21 साल तक रिटायर हो सकता है, माइकल वॉन ने वैभव सूर्यवंशी के करियर को लेकर दिया बड़ा बयान
पूर्व इंग्लिश क्रिकेटर माइकल वॉन और फिल टफनल ने कहा है कि वैभव सूर्यवंशी 21 साल की उम्र तक रिटायर हो सकता है। वॉन का मानना है कि तब तक उनके पास काफी रुपये हो जाएंगे।

युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अपने प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा है। 15 साल के वैभव को लेकर क्रिकेट जगत तरह-तरह की बातें कर रहा है। कईयों का मानना है कि उन्हें तुरंत भारतीय टीम में मौका मिलना चाहिए तो वहीं कुछ ने उनके बैट में चिप होने तक का दावा कर दिया है। इस बीच इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर्स ने एक शो के दौरान 6 साल बाद तक की भविष्यवाणी कर दी है और कहा कि 21 साल के होने तक वैभव सूर्यवंशी संन्यास ले सकते हैं। आईपीएल के 19वें सीजन में वैभव अब तक सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाले खिलाड़ी हैं।
‘स्टिक टू क्रिकेट’ पॉडकास्ट के हालिया एपिसोड में माइकल वॉन, फिल टफनल, एलिस्टर कुक और डेविड लॉयड ने क्रिकेट जगत के कई मुद्दों पर चर्चा की। इस शो में आईपीएल को लेकर भी बातचीत हुई, जिसमें वैभव सूर्यवंशी के बारे में भी दिग्गजों ने अपनी राय दी। माइकल वॉन ने कहा, ''क्रिस गेल के नाम आईपीएल में सबसे तेज शतक है। (30 गेंद में)। इस बच्चे ने 35 गेंद में पहले ही शतक जड़ दिया है। एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अभिषेक शर्मा के नाम है। अभिषेक ने 2024 में 42 छक्के लगाए हैं। ये 37 छक्के लगा चुका है।''
एलिस्टर कुक से पूछा गया कि क्या वैभव सूर्यवंशी मौजूदा समय में वर्ल्ड क्रिकेट में छक्का मारने वाला सबसे बेहतरीन बल्लेबाज है, इस पर पूर्व क्रिकेटर ने कहा, ''बिल्कुल हां। लेकिन वो कितने में गया था? उन्होंने उसे 14 साल की उम्र में साइन क्यों किया था? मुझे लगा था कि उसने दो साल का डील साइन किया है। अगले साल ऑक्शन में वो कितने में जाएगा? क्या होगा अगर वो कह दे कि वो वापस ऑक्शन में जाना चाहता है?”
21 तक रिटायर हो सकता है
माइकल वॉन युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को जुलाई में भारत की ओर से इंग्लैंड दौरे पर खेलने हुए देखना चाहते हैं। हालांकि वह कुक के नीलामी वाले बयान से सहमत नहीं दिखे और उनका मानना है कि राजस्थान रॉयल्स युवा बल्लेबाज को आसानी से नहीं जाने देगा। उन्होंने कहा, ''मुझे नहीं लगता वो उसे वहां (नीलामी) जाने देंगे। लेकिन पूरी तरह निश्चिंत रहिए, वह उस आयरलैंड टूर पर जरूर जाएगा। उसे उस टीम में शामिल होना चाहिए।”
इस बीच फिल टफनल ने मजाक में कहा कि वैभव सूर्यवंशी जिस रफ्तार से चल रहे वह शायद 21 साल तक संन्यास ले सकते हैं। उन्होंने कहा, ''वो 21 साल की उम्र तक बर्नआउट हो सकता है।'' इस पर शो में बैठे सब हंसते हुए दिखे। माइकल वॉन ने कहा, '' तब तक उसके पास काफी पैसे जमा हो जाएंगे। रिटायरमेंट ले सकता है।”
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन