वैभव सूर्यवंशी मेरा नया फेवरेट खिलाड़ी, 15 साल के बच्चे के फैन क्यों बने कप्तान पैट कमिंस?
पैट कमिंस ने 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को अपना नया फेवरेट खिलाड़ी बताया है। सूर्यवंसी ने सनराइर्स हैदराबाद के खिलाफ शानदार शतकीय पारी खेली। कमिंस हैदराबाद टीम के कप्तान हैं।

वैभव सूर्यवंशी को अपनी शानदार बल्लेबाजी के कारण एक नया प्रशंसक मिल गया है और यह कोई और नहीं बल्कि ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस हैं जो इस 15 वर्षीय खिलाड़ी के बल्लेबाजी के तरीके से बेहद प्रभावित हैं। राजस्थान रॉयल्स (आरआर) की तरफ से खेलने वाले युवा बल्लेबाज सूर्यवंशी ने अपने प्रदर्शन से क्रिकेट जगत में तहलका मचा दिया है। उन्होंने कमिंस की अगुवाई वाली सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ 37 गेंद में 103 रन बनाए जो उनका आईपीएल में दूसरा शतक है। इसके बावजूद हालांकि उनकी टीम को हार का सामना करना पड़ा। आरआर ने छह विकेट पर 228 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। एसआरएच ने राजस्थान की खराब फील्डिंग का फायदा उठाते हुए 18.3 ओवर में पांच विकेट पर 229 रन बनाकर अपनी पांचवीं जीत दर्ज की।
'वैभव सूर्यवंशी मेरा नया फेवरेट खिलाड़ी है'
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप और वनडे वर्ल्ड कप विजेता ऑस्ट्रेलियाई कप्तान कमिंस ने शनिवार को मैच के बाद कहा, ''हां, मुझे लगता है कि वह मेरा नया पसंदीदा खिलाड़ी है। वह गेंद पर जोर से प्रहार करता है। उसे खेलते हुए देखने में मजा आता है।'' सूर्यवंशी ने अपने करियर की जिस तरह की शुरुआत की है, उससे कमिंस काफी प्रभावित हैं। उन्होंने कहा, ''एक गेंदबाज के रूप में आपको सटीक गेंदबाजी करनी होती है क्योंकि अगर आप ऐसा नहीं करते हैं तो आपको इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। वह बेहद प्रभावशाली बल्लेबाज है। उसने अपने करियर की शानदार शुरुआत की है और मुझे उसका खेलने का तरीका बहुत पसंद है।''
‘यह कोई टेस्ट मैच नहीं है जहां पिच सपाट होने…’
पिच हालांकि सपाट हैं जिन पर बल्लेबाजों की तूती बोल रही है, लेकिन कमिंस का मानना है कि जब तक ऐसी पिचें टी20 मैचों तक ही सीमित हैं तब तक उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा, ''मुझे लगता है कि यही स्थिति है। विकेट भले ही सपाट हों, लेकिन यह केवल 20 ओवर का मैच है। यह कोई टेस्ट मैच नहीं है जहां पिच सपाट होने पर खिलाड़ी पांच दिन बल्लेबाजी कर रहा हो। इसलिए मुझे इससे कोई दिक्कत नहीं है।'' कमिंस का मानना है कि इस तरह की पिचें गेंदबाजों की परीक्षा लेती हैं और इस तरह के टूर्नामेंट के लिए पांच शीर्ष गेंदबाजों की जरूरत पड़ती है। उन्होंने कहा, ''हमने अपनी टीम को इस तरह से तैयार किया है कि हम बल्लेबाजी में बड़े स्कोर बनाने की कोशिश करें और गेंदबाज कम से कम रन दें। मुझे लगता है कि इस तरह की परिस्थितियों में आपको पांच अच्छे गेंदबाजों की जरूरत होती है।''
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन