Mahela Jayawardene Mumbai Indians head coach refused to listen Rohit Sharma claims Harbhajan Singh तो मुंबई इंडियंस फिर हार जाती, ईगो दूर रखें कोच महेला जयवर्धने...रोहित शर्मा को लेकर हरभजन सिंह ने क्यों दी नसीहत?, Ipl Hindi News - Hindustan

तो मुंबई इंडियंस फिर हार जाती, ईगो दूर रखें कोच महेला जयवर्धने...रोहित शर्मा को लेकर हरभजन सिंह ने क्यों दी नसीहत?

हरभजन सिंह ने दावा किया है कि अगर दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में मुंबई इंडियंस के हेड कोच महेला जयवर्धने की चली होती तो टीम फिर हार जाती। उन्होंने कहा कि जयवर्धने रोहित शर्मा की गेंद बदलने की सलाह से सहमत नहीं थे। भज्जी ने यह भी कहा है कि कभी-कभी कोच को अपने ईगो को दूर रखकर काम करना चाहिए।

Tue, 15 April 2025 03:35 PMChandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
तो मुंबई इंडियंस फिर हार जाती, ईगो दूर रखें कोच महेला जयवर्धने...रोहित शर्मा को लेकर हरभजन सिंह ने क्यों दी नसीहत?

'वह कप्तान है। वह हमेशा कप्तान की तरह सोचता है। एक कप्तान हमेशा कप्तान ही होता है और उसकी रणनीति ने ही मुंबई को जिताने में मदद की।' ये शब्द हैं अपने दौर के दिग्गज ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह के। भज्जी ने ये बातें रोहित शर्मा के लिए कही है। रोहित मुंबई इंडियंस के कप्तान नहीं हैं लेकिन अपनी कप्तानी में टीम को 5 बार आईपीएल चैंपियन बना चुके हैं। वह टीम इंडिया के टेस्ट और वनडे के कैप्टन हैं। भज्जी ने अपने यू-ट्यूब चैनल पर ये बातें दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ रविवार को खेले गए मैच में रोहित शर्मा के मास्टरस्ट्रोक की तारीफ करते हुए कही। इतना ही नहीं, उन्होंने मुंबई इंडियंस के हेड कोच महेला जयवर्धने को अपना ईगो दूर रखकर हिटमैन की बातों को गंभीरता से लेने की सलाह दी है।

डगआउट में बैठे-बैठे रोहित शर्मा ने जो मास्टरस्ट्रोक खेला, उससे मैच का पासा ही पलट गया। आखिरकार मुंबई इंडियंस ने टूर्नामेंट में अजेय चली आ रही दिल्ली कैपिटल्स के जीत पर ब्रेक लगा दिया। 12 रनों से जीत हासिल की। हरभजन सिंह अब रोहित शर्मा के उसी मास्टरस्ट्रोक पर फिदा हो गए हैं।

हरभजन सिंह की मुंबई के हेड कोच महेला जयवर्धने को नसीहत

हरभजन सिंह ने अपने यू-ट्यूब चैनल पर एक वीडियो में दावा किया है कि मुंबई इंडियंस के हेड कोच महेला जयवर्धने रोहित शर्मा की बात से सहमत नहीं थे। वह गेंद को बदलने और स्पिनरों को मोर्चे पर लगाने की बात पर आनाकानी कर रहे थे।

IPL 2026 News in Hindi - आईपीएल 2026 न्यूज़,आईपीएल समाचार
read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:MI vs DC: डगआउट में बैठे-बैठे रोहित शर्मा ने कैसे लिख दी दिल्ली की हार की इबारत?
ये भी पढ़ें:VIDEO: बुमराह ने खोया आपा, हुई पिटाई तो नायर से जा भिड़े; रोहित का रिएक्शन वायरल
ये भी पढ़ें:रोहित शर्मा ने DC के खिलाफ 50 छक्के जड़कर रचा इतिहास, एमएस धोनी छूट गए पीछे
ये भी पढ़ें:रोहित शर्मा पर पांड्या गलती कर रहे? अंबाती रायडू और संजय बांगर में तीखी तकरार

हरभजन सिंह ने कहा, 'रोहित शर्मा ने मास्टरस्ट्रोक खेला। उसने हेड कोच महेला जयवर्धने से स्पिनरों को लगाने और कर्ण शर्मा से गेंदबाजी कराने को कहा। महेला जयवर्धने ने रोहित की सुनने से इनकार कर दिया और वह फैसले से सहमत नहीं थे। अगर जयवर्धने जैसा चाहते थे, वैसा ही किया गया होता तो मुंबई इंडियंस इस मैच को भी हार जाती...कभी-कभी कोचों को अपने ईगो को दूर रखकर सोचना चाहिए कि टीम को कैसे फायदा पहुंच सकता है।'

क्या था रोहित शर्मा का मास्टरस्ट्रोक

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 205 रन बनाए। दिल्ली कैपिटल्स शानदार अंदाज में लक्ष्य का पीछा कर रही थी। तीन साल बाद आईपीएल में अपना पहला मैच खेल रहे करुण नायर बिल्कुल विध्वंसक मूड में थे। उन्होंने 22 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया जो आईपीएल में 7 साल बाद उनके बल्ले से आया था। एक समय 12 ओवर में दिल्ली का स्कोर 2 विकेट के नुकसान पर 135 रन था और मैच पूरी तरह उसकी मुट्ठी में दिख रहा था। तभी मुंबई इंडियंस के इम्पैक्ट प्लेयर रोहित शर्मा ने डगआउट में बैठे-बैठे ही खेल कर दिया।

दिल्ली की पारी के 14वें ओवर की शुरुआत से पहले रोहित शर्मा ने डगआउट से गेंदबाज कर्ण शर्मा को निर्देश दिया कि वह गेंद बदलवा ले। आईपीएल के नए नियमों के तहत नाइट गेम में बोलिंग टीम 10 ओवर के बाद गेंद बदल सकती है ताकि ओस का असर को कम किया जा सके।

रोहित शर्मा के संदेश के बाद मुंबई इंडियंस ने दूसरी गेंद ली। ओवर की तीसरी ही गेंद पर करण शर्मा ने खतरनाक दिख रहे केएल राहुल को पवैलियन का रास्ता दिखा दिया। दिल्ली की टीम जो 11 रन प्रति ओवर से ज्यादा के रन से बना रही थी, उसने अगली 24 गेंदों में सिर्फ 22 रन ही बनाए। रही-सही कसर 19वें ओवर में लगातार 3 गेंदों पर 3 रनआउट ने पूरी कर दी। आखिरकार मुंबई इंडियंस ने यह मैच 12 रनों से अपने नाम कर लिया।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।