IPL 2024 के बाद सफल रन चेज में सबसे ज्यादा रन, श्रेयस अय्यर ने चेज मास्टर विराट कोहली को छोड़ा पीछे
आईपीएल 2026 में गुरुवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ पंजाब किंग्स के सफल रन चेज में श्रेयस अय्यर ने 66 रन का योगदान दिया। IPL 2024 से लेकर अब तक सफल रन चेज में सबसे ज्यादा रन श्रेयस अय्यर के हो गए हैं। उन्होंने इस मामले में चेज मास्टर विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया है।

आईपीएल 2026 में गुरुवार को पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से हराकर पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 195 रन बनाए थे। जवाब में पंजाब ने 21 गेंद बाकी रहते 7 विकेट से मैच जीत लिया। PBKS की तरफ से प्रभसिमरन सिंह ने 80 और कप्तान श्रेयस अय्यर ने 66 रन बनाए। आईपीएल 2024 से अब तक लक्ष्य का सफल पीछा करते हुए सबसे ज्यादा रन के मामले में अय्यर ने चेज मास्टर किंग कोहली को पछाड़ दिया है।
आईपीएल 2024 से लेकर अब तक यानी 16 अप्रैल को हुए MI vs PBKS मुकाबले तक सफल रन चेज में सबसे ज्यादा रन श्रेयस अय्यर के हो गए हैं। उन्होंने इस दौरान 14 पारियों में 621 रन बनाए हैं।
लिस्ट में दूसरे नंबर पर विराट कोहली हैं जिन्होंने 2024 से अब तक आईपीएल में लक्ष्य का सफलता से पीछा करते हुए 11 पारियों में 618 रन बनाए हैं।
जोस बटलर तीसरे और प्रभसिमरन सिंह चौथे नंबर पर हैं। इस दौरान सफल रन चेज में बटलर ने 11 पारियों में 549 और प्रभ ने 14 पारियों में 500 रन बनाए हैं।
प्रभसिमरन सिंह मुंबई इंडियंस के खिलाफ गुरुवार को हुए मैच में पंजाब किंग्स की तरफ से टॉप स्कोरर रहे। उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से पंजाब की जीत की बुनियाद रखी और टीम को मैच जिताने के बाद ही वह वापस लौटे। उन्हें कप्तान श्रेयस अय्यर का भी शानदार साथ मिला।
प्रभसिमरन सिंह ने ने 80 रन की अपनी नाबाद पारी में सिर्फ 39 गेंदों का सामना किया। उन्होंने 11 चौके और 2 छक्के जड़े।
श्रेयस अय्यर ने 66 रन की अपनी पारी के दौरान 35 गेंदों का सामना किया। उन्होंने 5 चौके और 4 छक्के लगाए। प्रभसिमरन और अय्यर की पारियों की वजह से मुंबई इंडियंस के क्विंटन डि कॉक का शतक बेकार चला गया। डि कॉक ने 60 गेंदों में 112 रन की नाबाद पारी खेली थी। उन्होंने 8 चौके और 7 छक्के जड़े थे। आईपीएल 2026 में यह किसी भी बल्लेबाज का दूसरा शतक था। इस सीजन का पहला शतक चेन्नई सुपर किंग्स के संजू सैमसन के बल्ले से आया था।
मुंबई इंडियंस की पारी की बात करें तो क्विंटन डि कॉक के अलावा नमन धीर ने भी शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 31 गेंदों में 50 रन बनाए थे। उन दोनों के अलावा मुंबई का कोई भी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सका। रियान रिकल्टन सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हुए। सूर्यकुमार यादव तो खाता तक नहीं खोल पाए और गोल्डन डक का शिकार हुए। कप्तान हार्दिक पांड्या ने 14, तिलक वर्मा ने 8 और शेरफेन रदरफोर्ड ने सिर्फ 1 रन बनाए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन