ड्रेसिंग रूम में ई-सिगरेट से कश लगाते दिखे रियान पराग, राजस्थान रॉयल्स के कप्तान पर होगा ऐक्शन?
युवाओं के 'Role Model' अब क्रिकेटर होते हैं, लेकिन एक हरकत ने उनकी गरिमा को तार-तार कर दिया। लाइव टीवी पर राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ई-सिगरेट लिए हुए वैपिंग करते पकड़े गए।

राजस्थान रॉयल्स ने भले ही पंजाब किंग्स का विजय रथ आईपीएल 2026 में रोक दिया, लेकिन कप्तान रियान पराग को ड्रेसिंग रूम में एक ऐसी हरकत करते हुए पकड़ा गया, जिसके लिए उन पर ऐक्शन हो सकता है। रियान पराग पंजाब किंग्स वर्सेस राजस्थान रॉयल्स मैच के बीच में ड्रेसिंग रूप में एक ऐसी चीज का इस्तेमाल करते हुए नजर आए, जो भारत में बीते आधा दशक से ज्यादा समय से बैन है। इतना ही नहीं, यह एक ऐसी हरकत है, जिसे उनके चाहने वाले बिल्कुल पसंद नहीं करेंगे।
दरअसल, राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर में खेले गए मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम में वैपिंग यानी स्मोकिंग करते नजर आए। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि रियान पराग ड्रेसिंग रूम में बैठे हुए हैं और उनके हाथ में ई-सिगरेट है। भारत में ई-सिगरेट पर 2019 में ही बैन लग चुका है। ऐसे में सवाल ये है कि इस तरह की चीजें ड्रेसिंग रूम का हिस्सा कैसे बनीं और अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई उन पर ऐक्शन ले सकता है।
आपको बता दें इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट पर रोक एक्ट (PECA) 2019 के अनुसार, भारत में वेपिंग बैन है और नियम तोड़ने पर जेल और भारी जुर्माना हो सकता है। अब ऐसे में सवाल ये है कि युवाओं के रोल मॉडल अपनी छवि किस तरह से पेश कर रहे हैं और क्या उन पर कोई जुर्माना लगेगा? क्या बीसीसीआई रियान पराग को इस हरकत के लिए कोई सजा देगा? वैसे तो कई बार क्रिकेट के मैच के दौरान ऐसी चीजें सामने आती रही हैं, लेकिन भारत में नियमों को देखते हुए इस पर सख्ती होने की पूरी संभावना है।
मैच की बात करें तो पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 222 रन 4 विकेट खोकर बनाए थे। इसमें 22 गेंदों में 62 रन मार्कस स्टोइनिस ने बनाए थे, जबकि 44 गेंदों में 59 रनों की पारी प्रभसिमरन सिंह ने खेली थी। 14 गेंदों में 30 रन कूपर कोनोली ने बनाए थे और 27 गेंदों में 30 रन श्रेयस अय्यर ने बनाए थे। वहीं, राजस्थान रॉयल्स ने 19.2 ओवर में 228 रन बनाकर मैच 6 विकेट से जीत लिया। 26 गेंदों में 52 रन डोनावैन फरेरा ने बनाए, जबकि 27 गेंदों में 51 रन यशस्वी जायसवाल ने बनाए। 16 गेंदों में 43 रन वैभव सूर्यवंशी बनाकर आउट हुए। 12 गेंदों में 31 रनों की पारी शुभम दुबे ने खेली थी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन