मनीष पांडे का ये हैरतअंगेज कैच देख विराट कोहली भी रह गए सन्न! क्या ये था कैच ऑफ द सीजन? देखें वीडियो
मनीष पांडे ने आरसीबी के खिलाफ टिम डेविड का पॉइंट के दिशा में एक ऐसा हैरतअंगेज कैच पकड़ा जिसे देखने के बाद हर कोई हैरान था। नॉन स्ट्राइकर एंड पर खड़े विराट कोहली भी विश्वास नहीं कर पाए। देखें वीडियो-

कोलकाता नाइट राइडर्स को आईपीएल 2026 के 57वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के हाथों 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। विराट कोहली के शतक ने इस मैच में केकेआर को पूरी तरह से बैकफुट पर धकेल दिया था, मगर मैच खत्म होते-होते उनका एक खिलाड़ी सुर्खियां बटौर गया। यह खिलाड़ी और कोई नहीं बल्कि मनीष पांडे है। मनीष पांडे आईपीएल के इतिहास के उन 3 चुनिंदा खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल है, जिन्होंने अभी तक हर सीजन कम से कम एक मैच खेला है। इस लिस्ट में दो और नाम विराट कोहली और रोहित शर्मा के हैं। मनीष पांडे ने आरसीबी के खिलाफ एक ऐसा हैरतअंगेज कैच पकड़ा जिसे देखने के बाद विराट कोहली भी हैरान नजर आए। इसे कैच ऑफ द सीजन भी कहा जा रहा है।
मनीष पांडे ने यह हैरतअंगेज कैच 18वें ओवर में कार्तिक त्यागी की पांचवीं गेंद पर पॉइंट की दिशा में पकड़ा। कार्तिक त्यागी की लेंथ गेंद पर टिम डेविड ने बैकफुट पर कट शॉट खेला। उनका यह शॉट इतना तेज था कि हर किसी को लगा कि गेंद अब सीधा बाउंड्री पर जाकर ही रुकेगी, मगर इतने में ही बीच में मनीष पांडे गेंद की तरफ कूद पड़े। उन्होंने अपनी बाईं ओर डाइव लगाते हुए एक हाथ से कैच पकड़ा। देखने में ऐसा लग रहा था कि गेंद उनसे आगे निकल चुकी है, मगर फिर भी उन्होंने कैच को अंजाम दिया।
मनीष पांडे के इस कैच पर गेंदबाज कार्तिक त्यागी, नॉन स्ट्राइकर एंड पर खड़े विराट कोहली और आरसीबी के डगआउट में बैठा हर खिलाड़ी सन्न रह गया था। अब सभी के रिएक्शन वायरल हो रहे हैं। यहां तक टिम डेविड भी इस कैच पर भरोसा नहीं कर पाए थे। आप भी देखें वीडियो-
कैसा रहा RCB vs KKR मैच?
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) विराट कोहली (नाबाद 105 रन) के नौंवे आईपीएल शतक की मदद से कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को छह विकेट से शिकस्त देकर तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई। पिछले दो मैच में शून्य पर आउट होने वाले कोहली ने 23 रन पर मिले जीवनदान का फायदा उठाते हुए 60 गेंद में 11 चौके और तीन छक्के जड़ित नाबाद शतकीय पारी खेली जिससे आरसीबी ने पांच गेंद रहते चार विकेट पर 194 रन बनाकर सत्र की आठवीं जीत दर्ज की।
कोहली और देवदत्त पडीक्कल (27 गेंद में 37 रन) ने दूसरे विकेट के लिए 92 रन की अहम साझेदारी निभाई। केकेआर ने बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद अंगकृष रघुवंशी (71 रन) की करियर की सर्वश्रेष्ठ अर्धशतकीय पारी और रिंकू सिंह के नाबाद 49 रन की मदद से चार विकेट पर 192 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
इस जीत से आरसीबी 12 मैच में 16 अंक लेकर शीर्ष पर पहुंच गई जबकि केकेआर 11 मैच में नौ अंक से आठवें स्थान पर बरकरार है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन