अजिंक्य रहाणे पर पड़ी दोहरी मार, BCCI ने इस गलती के लिए KKR के कप्तान पर ठोका लाखों का फाइन
KKR के कप्तान अजिंक्य रहाणे को पहले से ही आलोचनाओं का शिकार होना पड़ रहा है और अब बीसीसीआई ने उन पर लाखों का फाइन भी ठोक दिया है। इसके पीछे की वजह ये है कि उनकी टीम ने धीमी ओवर गति बनाए रखी।

IPL 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स यानी केकेआर और टीम के कप्तान अजिंक्य रहाणे की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। केकेआर को अभी तक सीजन की पहली जीत नहीं मिल सकी है। खिलाड़ी चोटिल हो रहे हैं और कई खिलाड़ी पहले ही बाहर हो चुके हैं। अब जब मंगलवार 14 अप्रैल को कोलकाता की टीम आईपीएल के 19वें सीजन का पांचवां मैच खेलने उतरी तो फिर से उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इतना ही नहीं, मैच के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने अजिंक्य रहाणे पर लाखों रुपयों का जुर्माना भी लगा दिया है।
दरअसल, केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे को आईपीएल की आचार संहिता का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया है। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स समय पर अपने 20 ओवर नहीं फेंक पाई थी। एक ओवर सीएसके ने देरी से किया था। इसके लिए पहले तो केकेआर पर मैच में पेनल्टी लगी, जब आखिरी ओवर में एक फील्डर कम उन्हें बाउंड्री लाइन पर रखना पड़ा, जबकि मैच के बाद मैच रेफरी ने उनको स्लो ओवर रेट का दोषी पाया और उन पर 12 लाख रुपये का फाइन लगा दिया गया।
आईपीएल की ओर से जारी मीडिया रिलीज में बताया गया है कि कोलकाता नाइट राइडर्स के कैप्टन अजिंक्य रहाणे पर जुर्माना लगाया गया है, क्योंकि उनकी टीम ने चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मैच नंबर 22 के दौरान धीमी ओवर-रेट बनाए रखी, क्योंकि यह IPL के कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 के तहत इस सीजन में उनकी टीम का पहला उल्लंघन था, जो मिनिमम ओवर-रेट अपराधों से संबंधित है। इस वजह से अजिंक्य रहाणे पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
अब फाइन डबल हो जाएगा
आपकी जानकारी के लिए बता दें, इस बार तो सिर्फ कप्तान अजिंक्य रहाणे पर फाइन लगा है, लेकिन सीजन में आगे केकेआर की टीम स्लो ओवर रेट की दोषी पाई गई तो फिर कप्तान समेत पूरी टीम पर भारी जुर्माना लगेगा। कप्तान पर अगली बार 24 लाख रुपये का फाइन लगेगा, जबकि प्लेइंग इलेवन के साथ-साथ इम्पैक्ट प्लेयर पर मैच फीस का 25-25 फीसदी जुर्माना या फिर 6-6 लाख रुपये का फाइन बीसीसीआई ठोकेगी। ऐसे में केकेआर की टीम अब फूंक-फूंककर कदम रखेगी। केकेआर की टीम पांच में से चार मैच अब तक हार चुकी है। एक पॉइंट केकेआर के खाते में है, क्योंकि पंजाब किंग्स के खिलाफ उनका मैच बारिश में धुल गया था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन