Ishan Kishan should continue as SRH captain even after Pat Cummins return Harbhaja and Bangar raise demand IPL 2026 पैट कमिंस की वापसी के बाद भी ईशान किशन करें SRH की कप्तानी; दिग्गजों ने उठाई मांग, Ipl Hindi News - Hindustan

पैट कमिंस की वापसी के बाद भी ईशान किशन करें SRH की कप्तानी; दिग्गजों ने उठाई मांग

ईशान किशन ने आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी करते हुए काफी प्रभावित किया है। टीम फिलहाल पॉइंट्स टेबल में तीसरे पायदान पर है। अब हरभजन सिंह और संजय बांगड़ जैसे दिग्गज तो पैट कमिंस की वापसी के बाद भी ईशान किशन को ही एसआरएच का कप्तान बनाए रखे जाने की मांग की है।

Wed, 22 April 2026 02:01 PMChandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली, भाषा
share
पैट कमिंस की वापसी के बाद भी ईशान किशन करें SRH की कप्तानी; दिग्गजों ने उठाई मांग

आईपीएल 2026 में ईशान किशन की अगुआई में सनराइजर्स हैदराबाद शानदार प्रदर्शन कर रही है। नियमित कप्तान पैट कमिंस चोट की वजह से शुरुआती मैचों में नहीं खेले और उनकी गैरमौजूदगी में ईशान टीम की कमान संभाल रहे थे। अब कमिंस चोट से उबर गए हैं। इस बीच हरभजन सिंह और टीम इंडिया के पूर्व बैटिंग कोच संजय बांगड़ जैसे दिग्गजों ने ईशान की कप्तानी का समर्थन किया है।दोनों ने कहा है कि पैट कमिंस की वापसी के बाद भी ईशान किशन को ही सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी करनी चाहिए।

पीठ की चोट की वजह से पैट कमिंस शुरुआती मैचों से रहे बाहर

कमिंस अपनी पीठ के निचले हिस्से में दर्द के कारण टी20 विश्व कप में नहीं खेल पाए थे और उन्हें इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मौजूदा सत्र के शुरुआती मैचों से भी बाहर रहना पड़ा था। वह राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ शनिवार को जयपुर में होने वाले मैच में वापसी कर सकते हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ईशान ने इस खिलाड़ी को दिया मैच का पूरा क्रेडिट, बोले- आपके पास कहने के लिए…
IPL 2026 News in Hindi - आईपीएल 2026 न्यूज़,आईपीएल समाचार

हरभजन सिंह ने बताया क्यों ईशान किशन ही रहे कप्तान

जियोहॉटस्टार की 'चैंपियंस वाली कॉमेंट्री' पर हरभजन सिंह ने बताया कि क्यों पैट कमिंस की वापसी के बाद भी सनराइजर्स हैदराबाद को ईशान किशन को ही कप्तान बनाए रखना चाहिए।

भज्जी ने कहा, 'अगर पैट कमिंस वापसी करते हैं तब भी ईशान किशन को ही सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी करनी चाहिए। इस फैसले पर बहस हो सकती है लेकिन अगर टीम एक यंग लीडर का समर्थन करती है तो उन्हें उसके साथ टिके रहना चाहिए। कमिंस ने हैदराबाद को 2024 के फाइनल में पहुंचाने में मदद की थी, इसमें कोई संदेह नहीं है। लेकिन टीम किशन की अगुआई में अच्छा प्रदर्शन कर रही है। गेंदबाजों और दूसरे खिलाड़ियों ने उसके साथ अच्छा समन्वय स्थापित किया है। ईशान को कप्तान बनाए रखने से सनराइजर्स हैदराबाद को फायदा पहुंचेगा।'

पैट कमिंस भले ही वापसी कर लें, लेकिन कप्तान ईशान ही रहें: बांगड़

दूसरी तरफ भारत के पूर्व बल्लेबाजी कोच संजय बांगड़ ने भी ईशान किशन को ही कप्तान बनाए रखने का समर्थन किया है। उन्होंने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा, ‘एक कप्तान के तौर पर ईशान किशन ने दिखाया कि वह अपने गेंदबाजों का इस्तेमाल करने के मामले में रणनीतिक रूप से बहुत कुशल हैं। उन्हें पता है कि किस बल्लेबाज के खिलाफ किस गेंदबाज का इस्तेमाल करना है। इससे स्पष्ट होता है वह खेल की कितनी अच्छी समझ रखते हैं। वह दबाव में नहीं आते, जल्दबाजी नहीं करते और मैदान पर सही फैसले ले रहे हैं।’

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ऑरेंज कैप की रेस में अभिषेक शर्मा बने नंबर-1, ईशान टॉप 5 की दहलीज पर पहुंचे

उन्होंने कहा, ‘दिल्ली के खिलाफ जिस तरह से उन्होंने अपने स्पिनरों का इस्तेमाल किया, वह प्रभावशाली था। इसलिए मेरा मानना ​​है कि भले ही पैट कमिंस वापसी कर लें, ईशान किशन को ही सनराइजर्स की कप्तानी करनी चाहिए।’

बांगड़ ने कहा, ‘अमूमन देखा गया है कि भारतीय कप्तान होने से टीम को स्थिरता मिलती है। पैट कमिंस जैसे काबिल गेंदबाज की हाल की चोटों को देखते हुए यह कहना मुश्किल है कि वह आईपीएल के बाकी मैचों में कितने फिट रहेंगे।’

उन्होंने कहा कि किशन को ही कप्तान बनाए रखना सनराइजर्स के सर्वोत्तम हित में होगा।

बांगड़ ने कहा, ‘ईशान को कप्तान बनाए रखने से खिलाड़ियों को भी अपले प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखने में मदद मिलेगी। मुझे लगता है कि हैदराबाद के लिए यही सही होगा।’

ईशान किशन ने खोला अपनी कामयाबी का राज

इस बीच ईशान किशन ने कहा कि उनकी सफलता का राज असफलता के भय पर काबू पाना, आगे बढ़ते रहना और मैचों के बीच टीम को नए सिरे से आगे के लिए तैयार करना है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अगली बार मेरे पिता को कैमरे पर दिखाइए; मैच के बाद अभिषेक शर्मा ने की खास गुजारिश

किशन ने कहा, ‘इस स्तर पर, कौशल का स्तर काफी हद तक समान होता है। असली अंतर मानसिकता में आता है। मेरे लिए यह महत्वपूर्ण था कि मैं मैचों के बीच खुद को नए सिरे से कैसे तैयार करूं।’

उन्होंने कहा, ‘लगातार ध्यान केंद्रित रखना, जीतने की ललक रखना और मानसिक रूप से वर्तमान में रहना ही सफलता की कुंजी है। आप असफलता के डर को मन में नहीं पाल सकते। अगर ऐसा विचार मन में आए, तो उसे दूर करके सकारात्मक रहना होगा।’

किशन ने कहा कि उनके गेंदबाजों के साथ उनका विशेष रिश्ता है।

उन्होंने कहा, ‘गेंदबाजों के साथ मेरा रिश्ता चीजों को सरल और सकारात्मक रखने पर आधारित है। साकिब हुसैन जैसे गेंदबाज के साथ मेरी स्वाभाविक समझ है और मैंने उनसे कहा है कि वे शांत रहें। यह टी20 क्रिकेट है। इसमें प्रत्येक गेंदबाज की धुनाई होती है। मायने यह रखता है कि आप उससे कैसे उबरते हैं।’

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।