत से 732 रन बनाए। उन्होंने एक शतक लगाया और छह अर्धशतक जमाया। गिल ने क्वालिफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ शानदार 104 रन की पारी खेली थी, जिससे उनकी टीम फाइनल में पहुंची। वह सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर रहे। गिल से आगे आरआर के ओपनर वैभव सूर्यवंशी (16 मैचों में 776 रन) हैं, जिन्होंन ऑरेंज कैप अपने नाम की। गिल के सलामी जोड़ीदार साई सुदर्शन (17 मैचों में 722 रन) तीसरे पायदान पर रहे।

गिल अब 6 जून से एक्शन में होंगे

26 वर्षीय गिल अब भारतीय टीम की कमान संभालते हुए नजर आएंगे। वह भारत की टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान हैं। भारत को 6 जून से अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में भिड़ना है और फिर 13 जून से तीन मैचों की वनडे सीरीज आयोजित होगी। गुजरात टाइटंस के सात खिलाड़ी (शुभमन गिल, साई सुदर्शन, गुरनूर बरार, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, मानव सुथार और वॉशिंगटन सुंदर) टेस्ट स्क्वॉड का हिस्सा हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।