प्रफुल्ल हिंगे ने IPL डेब्यू पर किए दो बड़े कारनामे, इतिहास में ऐसा करने वाले बने छठे भारतीय
प्रफुल्ल हिंगे ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने पहले आईपीएल मैच में चार शिकार किए। 24 वर्षीय तेज गेंदबाज प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) का हिस्सा प्रफुल्ल हिंगे ने सोमवार को राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ कातिलाना गेंदबाज की। उन्होंने अपने पहले आईपीएल मैच में चार ओवर के स्पेल में 34 रन देकर चार विकेट हासिल किए। उन्होंने वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल और लुहान-ड्रे प्रिटोरियस को पहले ओवर में पवेलियन भेजा। तीनों का हैदराबाद के मैदान में खाता नहीं खुला। उन्होंने कप्तान रियान पराग (4) का भी शिकार किया। 24 वर्षीय तेज गेंदबाज को शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड से नवाजा गया। एसआरएच ने 216/6 का स्कोर खड़ा करने के बाद 57 रनों से दमदार जीत हासिल की और आरआर का विजय रथ रोका। आरआर 19 ओवर में 159 रनों पर सिमटी।
प्रफुल्ल हिंगे ने किए दो बड़े कारनामे
प्रफुल्ल हिंगे ने दो बड़े कारनामे अंजाम दिए हैं। वह आईपीएल डेब्यू पर पहले ओवर में तीन विकेट चटकाने वाले इकलौते गेंदबाज हैं। प्रफुल्ल साथ ही आईपीएल इतिहास में डेब्यू पर प्लेयर ऑफ मैच अवॉर्ड जीतने वाले छठे भारतीय बन गए हैं। अवॉर्ड जीतने के बाद प्रफुल्ल से जब पूछा गया कि क्या उन्होंने कभी इस तरह के स्वप्निल डेब्यू के बारे में सोचा था तो गेंदबाज ने कहा, ''मैंने इसके बारे में सोचा था। पिछले साल मैंने कहीं लिखा था कि जब भी मैं अपना पहला मैच खेलूंगा तो चार या पांच विकेट जरूर लूंगा। मैं पावरप्ले में जितना हो सके उतना हावी होना चाहता था।'' उन्होंने कहा, ''मेरा बेस्ट विकेट सूर्यवंशी था, क्योंकि वह फॉर्म में है। मैंने कुछ लोगों को पहले ही बता दिया था कि मैं उसे पहली ही गेंद पर आउट कर दूंगा, या तो बाउंसर से या किसी और तरह से। मैं बस पहली ही गेंद पर उसका विकेट चाहता था। यही प्लान था।''
IPL डेब्यू पर प्लेयर ऑफ द मैच जीतने वाले भारतीय
एस गोस्वामी बनाम डेक्कन चार्जर्स, 2008
पी परमेश्वरन बनाम डेक्कन चार्जर्स, 2011
मनन वोहरा बनाम पुण वॉरियर्स इंडिया, 2013
मयंक यादव बनाम पंजाब किंग्स, 2024
अश्वनी कुमार बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स, 2025
प्रफुल हिंगे बनाम राजस्थान रॉयल्स, 2026
एसआरएच ने आरआर को थमाई पहली हार
मैच की बात करें तो कप्तान ईशान किशन (91) और हेनरिक क्लासन (40 ) के अलावा नीतीश कुमार रेड्डी (28) और सलिल अरोड़ा (नाबाद 24) की पारियों के दम पर हैदराबाद ने विशाल स्कोर खड़ा किया था। महज नौ रन पर पांच विकेट गिरने के बाद डोनोवन फरेरा (44 गेंदों में 69 रन)और रविंद्र जडेजा (32 गेंदों में 45 रन) ने छठे विकेट के लिए 72 गेंदों में 118 रन की साझेदारी कर आरआर को मुकाबले में बनाए रखा था, लेकिन इस साझेदारी के टूटने के साथ ही टीम की उम्मीदें खत्म हो गईं। राजस्थान की यह पांच मैचों में पहली हार है जबकि एसआरएच की इतने ही मैचों में यह दूसरी जीत है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन